इस जन्माष्टमी कान्हा को लगाएं कुछ खास भोग, घर पर बेक करें पंचामृत केक; आसान है रेसिपी
4 सितंबर के दिन जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को प्रसन्न करने के लिए इस बार आप अपनी रसोई में पारंपरिक भोग के बजाय 'पंचामृत केक' भी तैयार कर सकते हैं।

लड्डू गोपाल के लिए तैयार करें स्पेशल 'पंचामृत केक' (Image Source: AI-Generated)
HighLights
जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल के लिए पंचामृत केक
दही, सूजी, घी और शहद से बनता है केक
ओवन या कड़ाही में आसानी से बेक करें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को प्रसन्न करने के लिए भक्त तरह-तरह के मिष्ठान, माखन-मिश्री और छप्पन भोग करते हैं, लेकिन इस बार क्यों न भगवान को कुछ नया और बेहद खास अर्पण किया जाए?
हम सभी जानते हैं कि पूजा में पंचामृत का विशेष महत्व है और यह कान्हा को बेहद प्रिय भी है। मगर क्या आप जानते हैं कि इसी पंचामृत के खास स्वाद को मिलाकर आप स्वादिष्ट 'पंचामृत केक' भी तैयार कर सकते हैं? जी हां, यह केक न सिर्फ खाने में लाजवाब है, बल्कि इसे बनाना भी बहुत ही आसान है।

(Image Source: AI-Generated)
पंचामृत केक बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 कप बारीक सूजी (अगर सूजी मोटी है, तो उसे मिक्सी में हल्का-सा चला लें)
- आधा कप दही
- आधा कप पिसी हुई चीनी
- एक चौथाई कप शुद्ध देसी घी
- 2 बड़े चम्मच शहद
- आधा कप दूध (जरूरत पड़ने पर थोड़ा एक्स्ट्रा भी ले सकते हैं)
- 1 चम्मच बेकिंग पाउडर
- आधा चम्मच बेकिंग सोडा
- आधा चम्मच इलायची पाउडर
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए मेवे (बादाम, काजू, पिस्ता)
- भोग लगाने के लिए कुछ ताजे तुलसी के पत्ते
पंचामृत केक बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में ताजा दही और पिसी हुई चीनी डालें। इसे तब तक फेंटें जब तक चीनी अच्छे से घुल न जाए। अब इसमें देसी घी और शहद डालकर एक बार फिर से अच्छी तरह मिला लें।
- अब इस गीले मिश्रण में बारीक सूजी और आधा कप दूध डाल दें। इसे चम्मच की मदद से अच्छे से मिला लें ताकि कोई गांठ न रहे। ध्यान दें, सूजी दूध और दही को सोखकर फूलती है, इसलिए इस बैटर को ढककर कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए रेस्ट करने दें।
- जब तक सूजी का बैटर रेस्ट कर रहा है, आप अपने केक टिन को थोड़े से घी से ग्रीस कर लें और उसमें बटर पेपर लगा दें। साथ ही, ओवन को 180°C पर 10 मिनट के लिए प्रीहीट कर लें। अगर कड़ाही में बना रहे हैं, तो एक भारी तले वाली कड़ाही में स्टैंड रखकर उसे ढककर 10 मिनट तक मध्यम आंच पर गर्म होने दें।
- 20 मिनट बाद बैटर को चेक करें। सूजी फूलने की वजह से यह थोड़ा गाढ़ा हो गया होगा। अब इसमें 1-2 बड़े चम्मच दूध और डालें ताकि बैटर की कंसिस्टेंसी बिल्कुल सही हो जाए। इसमें खुशबूदार इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डाल दें।
- जब आपको केक बेक करने के लिए बिल्कुल तैयार रखना हो, तभी आखिर में बैटर के अंदर बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालें। इसे बहुत हल्के हाथों से एक ही दिशा में घुमाते हुए मिलाएं। इसे बहुत ज्यादा या तेजी से नहीं फेंटना है।
- तैयार बैटर को तुरंत ग्रीस किए हुए केक टिन में डालें। ऊपर से सजावट के लिए थोड़े और कटे हुए मेवे छिड़क दें। टिन को ओवन में रखकर 180°C पर 35 से 40 मिनट तक बेक करें। कड़ाही में बनाने के लिए टिन को स्टैंड पर रखें और ढककर धीमी आंच पर 40 से 45 मिनट तक बेक होने दें।
- समय पूरा होने पर बीच में एक टूथपिक डालकर चेक करें। जब केक अच्छे से ठंडा हो जाए, तो उसे टिन से बाहर निकाल लें। कान्हा का कोई भी भोग तुलसी के बिना अधूरा माना जाता है, इसलिए केक के ठीक ऊपर ताजे तुलसी के पत्ते सजाएं।
यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं पेड़े का भोग, इस आसान से रेसिपी से घर बैठे मिलेगा मथुरा का स्वाद
