विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mahashivratri पर बनाकर खाएं सिंघाड़े के आटे की बर्फी, जानिए इसे बनाने की विधि और सेहत को होने वाले फायदे

Published: Mon, 04 Mar 2024 02:28 PM (IST)

इस साल महाशिवरात्रि 08 मार्च 2024 को मनाई जा रही है। ऐसे में कई लोगों का व्रत रहता है और ...और पढ़ें

जानिए सिंघाड़े के आटे की बर्फी को बनाने की विधि और इसके सेवन से होने वाले फायदे
जानिए सिंघाड़े के आटे की बर्फी को बनाने की विधि और इसके सेवन से होने वाले फायदे

HighLights

  1. फाल्गुन माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर हर साल महाशिवरात्रि मनाई जाती है।
  2. इस दिन कई लोग उपवास पर रहते हैं और कुछ सादा और सिंपल ही खाना पसंद करते हैं।
  3. सिंघाड़े के आटे का सेवन आपको हाई ब्लड प्रेशर समेत कई समस्याओं में फायदा पहुंचाता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Singhara Aata Barfi: हर साल महाशिवरात्रि फाल्गुन माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर मनाई जाती है। इस बार यह 08 मार्च को है। ऐसे में कई लोग व्रत पर रहते हैं, और तला भुना खाने से परहेज करते हैं। आप भी इस दिन के लिए कोई स्पेशल और आसान रेसिपी ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आप ही के लिए है।

यहां हम आपको शिवरात्रि के व्रत में सिंघाड़े के आटे की बर्फी बनाने के बारे में बताएंगे। इस खास दिन पर इसे खाने का काफी चलन है, न तो इसे बनाने में एक बूंद तेल लगता है और न ही कोई लंबी-चौड़ी रेसिपी। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और इसके सेवन से होने वाले लाजवाब फायदों के बारे में।

सिंघाड़े की बर्फी बनाने के लिए सामग्री

  1. सिघाड़े का आटा - 1 कप
  2. देसी घी- 2 चम्मच
  3. शक्कर या गुड़ - 4 टेबलस्पून
  4. छोटी इलाइची - 3-4 टुकड़े

सिंघाड़े की बर्फी बनाने की विधि

  • सबसे पहले मोटे तले की कढ़ाई लें।
  • कढ़ाई में एक चम्मच घी डालकर सिंघाड़े के आटे को मीडियम फ्लेम पर भून लें।
  • आटे में हल्का रंग आ जाए, तो गैस ऑफ करके आटे को एक कटोरी में निकाल लें।
  • आटा ठंडा हो जाए, तो इसमें आटे का तीन गुना पानी डाल दें।
  • अब इस घोल को वापिस कढ़ाई में डालें और लगातार चलाते हुए इसे पका लें।
  • ध्यान रहे, कि इसमें गुठलियां न पड़ने पाए, इसके लिए आप इसे लगातार चलाते रहें।
  • जब ये हल्का-सा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें चीनी और इलाइची पाउडर मिला दें और 4-5 मिनट और पका लें।
  • जब ये मिश्रण हलवे जैसा रूप लेने लगे, तो ऐसे में गैस ऑफ कर दें और बाकी का एक चम्मच घी भी इसमें मिला दें।
  • अब आपको लेनी है एक समतल किनारे वाली थाली।
  • इस थाली में आपको ये हलवा डाल देना है और इसे पूरी तरह ठंडा होने देना है।
  • ठंडा होकर ये जम जाएगा और ऐसे में आपको एक चाकू की मदद से इसे बर्फी के पीस की तरह काट लेना है।
  • बस तैयार है सिंघाड़े के आटे की टेस्टी और हेल्दी बर्फी।

यह भी पढ़ें- इस महाशिवरात्रि व्रत पर बनाएं साबूदाना खीर, दिनभर बने रहेंगे एनर्जेटिक

सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद है सिंघाड़े का आटा

  • सिंघाड़े के आटे के सेवन से शरीर में एनर्जी बनी रहती है।
  • इसे डाइट में शामिल करने से पेट जल्दी भर जाता है और देर तक भरा रहता है। ऐसे में उन लोगों के लिए ये काफी फायदेमंद है जिन्हें कैलोरी का इनटेक कम करके वेट लॉस करना है।
  • इस आटे में फेरुलिक एसिड नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जिसे लेकर कुछ रिसर्च यह दावा भी करती हैं, कि इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के जोखिम में भी कमी आती है। अब ये कितना असरदार है और कैसे खाना चाहिए, इसपर अभी और स्टडी की जरूरत है।
  • सिंघाड़े के आटे में विटामिन के भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह आपकी बॉडी में सोडियम को बैलेंस करके हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्या से भी आपको राहत दिलाता है।
  • त्वचा और बालों की हेल्थ के लिए भी सिंघाड़े का आटा काफी फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन ई, बी और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो रूखे बालों की समस्या को कम करने और त्वचा की फीकी पड़ चुकी चमक को वापस लाने में मददगार होते हैं।

यह भी पढ़ें- महाशिवरात्रि पर ऐसे करें शिवलिंग का अभिषेक, महादेव होंगे प्रसन्न

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Picture Courtesy: Canva

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।