सल्फेट-फ्री शैम्पू पर स्विच करने की सोच रहे हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया बालों पर क्या होगा असर
डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, सल्फेट वाले शैम्पू का इस्तेमाल बंद करने पर आपके बालों पर अलग-अलग तरह के असर हो सकते हैं। ...और पढ़ें

क्या होता है जब आप बालों में 'सल्फेट वाले शैम्पू' का इस्तेमाल बंद कर देते हैं? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सल्फेट असल में बहुत ही हार्श क्लींजर होते हैं, जो बालों से तेल, गंदगी और केमिकल को पूरी तरह से निकाल देते हैं। इसलिए, जब आप सल्फेट वाले शैम्पू को छोड़ते हैं, तो आपके स्कैल्प और बालों को एक नए माहौल में ढलने में थोड़ा वक्त लगता है।
आइए, नई दिल्ली के एलांटिस हेल्थकेयर की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (MBBS, MD) से जानते हैं कि जब आप अपने बालों पर सल्फेट वाले शैम्पू का इस्तेमाल बंद करते हैं, तो कौन-से हेयर टाइप पर इसका क्या असर देखने को मिलता है।

(Image Source: Freepik)
ऑयली बालों पर असर
अगर आपके बाल जल्दी चिपचिपे हो जाते हैं, तो शुरुआत में सल्फेट-फ्री शैम्पू इस्तेमाल करने पर आपको अपना सिर और ज्यादा ऑयली लग सकता है। इसकी वजह यह है कि सल्फेट आपके बालों का सारा नेचुरल ऑयल छीन लेता था, जिसकी भरपाई के लिए आपकी स्किन और ज्यादा ऑयल प्रोडक्शन करने लगती थी, लेकिन अब आपको घबराने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि कुछ ही हफ्तों में स्कैल्प का ऑयल प्रोडक्शन बैलेंस हो जाएगा और आपके बाल पहले से कम चिपचिपे रहने लगेंगे।
रूखे और डैमेज बालों के लिए वरदान
अगर आपके बाल सूखे हैं या जल्दी टूटते हैं, तो सल्फेट-फ्री शैम्पू पर आना आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। ये नए शैम्पू बालों के साथ बहुत नरमी से पेश आते हैं और उनकी कुदरती नमी को उड़ने नहीं देते। धीरे-धीरे आपके बाल ज्यादा मुलायम और चमकदार हो जाएंगे, उनका टूटना कम होगा और उलझन की समस्या भी दूर हो जाएगी।
खबरें और भी

(Image Source: Freepik)
घुंघराले बालों में आएगी नई जान
कर्ली बालों वाले लोगों को सल्फेट छोड़ने के सबसे बेहतरीन नतीजे देखने को मिलते हैं। घुंघराले बालों को अपनी शेप बनाए रखने के लिए नेचुरल ऑयल की सख्त जरूरत होती है। सल्फेट-फ्री शैम्पू इस ऑयल को सिक्योर रखते हैं, जिससे आपके कर्ल्स ज्यादा बाउंसी, हाइड्रेटेड और बहुत खूबसूरत नजर आते हैं।
पतले बालों के लिए थोड़ी चुनौती
पतले बालों वाले लोगों के लिए शैम्पू बदलने का यह सफर थोड़ा उलझन भरा हो सकता है। चूंकि सल्फेट-फ्री शैम्पू बालों को बहुत गहराई से साफ नहीं करते, इसलिए आपके बाल थोड़े चपटे या भारी-भारी से लग सकते हैं। इस परेशानी से बचने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप ऐसे सल्फेट-फ्री शैम्पू का चुनाव करें जो फॉर्मूले में बहुत लाइटवेट हों, ताकि बालों का घनापन और बाउंस बरकरार रहे।

(Image Source: Freepik)
भले ही सल्फेट वाले शैम्पू को छोड़ने के शुरुआती दिनों में आपको कुछ अजीब बदलाव महसूस हों, लेकिन अगर लंबे समय की बात करें, तो इसके अनगिनत फायदे हैं। यह न सिर्फ आपके स्कैल्प को हेल्दी बनाता है, बल्कि बालों की नमी को भी सही बैलेंस में रखता है, जो लगभग हर तरह के हेयर टाइप के लिए बेहद जरूरी है।