ढाबा स्टाइल शाही पनीर बनाने की रेसिपी: कुकिंग की तारीफ करते बिल्कुल नहीं थकेंगे लोग
अक्सर हम सोचते हैं कि आखिर उस ढाबे वाले की कड़ाही में ऐसा कौन सा जादू होता है जो हमारे किचन में नहीं है? क्या वो कोई खास मसाला डालते हैं? जवाब है- नही ...और पढ़ें

हलवाई स्टाइल शाही पनीर बनाने का ये राज जान लिया, तो होटल का खाना भूल जाएंगे आप (Image Source: AI-Generated)
HighLights
काजू से ग्रेवी को गाढ़ा और क्रीमी बनाएं
प्यूरी को छानने से ग्रेवी स्मूथ बनती है
क्रीम और कसूरी मेथी से शाही स्वाद आता है
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपको भी लगता है कि घर पर बना पनीर, उस 'ढाबे वाले पनीर' जैसा मखमली और टेस्टी नहीं बनता? अक्सर हम वही मसाले डालते हैं, मगर फिर भी स्वाद में कुछ कमी रह जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा है, तो इस आर्टिकल को पढ़ने के बाद आपकी यह शिकायत दूर होने वाली है।
जी हां, यहां हम आपको बताएंगे ढाबा स्टाइल 'शाही पनीर' बनाने की आसान रेसिपी, जिसका स्वाद इतना 'शाही' है कि लोग यकीन नहीं करेंगे कि इसे आपने घर पर बनाया है।

(Image Source: AI-Generated)
शाही पनीर का असली राज
शाही पनीर का मतलब ही है- रॉयल। इसमें प्याज-टमाटर को भूनकर नहीं, बल्कि एक अलग तरीके से पकाया जाता है ताकि ग्रेवी बिल्कुल रेशम जैसी मखमली बने।
सबसे पहले, एक कड़ाही में मोटे कटे हुए 2 प्याज, 3 टमाटर, 1 इंच अदरक का टुकड़ा, 4-5 लहसुन की कलियां और सबसे जरूरी चीज- 10 से 12 काजू डालें। इसमें एक गिलास पानी डालें और 10-15 मिनट तक उबलने दें। काजू ही वह जादुई चीज है जो आपकी सब्जी को वो गाढ़ापन और मिठास देगा।
पढ़ें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
- जब प्याज-टमाटर उबल कर नरम हो जाएं, तो उन्हें ठंडा करके मिक्सी में पीस लें। अब आती है सबसे जरूरी टिप: इस पेस्ट को एक छलनी से छान लें। ढाबे वाली ग्रेवी इतनी स्मूथ इसलिए होती है क्योंकि वे उसे छानते हैं। टमाटर के छिलके और बीज निकल जाएंगे और आपको मिलेगी एक मखमली प्यूरी।
- अब कड़ाही में थोड़ा तेल और ढेर सारा मक्खन गर्म करें। इसमें एक तेजपत्ता, एक दालचीनी और थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च डालें (मिर्च तेल में डालने से रंग बहुत प्यारा आता है)। अब तुरंत अपनी तैयार की हुई प्यूरी इसमें डाल दें।
- इसके बाद ग्रेवी को ढककर 5-7 मिनट पकने दें। अब इसमें नमक, आधा चम्मच चीनी (शाही पनीर हल्का मीठा होता है), और गरम मसाला डालें।
- अब बारी है 'स्टार प्लेयर' की- जो है फ्रेश क्रीम या घर की मलाई। 2 बड़े चम्मच मलाई को फेंटकर ग्रेवी में डालें। ग्रेवी का रंग तुरंत एक प्यारे संतरी-पीले रंग में बदल जाएगा। आखिर में, हाथ से रगड़कर थोड़ी-सी कसूरी मेथी डालें। कसूरी मेथी की खुशबू ही बताती है कि सब्जी ढाबे वाली बनी है।
- पनीर के टुकड़े ग्रेवी में डालें और सिर्फ 2 मिनट पकाएं। ज्यादा पकाने से पनीर रबड़ जैसा हो जाता है। फिर, गैस बंद करें और ऊपर से थोड़ा हरा धनिया और क्रीम डालकर सजाएं। इसे बटर नान या जीरा राइस के साथ गरमा-गरम परोसें। पहली ही बाइट लेते ही आपके मेहमान या घरवाले आपकी कुकिंग के दीवाने हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- आलू-गोभी सब भूल जाएंगे, अगर एक बार बना लिया स्पेशल 'मखाना पराठा'; रेसिपी है बेहद आसान