इस रेसिपी से घर पर बनाएं बेकरी जैसी खस्ता बटर कुकीज, मिलेगा बिल्कुल बाजार जैसा स्वाद और कुरकुरापन
चाय का समय हो या बच्चों की छोटी-मोटी भूख, कुकीज का नाम सुनते ही हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। ...और पढ़ें

चाय के साथ खाने में लाजवाब लगती हैं बटर कुकीज (Image Source: AI-Generated)
HighLights
मक्खन और चीनी को हल्का व क्रीमी होने तक फेंटें
मैदा डालकर हल्के हाथों से मुलायम डो तैयार करें
बेक करने के बाद कुकीज को ठंडा होने दें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम अक्सर बाजार या किसी महंगी बेकरी से बटर कुकीज लाते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि वैसा स्वाद और कुरकुरापन घर पर नहीं मिल सकता, लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि आप बिल्कुल बेकरी जैसी खस्ता और मुंह में घुल जाने वाली कुकीज अपने किचन में आसानी से बना सकते हैं?
जी हां, आज हम आपके लिए एक ऐसी आसान रेसिपी लेकर आए हैं, जिससे आप घर पर ही शानदार बटर कुकीज तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको बाजार से कोई खास या महंगा सामान लाने की भी जरूरत नहीं है।
बटर कुकीज बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- मक्खन: आधा कप (कमरे के तापमान पर यानी न ज्यादा सख्त, न एकदम पिघला हुआ)
- पिसी हुई चीनी : एक तिहाई कप
- मैदा: 1 कप
- वनीला एसेंस: 1/2 छोटा चम्मच (आप चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं)
- नमक: एक चुटकी (केवल तब, जब आप बिना नमक वाला मक्खन इस्तेमाल कर रहे हों)
बटर कुकीज बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मक्खन लें। इसमें पिसी हुई चीनी डालें और दोनों को तब तक फेंटें जब तक कि मिश्रण एकदम हल्का, क्रीमी और रंग में हल्का सफेद न दिखने लगे। अगर आप चम्मच या व्हिस्कर से फेंट रहे हैं, तो इसमें करीब 5 से 7 मिनट का समय लग सकता है।
- अब इस क्रीमी मिश्रण में वनीला एसेंस डालकर अच्छे से मिला लें। इसके बाद बर्तन के ऊपर एक छलनी रखें और उसमें मैदा डालकर छान लें ताकि कोई गुठली न रहे।
- यहीं पर आपको सबसे ज्यादा ध्यान देना है। मैदा डालने के बाद आपको इसे रोटी के आटे की तरह जोर लगाकर नहीं गूंथना है। बस अपनी उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से सभी चीजों को समेटते हुए एक मुलायम डो तैयार कर लें।
- अब इस तैयार डो में से नींबू के आकार के छोटे-छोटे हिस्से लें। उन्हें हथेलियों के बीच गोल करके हल्का सा चपटा कर लें। आप चाहें तो कांटे की मदद से इनके ऊपर दबाकर एक सुंदर सा डिजाइन भी बना सकते हैं।
- एक बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर लगाएं और थोड़ी-थोड़ी दूरी पर अपनी तैयार कुकीज को रख दें। पहले से 10 मिनट प्री-हीट किए हुए ओवन में 170°C पर इन्हें 12 से 15 मिनट तक बेक करें। जब कुकीज के किनारे हल्के सुनहरे होने लगें, तो ओवन बंद कर दें।
- एक भारी तले वाली कड़ाही में नमक बिछाकर एक स्टैंड रखें और इसे 10 मिनट गर्म करें। फिर एक प्लेट में कुकीज रखकर उसे कड़ाही में स्टैंड पर रखें और ढककर धीमी आंच पर 20-25 मिनट तक बेक करें।
- बेक होने के तुरंत बाद कुकीज बहुत नरम लगती हैं, उन्हें छूने पर टूट सकती हैं। इसलिए इन्हें निकालते ही तुरंत न खाएं। इन्हें कम से कम 10-15 मिनट के लिए रूम टेम्परेचर पर ठंडा होने दें। पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही इनमें बाजार जैसा असली कुरकुरापन आएगा।
यह भी पढ़ें- किन गलतियों के कारण तवे पर चिपक जाता है डोसा? बाजार जैसा क्रिस्पी और जालीदार बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स