Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिर्फ 3 चीजों से घर पर बनाएं मुंह में घुल जाने वाली मैंगो बर्फी, बिना मावा के आएगा लाजवाब स्वाद

    Updated: Mon, 15 Jun 2026 12:09 PM (IST)

    इस आर्टिकल में आप घर पर बिना मावा के स्वादिष्ट मैंगो बर्फी बनाने की आसान विधि के बारे में जानेंगे। ...और पढ़ें

    मैंगो बर्फी बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका (Image Source: AI-Generated)

    मैंगो बर्फी बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका (Image Source: AI-Generated) 

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आम खाना तो हर किसी को पसंद होता है, लेकिन क्या आपने कभी घर पर आम की बर्फी बनाई है? अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं और बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बचना चाहते हैं, तो यह रेसिपी खास आपके लिए ही है।

    सबसे अच्छी बात यह है कि इस मैंगो बर्फी को बनाने के लिए आपको न तो मावा चाहिए और न ही घंटों रसोई में पसीना बहाना पड़ेगा। यह बर्फी इतनी मुलायम बनती है कि मुंह में जाते ही घुल जाती है। आइए, जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।

    Mango burfi

    (Image Source: AI-Generated) 

    मैंगो बर्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

    • पके हुए आम: 2 बड़े आकार के
    • नारियल का बुरादा: 2 कप
    • चीनी: आधा कप (आम की मिठास के हिसाब से आप चीनी कम या ज्यादा कर सकते हैं)

    मैंगो बर्फी बनाने का आसान तरीका

    • सबसे पहले दोनों आमों को छीलकर उनके छोटे-छोटे टुकड़े कर लें। अब इन्हें मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें और एक गाढ़ा पल्प तैयार कर लें। ध्यान रहे कि इसमें पानी बिल्कुल नहीं डालना है और आम के टुकड़े न बचें।
    • अब गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें आम का पल्प डाल दें। साथ ही इसमें आधा कप चीनी भी मिला दें। इसे धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए 4-5 मिनट तक पकाएं, जब तक कि चीनी पूरी तरह से पिघल न जाए।
    • जब आम और चीनी का मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें 2 कप नारियल का बुरादा डाल दें। अब गैस की आंच एकदम धीमी कर दें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
    • इस मिश्रण को लगातार चलाते रहें। आपको इसे तब तक पकाना है जब तक यह कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे और सारा मिश्रण इकट्ठा होकर एक 'डो' जैसा न बन जाए। इसमें लगभग 8 से 10 मिनट का समय लगेगा।
    • एक थाली या ट्रे लें और उसमें थोड़ा-सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें। अब कड़ाही के गर्म मिश्रण को इस प्लेट में निकालें और चम्मच या कटोरी की मदद से एक समान फैला दें।
    • इसे सेट होने के लिए 1 से 2 घंटे के लिए सामान्य तापमान पर या फ्रिज में रख दें। जब यह पूरी तरह से ठंडा और सेट हो जाए, तो चाकू की मदद से इसे अपने मनपसंद टुकड़ों में काट लें।
    • बस फिर, बनकर तैयार हो जाएगी आपकी स्वादिष्ट और बिना मिलावट वाली मैंगो बर्फी। इसे आप एयरटाइट डिब्बे में रखकर आराम से हफ्ते भर तक खा सकते हैं।

    यह भी पढ़ें- सिर्फ जूस-शेक के लिए नहीं है हैंड ब्लेंडर! किचन के इन 5 कामों को चुटकियों में कर सकता है हल

    यह भी पढ़ें- सिर्फ 10 मिनट में बिना पकाए बनाएं ये 5 हाई-प्रोटीन फूड, दिनभर रहेंगे एक्टिव और फिट

    खबरें और भी