आलू-टमाटर नहीं, अब ताजे फलों और क्रीम का सैंडविच! जानिए क्या है इंटरनेट का नया सेंसेशन 'फ्रूट सैंडो'
इंटरनेट मीडिया रील्स से निकलकर भारतीय युवाओं की जुबान पर चढ़ा यह जापानी डेजर्ट, गर्मियों में स्वाद और खूबसूरती का अनोखा फ्यूजन पेश कर रहा है। नान फायर ...और पढ़ें

सोशल मीडिया पर छाया 'जापानी फ्रूट सैंडविच' (AI Generated Image)
HighLights
जापानी फ्रूट सैंडो भारत में नया समर फूड ट्रेंड
शोकूपान, व्हिप्ड क्रीम और ताजे फलों से बनता है यह
मुंबई, बेंगलुरु, कोच्चि में उपलब्ध, घर पर भी बना सकते हैं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत का फूड कल्चर हमेशा से ही नए और अनोखे स्वादों को अपनाने के लिए जाना जाता है। पिछले कुछ समय में इंटरनेट मीडिया रील्स और इंस्टाग्राम फूड व्लाग्स के जरिए एक जापानी डिश ने भारतीय युवाओं और खाने-पीने के शौकीनों का दिल जीत लिया है।
यह है जापानी फ्रूट सैंडविच, जिसे पारंपरिक रूप से फ्रूट सैंडो कहा जाता है। दिखने में बेहद खूबसूरत, रंग-बिरंगी और स्वाद में लाजवाब यह डिश आज मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और कोच्चि तक एक बड़ा समर ट्रेंड बन चुकी है।
क्या है जापानी फ्रूट सैंडो
आमतौर पर सैंडविच का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में आलू, ककड़ी, टमाटर, तीखी चटनी या फिर चीज का ख्याल आता है। लेकिन जापानी फ्रूट सैंडो इससे बिल्कुल अलग है। यह असल में एक सैंडविच और पेस्ट्री का अनोखा फ्यूजन है।
इसको बनाने के लिए मुख्य रूप से तीन चीजों की जरूरत होती है। पहली है शोकूपान, जो जापानी अर्थ में सॉफ्ट, स्पंजी और हल्की मीठी मिल्क ब्रेड होती है। दूसरी है व्हिप्ड क्रीम, जो गाढ़ी, ठंडी और हल्की मीठी मलाई जैसी क्रीम होती है। तीसरी चीज है ताजे फल, जैसे स्ट्राबेरी, कीवी, आम, अंगूर और संतरा जैसे रसीले फल।
जब इन तीनों को एक साथ मिलाकर काटा जाता है, तो इसके अंदर के फलों का क्रॉस-सेक्शन किसी सुंदर फूलों की पेंटिंग या कलाकृति जैसा दिखाई देता है। यही वजह है कि यह खाने से पहले देखने में ही दीवाना बना लेता है।
खबरें और भी

(AI Generated Image)
भारत में बढ़ता क्रेज
फ्रूट सैंडो हाई-एंड पेस्ट्री मार्केट में अलग जगह बना रहा है। इसके लोकप्रिय होने के कई मुख्य कारण हैं। सबसे पहला कारण इंटरनेट मीडिया और विजुअल अपील है। इसके साफ सुथरे और ज्यामितीय कट्स वाले वीडियो खूब प्रचलित होते हैं। दूसरा कारण यह है कि यह गर्मियों के लिए परफेक्ट है।
भारत की भीषण गर्मी में जब भारी और बहुत ज्यादा मीठा खाने का मन नहीं करता, तब ठंडी-ठंडी क्रीम और रसीले आम या कीवी से भरा यह सैंडविच एक रिफ्रेशिंग डेजर्ट का काम करता है। तीसरा कारण भारतीयों का फलों के प्रति प्यार है।
गर्मी के मौसम को देखें तो भारत में आम को फलों का राजा माना जाता है। यहां के शेफ्स ने इसमें अल्फांसो और दशहरी आम का इस्तेमाल करके इसे पूरी तरह से भारतीय रंग में ढाल दिया है।
कहां मिलेगा यह सैंडविच
यदि आप इस जापानी डिश को चखना चाहते हैं, तो भारत के कई बड़े शहरों में अब इसके लिए खास आउटलेट्स खुल चुके हैं। मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित गेलासिमो अपने बजट-फ्रेंडली फ्रूट सैंडो के लिए प्रचलित हो चुका है। इसके अलावा मलाड में टोक्यो विच जैसे कैफे इसके प्रीमियम और माचा फ्लेवर वाले वर्जन परोस रहे हैं। बेंगलुरु के इंदिरानगर में सैंडोविच्ड और एचएसआर लेआउट में सैंडोइची कोजो काफी मशहूर हैं, जहां जापानी स्टाइल की इन-हाउस मिल्क ब्रेड का इस्तेमाल किया जाता है।
केरल के कोच्चि में ओइशी कैफे ने फ्रूट सैंडो का एक और अनोखा रूप पेश किया है जिसे डीप फ्राइड फ्रूट सैंडो कहते हैं, यह बाहर से गर्म और क्रिस्पी तथा अंदर से ठंडी क्रीम से भरा होता है। दिलचस्प बात यह है कि जापानी सैंडो के ट्रेंड में आने से कई दशक पहले, पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में स्थित जैन कॉफी हाउस लगभग आठ दशक से फ्रूट सैंडविच बेच रहा है। इसमें पनीर की मोटी स्लाइस, ताजे मौसमी फल जैसे चीकू, आम, केला और फ्रूट चटनी का इस्तेमाल किया जाता है, जो आज भी बेहद लोकप्रिय है।
घर पर आजमाएं मैंगो फ्रूट सैंडो
अभी आम का सीजन चल रहा है, इसलिए आप घर पर आसानी से मैंगो फ्रूट सैंडो बना सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें गैस जलाने की भी जरूरत नहीं होती। इसके लिए आवश्यक सामग्री में चार स्लाइस सॉफ्ट सफेद मिल्क ब्रेड जिसके किनारे कटे हुए हों, एक कप ठंडी व्हिपिंग क्रीम, दो से तीन चम्मच पिसी हुई चीनी, एक बड़ा पका हुआ मीठा आम जो मोटी स्लाइस में कटा हुआ हो, और सैंडविच को लपेटने के लिए क्लिंग रैप यानी प्लास्टिक रैप शामिल हैं।
इसे बनाने की विधि इस प्रकार है-
- ठंडी व्हिपिंग क्रीम और पिसी हुई को ब्लेंडर की मदद से तब तक फेंटें जब तक कि क्रीम गाढ़ी और स्टिफ न हो जाए।
- चापिंग बोर्ड पर क्लिंग रैप फैलाएं। उस पर ब्रेड की एक स्लाइस रखें। ब्रेड के ऊपर अच्छी मात्रा में व्हिप्ड क्रीम की एक मोटी परत लगाएं।
- इसके बाद ब्रेड के बीचों-बीच आम के टुकड़े को तिरछा रखें। ध्यान रहे कि आपको सैंडविच को तिरछा काटना है, इसलिए फल को उसी दिशा में सेट करें।
- अब आम के ऊपर और ब्रेड के खाली कोनों में और अधिक क्रीम भरें। फल पूरी तरह से क्रीम के अंदर छिप जाना चाहिए। क्रीम की अच्छी कोटिंग ब्रेड को फलों के रस से गीला होने से बचाती है।
- अब दूसरी ब्रेड स्लाइस को ऊपर रखें और हल्के हाथों से दबाएं। क्लिंग रैप को चारों तरफ से कसकर लपेट दें ताकि सैंडविच का आकार बना रहे। इसे सेट होने के लिए एक घंटा के लिए फ्रिज में रख दें।
- फ्रिज से निकालने के बाद, एक तेज धार वाले चाकू को गर्म पानी में डुबोकर पोंछ लें। अब सैंडविच को क्लिंग रैप के साथ ही तिरछा काटें। रैप हटाकर ठंडी-ठंडी, खूबसूरत मैंगो सैंडो का आनंद लें।