रोज की दाल-सब्जी से हो गए हैं बोर? ट्राई करें ये चटपटा आलू-टमाटर का चोखा, आसान है रेसिपी
हर दिन वही दाल, चावल और सब्जी खाकर कभी-कभी हमारा मुंह बेस्वाद हो जाता है। अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है, तो यहां दी गई रेसिपी आपको अपने किचन में जरूर ट्राई करनी चाहिए।

मुंह में पानी ला देगा ये ढाबा स्टाइल आलू-टमाटर का चोखा (Image Source: AI-Generated)
HighLights
यूपी-बिहार का मशहूर आलू-टमाटर चोखा
स्मोकी फ्लेवर और कच्चे सरसों तेल की खुशबू
झटपट बनने वाली आसान और स्वादिष्ट रेसिपी
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कभी-कभी मन करता है कि कुछ ऐसा खाया जाए जो झटपट बन भी जाए और जिसका स्वाद जुबान से न उतरे। अगर आप भी कुछ ऐसा ही सोच रहे हैं, तो आलू-टमाटर का चोखा आपके लिए एकदम सही ऑप्शन है।
यह यूपी-बिहार की एक बहुत ही मशहूर डिश है। इसे बनाने में न तो ज्यादा समय लगता है और न ही बहुत सारे मसालों की जरूरत होती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका स्मोकी फ्लेवर और कच्चे सरसों के तेल की खुशबू है। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान रेसिपी।
चोखा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- उबले हुए आलू: 3 से 4
- टमाटर: 2 बड़े (लाल और पके हुए)
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- लहसुन: 4-5 कलियां (बारीक कटी हुई)
- हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई, या अपने स्वादानुसार)
- सरसों का तेल: 1 बड़ा चम्मच (कच्चा तेल ही चोखे को असली स्वाद देता है)
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- नमक: स्वादानुसार
- नींबू का रस: आधा चम्मच (अगर आपको थोड़ा ज्यादा खट्टा पसंद हो)
चोखा बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले गैस पर एक जाली रखें और उस पर दोनों टमाटरों को मध्यम आंच पर भून लें। टमाटरों को बीच-बीच में घुमाते रहें ताकि वे हर तरफ से अच्छे से सिक जाएं। जब इनका छिलका काला पड़ने लगे और टमाटर अंदर से नरम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें।
- टमाटर जब छूने लायक ठंडे हो जाएं, तो उनका जला हुआ छिलका हल्के हाथों से उतार लें। भुने हुए टमाटर चोखे में एक बेहतरीन सोंधापन लाते हैं।
- अब एक बड़े बर्तन में उबले हुए आलू और भुने हुए टमाटर डालें। इन्हें अपने हाथों या पोटैटो मैशर की मदद से अच्छी तरह से मैश कर लें। ध्यान रहे, इसका पेस्ट बिल्कुल बारीक न बनाएं। इसमें आलू-टमाटर के थोड़े-थोड़े टुकड़े रहने दें, तभी चोखे का असली मजा आता है।
- अब इस मिश्रण में बारीक कटा हुआ प्याज, लहसुन, हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें। बता दें, चोखे की जान होता है कच्चा सरसों का तेल। इसमें एक चम्मच कच्चा सरसों का तेल और अपने स्वादानुसार नमक मिलाएं। चटपटेपन को और बढ़ाने के लिए आप इसमें नींबू का रस भी डाल सकते हैं।
- अब इन सभी चीजों को चम्मच या हाथों की मदद से अच्छी तरह मिला लें। आपका तीखा, चटपटा और स्मोकी फ्लेवर वाला आलू-टमाटर का चोखा खाने के लिए बिल्कुल तैयार है। इसे आप गरमागरम रोटी, पराठे, सत्तू की लिट्टी या फिर दाल-चावल के साथ मजे से खा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- रूटीन स्नैक्स से हो गए हैं बोर? शाम की चाय के साथ बनाएं ये क्रिस्पी 'सूजी रिंग्स', आसान है रेसिपी
