Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घर पर आसानी से बनाएं 'इंदौरी स्टाइल सेव पराठा', स्वाद और क्रंच ऐसा कि हर कोई करेगा तारीफ

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 11:19 AM (IST)

    इस आर्टिकल में आप इंदौरी सेव पराठा बनाने की आसान विधि जानेंगे, जो आलू या पनीर पराठे से अलग एक चटपटा और क्रिस्पी ऑप्शन है। ...और पढ़ें

    रोज के नाश्ते से हो गए हैं बोर? ट्राई करें स्वाद में बेमिसाल 'इंदौरी स्टाइल सेव पराठा' (Image Source: AI-Generated)

    रोज के नाश्ते से हो गए हैं बोर? ट्राई करें स्वाद में बेमिसाल 'इंदौरी स्टाइल सेव पराठा' (Image Source: AI-Generated) 

    HighLights

    1. इंदौरी सेव पराठा बनाने की आसान रेसिपी

    2. तीखा और कुरकुरा स्वाद, नाश्ते के लिए उत्तम

    3. कम सामग्री में घर पर झटपट तैयार करें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी हम चटपटे और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड की बात करते हैं, तो मध्य प्रदेश के इंदौर शहर का नाम सबसे पहले आता है। पोहा-जलेबी के बारे में तो आपने खूब सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी 'इंदौरी सेव पराठा' ट्राई किया है?

    अगर आप रोज-रोज वही आलू, गोभी या पनीर के पराठे खाकर बोर हो गए हैं, तो यह तीखा और कुरकुरा सेव पराठा आपके नाश्ते का मजा दोगुना कर देगा। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बहुत ही आसान है और इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती। आइए जानते हैं इस क्रिस्पी पराठे की आसान रेसिपी।

    Indori Sev Paratha Recipe

    (Image Source: AI-Generated) 

    इंदौरी सेव पराठा बनाने के लिए सामग्री

    • गेहूं का आटा: 2 कप
    • रतलामी या इंदौरी सेव: 1 कप (तीखी और मोटी वाली)
    • प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
    • हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
    • हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
    • लाल मिर्च पाउडर: आधा चम्मच
    • चाट मसाला: आधा चम्मच
    • नमक: स्वादानुसार (ध्यान रहे, सेव में भी नमक होता है)
    • देसी घी या तेल: पराठे सेंकने के लिए

    इंदौरी सेव पराठा बनाने की विधि

    • एक बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें थोड़ा सा नमक और एक चम्मच तेल डालकर पानी की मदद से एकदम नरम आटा गूंथ लें। गूंथे हुए आटे को 10 से 15 मिनट के लिए सूती कपड़े से ढककर रख दें ताकि वह अच्छी तरह से सेट हो जाए।
    • अब एक साफ बाउल में इंदौरी सेव लें। अगर सेव के टुकड़े बहुत मोटे हैं, तो उन्हें हल्के हाथों से या बेलन की मदद से हल्का-सा क्रश कर लें। अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला डाल दें।
    • स्टफिंग में नमक बिल्कुल उसी समय मिलाएं जब आप पराठा बेलने वाले हों। अगर आप नमक पहले डाल देंगे, तो प्याज पानी छोड़ देगा और सेव का सारा क्रंच खत्म हो जाएगा।
    • आटे की एक मीडियम आकार की लोई लें और उसे रोटी की तरह थोड़ा सा बेल लें। अब इसके बीच में 2 से 3 चम्मच तैयार की गई सेव की स्टफिंग रखें। किनारों को एक साथ लाते हुए इसे अच्छी तरह बंद कर दें। अब इसे बहुत ही हल्के हाथों से बेलें ताकि स्टफिंग बाहर न निकले और पराठा फटे नहीं।
    • गैस पर तवा गरम करें। बेले हुए पराठे को तवे पर डालें। जब यह एक तरफ से हल्का सिक जाए, तो इसे पलट दें। अब दोनों तरफ देसी घी या रिफाइंड तेल लगाकर इसे धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक अच्छे से सेंक लें।
    • लीजिए, आपका गरमा-गरम और सुपर क्रिस्पी इंदौरी सेव पराठा बनकर बिल्कुल तैयार है। बता दें, इस पराठे का असली मजा इसके क्रंच में है, इसलिए इसे बनते ही तुरंत परोसें। आप इसे ताजे ठंडे दही, हरी चटनी या आम के अचार के साथ भी सर्व कर सकते हैं।

    यह भी पढ़ें- रोज एक ही तरह का पराठा खाकर हो गए हैं बोर? ट्राई करें खस्ता और मसालेदार 'चने की दाल का पराठा'

    यह भी पढ़ें- चिलचिलाती गर्मी से हैं बेहाल? ट्राई करें अंगूर का रिफ्रेशिंग शरबत, शरीर को मिलेगी गजब की ठंडक

    खबरें और भी