क्या आपके सांभर में भी नहीं आता रेस्टोरेंट जैसा स्वाद? घर पर इस सीक्रेट रेसिपी से बनाएं 'सांभर मसाला'
सांभर का असली स्वाद उसके मसाले की वजह से आता है। आप घर पर भी बहुत आसानी से सांभर मसाला बनाकर स्टोर कर सकते हैं। ...और पढ़ें

घर पर बनाएं सांभर मसाला (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गरमा-गरम सांभप का खट्टा-तीखा स्वाद भला किसे पसंद नहीं आता। इडली, डोसा, वड़ा या उत्तपम हो, इन सभी का स्वाद सांभर के बिना अधूरा लगता है। सांभर चावल के साथ भी काफी अच्छा लगता है। इसके बेहतरीन स्वाद के पीछे असली जादू इसके मसाले को होता है।
वैसे तो बाजार में कई ब्रांड के सांभर मसाले मिलते हैं, लेकिन जो बात घर के बने सांभर मसाले में है वो और कहां। साथ ही, घर पर बना सांभर मसाला बिना किसी मिलावटी रंग और प्रिजर्वेटिव्स के बना होता है, जिससे स्वाद और भी बेहतर आता है। आइए जानें घर पर सांभर मसाला बनाने की रेसिपी।
सांभर मसाला बनाने के लिए सामग्री
- साबुत धनिया- 1 कप
- सूखी लाल मिर्च- 10-12
- कश्मीरी लाल मिर्च- 5-6
- चना दाल- 2 बड़े चम्मच
- उड़द दाल- 1 बड़ा चम्मच
- अरहर दाल- 1 छोटा चम्मच
- साबुत जीरा- 1 बड़ा चम्मच
- मेथी दाना- 1 छोटा चम्मच
- साबुत काली मिर्च- 1 छोटा चम्मच
- राई- 1 छोटा चम्मच
- कढ़ी पत्ता- 20-25 पत्तियां
- हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- हींग- आधा छोटा चम्मच
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही या पैन को धीमी आंच पर गर्म करें और चना दाल, उड़द दाल और तुअर दाल को पैन में डालें। इन्हें लगातार चलाते हुए हल्का सुनहरा होने और सोंधी खुशबू आने तक भून लें। जब दालें भुन जाएं, तो इन्हें एक बड़ी प्लेट में निकाल लें।
- अब उसी कड़ाही में साबुत धनिया, जीरा, मेथी दाना, राई और काली मिर्च डालें। इन्हें भी धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट के लिए भूनें।
- ध्यान रहे कि मसाले जलने नहीं चाहिए, बस इनका मॉइश्चर खत्म हो जाना चाहिए। भुनने के बाद इन्हें भी दाल वाली प्लेट में निकाल लें।
- इसके बाद कड़ाही में सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डालें। कढ़ी पत्ता जब तक एकदम क्रिस्पी न हो जाए और मिर्च का रंग थोड़ा गहरा न हो जाए, तब तक इन्हें भूनें। इन्हें भी प्लेट में निकाल कर सभी सामग्रियों को पूरी तरह ठंडा होने दें।
- जब सभी भुने हुए मसाले पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तो उन्हें एक मिक्सी के जार में डालें। अब ऊपर से हल्दी पाउडर और हींग मिलाएं। मिक्सी को रोक-रोक कर चलाएं और एक महीन पाउडर पीस लें। आपका शानदार और खुशबूदार होममेड सांभर मसाला तैयार है।
मसाले को स्टोर करने के टिप्स
सांभर मसाले को पीसने के तुरंत बाद डिब्बे में बंद न करें। इसे कुछ देर हवा में रहने दें ताकि पीसते समय मिक्सी की जो गर्माहट पैदा हुई थी, वह निकल जाए। इस मसाले को एक साफ, सूखे और एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें।