सिर्फ 10 मिनट में बिना पकाए बनाएं ये 5 हाई-प्रोटीन फूड, दिनभर रहेंगे एक्टिव और फिट
लोग अपना हेल्दी लाइफस्टाइल मेंटेन करने के लिए भी बाजार से पैकेट वाले हेल्दी फूड खरीद रहे हैं। ...और पढ़ें

10 मिनट में तैयार करें बिना पकाये प्रोटीन रिच नाश्ता (Image Source: AI Generated)
HighLights
बिना पकाए 10 मिनट में 5 हाई-प्रोटीन फूड्स
मूंग स्प्राउट सलाद, दही चूड़ा, सत्तू, चिया पुडिंग शामिल
पनीर वेज सैंडविच से दिनभर सक्रिय और फिट रहें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल की जीवनशैली इतनी व्यस्त हो चली है कि लोग अपना हेल्दी लाइफस्टाइल मेंटेन करने के लिए भी बाजार से पैकेट वाले हेल्दी फूड खरीद रहे हैं। लेकिन मार्केट का यह पैकेट फूड अक्सर रिफाइन्ड शुगर और कार्ब्स वाला होता है, जो भूख शांत करने के बजाय और भी बढ़ा देता है। ऐसे में चलिए प्रोटीन से भरपूर उन फूड्स के बारे में जानते हैं जिन्हें पकाने का कोई झंझट ही नहीं रहता और बस 10 मिनट में तैयार किया जा सकता है।
मूंग स्प्राउट सलाद
मूंग स्प्राउट सलाद हाई प्रोटीन, फाइबर और आवश्यक विटामिंस से रिच होते हैं। इसे बनाने के लिए भी ज्यादा कुछ नहीं करना, बस मूंग अंकुरित होने में समय लगता है।
कैसे बनाएं?
1. अंकुरित मूंग में बारीक कटी प्याज, टमाटर, खीरा डालें।
2. ऊपर से स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर और चाट मसाला डालें।
3. चाहें तो रोस्टेड पीनट भी डाल सकते हैं।
4. नाश्ते में इस हाई प्रोटीन नाश्ते का लुत्फ उठायें।
दही चूड़ा
दही चूड़ा एक पारंपरिक नाश्ता है जिसे बड़ी ही आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसकी सबसे खास बात यह कि प्रोटीन के साथ यह फाइबर और मिनरल्स से भी भरपूर होता है।
कैसे बनाएं?
1. चिवड़े को 2-3 घंटे पहले भिगोकर रख दें।
2. इसके बाद इसे दही में मिलाएं और स्वादानुसार चीनी या गुड़ भी डालें।
3. ऊपर से नट्स और सीड्स डालकर पारंपरिक नाश्ते का आनंद लें।
सत्तू
गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाले सत्तू को किसे भुलाया जा सकता है? यह प्रोटीन का एक बेहतरीन और सबसे आसानी से तैयार किया जाने वाला नाश्ता है।
कैसे बनाएं?
1. सत्तू में इतना पानी मिक्स करें ताकि वह गाढ़ा बन जाए।
2. उसके बाद सत्तू में भुना जीरा, बारीक कटी प्याज, काला नमक और हरी मिर्च मिलाएं।
3. चाहें तो मीठा सत्तू भी पी सकते हैं, इसमें गुड़, चीनी या शहद डालकर मजा लें।
चिया पुडिंग
चिया के बीज में प्रोटीन के साथ फाइबर और ओमेगा फैटी एसिड्स-3 भी भरपूर मात्रा में होते हैं। यह पुडिंग लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होने देता।
कैसे बनाएं?
1. एक गिलास दूध में चिया सीड्स रातभर के लिए भिगोकर रख दें।
2. अगले दिन ऊपर से बैरीज, केले, नट्स और ड्राई फ्रूट्स डालकर खाएं।
पनीर वेज सैंडविच
वेजिटेरियन डाइट में पनीर प्रोटीन का सबसे अच्छा सोर्स माना जाता है। फिर सुबह-सुबह नाश्ता बनाने से बचना है तो फटाफट पनीर वेज सैंडविच तैयार कर लें।
कैसे बनाएं?
1. पनीर की 2 मोटी स्लाइस लें।
2. खीरा, टमाटर, पालक के पत्ते भी शामिल कर लें।
3. ब्रेड में इन सब्जियों के बीच में पनीर स्लाइस के साथ ऊपर से चाट मसाला और काली मिर्च डालें।
4. नो कुक पनीर वेज सैंडविच तैयार है।
यह भी पढ़ें- क्या आपके सांभर में भी नहीं आता रेस्टोरेंट जैसा स्वाद? घर पर इस सीक्रेट रेसिपी से बनाएं 'सांभर मसाला'
यह भी पढ़ें- स्ट्रीट फूड खाने का है मन? घर की किचन में ऐसे बनाएं चटपटा और क्रिस्पी पनीर टिक्का काठी रोल