रूटीन स्नैक्स से हो गए हैं बोर? शाम की चाय के साथ बनाएं ये क्रिस्पी 'सूजी रिंग्स', आसान है रेसिपी
शाम की चाय का मजा तब और दोगुना हो जाता है, जब उसके साथ खाने के लिए कुछ कुरकुरा और मजेदार हो।

शाम को कुछ चटपटा और नया खाने का है मन? (Image Source: AI-Generated)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रोजाना वही बिस्किट, नमकीन या रस्क खाकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो अब वक्त है कुछ नया ट्राई करने का। आज हम आपके लिए लेकर आए हैं सूजी रिंग्स की एक बेहद ही शानदार और झटपट बनने वाली रेसिपी।
जी हां, यह स्नैक बाहर से जितना क्रिस्पी होता है, अंदर से उतना ही सोफ्ट और टेस्टी लगता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से कुछ खास लाने की जरूरत नहीं है, सारा सामान आपकी रसोई में ही आसानी से मिल जाएगा।
सूजी रिंग्स बनाने के लिए सामग्री
- सूजी: 1 कप
- पानी: 1.5 कप
- उबले हुए आलू: 2 (अच्छे से मैश किए हुए)
- जीरा: 1 छोटी चम्मच
- चिली फ्लेक्स (कुटी हुई लाल मिर्च): 1 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- नमक: स्वादानुसार
- हरा धनिया: 2 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- तेल: तलने के लिए और थोड़ा सा आटे में मिलाने के लिए
सूजी रिंग्स बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक कड़ाही या पैन में पानी गर्म करें। इसमें थोड़ा सा तेल, नमक, जीरा और चिली फ्लेक्स डाल दें। जब पानी में उबाल आने लगे, तो गैस धीमी कर दें और धीरे-धीरे सूजी डालते हुए लगातार चलाते रहें ताकि इसमें गाठें न पड़ें।
- जब सूजी सारा पानी सोख ले और हलवे की तरह गाढ़ी हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इसे एक बर्तन में निकालें और हल्का ठंडा होने दें।
- अब इस हल्की गर्म सूजी में मैश किए हुए उबले आलू, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे हाथों से मलकर एक चिकना आटा तैयार कर लें। अगर यह हाथों में चिपक रहा हो, तो थोड़ा-सा तेल लगा लें।
- आटे की एक बड़ी लोई लें और उसे बेलन से हल्का मोटा बेल लें। अब एक कटोरी या बड़े ढक्कन की मदद से गोल आकार काट लें। इसके बाद, एक छोटे ढक्कन की मदद से उस गोल आकार के बीच में भी एक छोटा कट लगाएं, जिससे यह बिल्कुल 'रिंग' या डोनट जैसा दिखने लगे। इसी तरह सारे आटे से रिंग्स तैयार कर लें।
- अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल के अच्छे से गर्म होने पर गैस को मीडियम कर दें और एक-एक करके सूजी रिंग्स को तेल में डालें। इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें।
- आपके गरमा-गरम और क्रिस्पी सूजी रिंग्स बनकर बिल्कुल तैयार हैं। इन्हें एक प्लेट में निकालें और अपनी पसंदीदा टोमेटो केचप या हरी चटनी के साथ सर्व करें।
यह भी पढ़ें- बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आएगा ये टेस्टी आलू-प्याज उत्तपम, बनाने का तरीका भी है एकदम सिंपल
