घर में नहीं है कोई सब्जी? 10 मिनट में बनाएं राजस्थान की यह फेमस पापड़ की सब्जी, नोट करें रेसिपी
राजस्थान में पानी की कमी के चलते खेती नहीं हो सकती थी तो वहां बिना सब्जी के स्वादिष्ट डिश ईजाद की गई हैं, जैसे कि पापड़ की सब्जी। ...और पढ़ें

राजस्थानी पापड़ सब्जी रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कभी न कभी ऐसा जरूर होता है जब घर में कोई सब्जी नहीं होती। कई बार हम वही दाल-रोटी खाकर इतना ऊब जाते हैं कि कुछ नया खाने के लिए मार्केट की तरफ भागते हैं। ऐसे में राजस्थान की यह खास सब्जी आपके लिए स्वादिष्ट विकल्प हो सकती है। हम बात कर रहे हैं ट्रेडिशनल पापड़ की सब्जी की, आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
राजस्थानी पापड़ सब्जी रेसिपी
इस सब्जी को बनाने के लिए पापड़ और मसालों की खासतौर से जरूरत है, इस बनाने के लिए ये स्टेप फॉलो करें:
सामग्री
5-6 पापड़
1/2 कप दही
2-3 टमाटर
2-3 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
1/2 छोटा चम्मच जीरा
1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
1/4 लाल मिर्च पाउडर
1 चम्मच धनिया पाउडर
1 इंच अदरक
1 चुटकी हींग
स्वादानुसार नमक
विधि
पहले स्टेप में पापड़ को भून लेना है, इसके लिए कड़ाही में तेल डालकर भूनें या गैस पर ऐसे ही बगैर के तेल, विकल्प आपके पास है।
अगले स्टेप में दही में आधा कप पानी मिलाकर उसे अच्छे से फेंट लेना है।
कड़ाही को गैस पर रखें और उसमें 2-3 चम्मच तेल डालें।
तेल गर्म कर उसमें जीरा, हींग, अदरक और हरी मिर्च भून लें।
उसके बाद टमाटर को एकदम बारीक पीस लें।
टमाटर को डालें और उसमें लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और कसूरी मेथी भी डालें।
इस मसाले को तब तक भूनना है जब तक तेल पानी से अलग न दिखने लगे।
अब ऊपर से 1 कप पानी के साथ स्वादानुसार नमक भी डालें।
ग्रेवी को धीमी आंच पर पकने देना है और जैसे ही उबाल आने लगे तो उसमें दही डालना है।
ध्यान रहे दही को धीरे-धीरे डालते हुए धीमी आंच पर चम्मच से चलाना है।
यह प्रक्रिया दही को फटने नहीं देगी।
थोड़ी देर बाद ऊपर से हरा बारीक कटा धनिया भी डालें।
सबसे आखिर में पापड़ को डालकर 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने देना है।
आपकी पापड़ की सब्जी तैयार है, इसे चावल और रोटी के साथ लंच या डिनर में परोसें।
किस बात का रखें ध्यान?
दही को तुरंत फ्रिज से निकालकर ग्रेवी में डालने से बचें, सामान्य तापमान पर ही सब्जी में डालें। इसके अलावा ग्रेवी के लिए टमाटर या दही दोनों में से किसी एक को भी डाला जा सकता है। सब्जी में अलग स्वाद के लिए टमाटर के साथ प्याज भी डाल सकते हैं।