सावन व्रत के लिए घर पर बनाएं 'बादाम-राजगिरा के लड्डू', दिनभर फुल रहेगी एनर्जी; बेहद आसान है रेसिपी
सावन व्रत के दौरान शरीर में एनर्जी बनाए रखने के लिए बादाम और राजगिरा के लड्डू एक बेहतरीन फलाहारी ऑप्शन हैं। ...और पढ़ें

सावन व्रत में दिनभर एनर्जी के लिए बनाएं पौष्टिक 'बादाम राजगिरा लड्डू' (Image Source: AI-Generated)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सावन का पवित्र महीना चल रहा है और इस दौरान व्रत के समय अक्सर शरीर में एनर्जी की कमी महसूस होने लगती है। ऐसे में हमें ऐसी चीजों की जरूरत होती है जो न सिर्फ फलाहारी हों, बल्कि शरीर को तुरंत ताकत भी दें।
अगर आप भी व्रत में बार-बार लगने वाली भूख और थकान से बचना चाहते हैं, तो हम आपके लिए लाए हैं बादाम और राजगिरा के लड्डू की एक खास रेसिपी। बता दें, राजगिरा को व्रत के लिए बहुत शुद्ध माना जाता है और बादाम आपके दिमाग और शरीर दोनों को चुस्त रखता है। आइए जानते हैं इनके लड्डू बनाने का सबसे आसान तरीका।
लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इन्हें बनाने के लिए आपको अपनी रसोई में मौजूद कुछ बहुत ही आम चीजों की जरूरत पड़ेगी:
- राजगिरा का आटा: 1 कप
- बादाम: आधा कप (बारीक कटे हुए या दरदरे पिसे हुए)
- गुड़: तीन चौथाई कप (आप चाहें तो चीनी के पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं)
- शुद्ध देसी घी: एक चौथाई कप
- इलायची पाउडर: आधा छोटी चम्मच
- काजू और पिस्ता: 2 चम्मच (बारीक कटे हुए, गार्निशिंग के लिए)
लड्डू बनाने की आसान विधि
इन फलाहारी लड्डुओं को बनाना इतना आसान है कि कोई भी इन्हें झटपट तैयार कर सकता है। बस इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें 2-3 चम्मच देसी घी डालें। घी के पिघलने पर इसमें राजगिरा का आटा डाल दें। धीमी आंच पर इसे लगातार चलाते हुए हल्का भूरा होने तक भूनें। जब आटे से सौंधी-सौंधी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें और आटे को एक बड़ी प्लेट में निकाल लें।
- अब उसी कड़ाही में थोड़ा सा घी और डालें। इसमें बारीक कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता डालकर 1-2 मिनट तक हल्का सा भून लें। इससे मेवों का स्वाद और क्रंच दोगुना हो जाता है। इन्हें भी भुने हुए आटे वाली प्लेट में निकाल लें।
- अगर आप गुड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो कड़ाही में गुड़ और 2 चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर पिघला लें। ध्यान रहे, हमें इसकी चाशनी नहीं बनानी है, बस गुड़ को अच्छे से पिघलाना है।
- अब भुने हुए आटे और मेवे के मिश्रण में इलायची पाउडर डालें। फिर ऊपर से पिघला हुआ गर्म गुड़ या चीनी का पाउडर डालकर चम्मच की मदद से सब कुछ अच्छी तरह मिला लें।
- जब यह मिश्रण छूने लायक हल्का गर्म रह जाए, तब अपने हाथों पर थोड़ा सा घी लगाएं। अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर उसे गोल-गोल लड्डुओं का आकार दें।
- ध्यान रहे, लड्डू हमेशा मिश्रण के हल्के गर्म रहने पर ही बांधें, वरना बाद में ये बिखरने लगेंगे। वहीं, अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लग रहा हो, तो आप ऊपर से 1-2 चम्मच गर्म घी और मिला सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बाजार से क्यों लाना, जब साबूदाना और आलू से घर पर ही बन सकते हैं व्रत वाले चिप्स; इस सावन जरूर करें ट्राई