विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटे हुए आलू को काला होने से बचाने के लिए अपनाएं ये ट्रिक्स, लंबे समय तक रहेंगे एकदम सफेद

Updated: Mon, 17 Aug 2026 03:28 PM (IST)

कटे हुए आलू हवा के संपर्क में आने पर काले पड़ जाते हैं, जिससे उनका स्वाद और रंगत बिगड़ जाती है।

कटे हुए आलू को काला पड़ने से कैसे बचाएं? (Image Source: AI-Generated)

कटे हुए आलू को काला पड़ने से कैसे बचाएं? (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आलू सब्जियों का राजा यूं ही नहीं कहलाता है। चाहे रसेदार सब्जी बनानी हो, फ्रेंच फ्राइज या फिर गरमा-गरम आलू के पराठे, इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है। अक्सर हम समय बचाने के लिए खाना पकाने से काफी पहले ही आलू छीलकर और काटकर रख लेते हैं, लेकिन समस्या तब आती है, जब कुछ ही मिनटों में ये कटे हुए आलू काले या भूरे रंग के होने लगते हैं।

काले पड़े आलू न सिर्फ आपकी डिश की रंगत बिगाड़ देते हैं, बल्कि देखने में भी बिल्कुल अच्छे नहीं लगते। दरअसल, आलू को जब हवा लगती है, तो उसमें मौजूद स्टार्च के कारण वे काले पड़ने लगते हैं। ऐसे में, आज हम आपको कुछ ऐसे बेहद आसान ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आपके कटे हुए आलू घंटों तक एकदम सफेद और ताजे रहेंगे।

ठंडे पानी का इस्तेमाल

यह आलू को काला होने से बचाने का सबसे पुराना और आजमाया हुआ नुस्खा है। आलू को काटने के तुरंत बाद उन्हें एक बड़े बाउल में ठंडे पानी में डुबो कर रख दें। पानी में डूबे रहने से आलू का सीधा संपर्क हवा से टूट जाता है, जिससे वे काले नहीं पड़ते। ध्यान रखें, पानी इतना होना चाहिए कि सारे आलू उसमें पूरी तरह से डूब जाएं।

नींबू के रस या सिरके का इस्तेमाल

अगर आप आलुओं को थोड़ा ज्यादा लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं, तो यह ट्रिक आपके बहुत काम आएगी। आलू भिगोने वाले पानी में बस 1 चम्मच नींबू का रस या सफेद सिरका मिला दें। बता दें, नींबू और सिरके में हल्का एसिड होता है, जो आलू को ऑक्सीडाइज होने से रोकता है।

नमक का पानी करेगा कमाल

नींबू या सिरका न हो, तो आपकी रसोई में रखा नमक भी यह काम आसानी से कर सकता है। पानी में आधा चम्मच नमक अच्छी तरह घोल लें और फिर उसमें कटे हुए आलू डाल दें। दरअसल, नमक आलू के अंदर मौजूद स्टार्च को बाहर निकलने से रोकता है, जिससे उनका रंग बिल्कुल सफेद बना रहता है। जब भी आलू पकाने हों, बस उन्हें एक बार साफ पानी से धो लें।

एयरटाइट कंटेनर और फ्रिज की मदद

अगर आपको सुबह की जल्दबाजी से बचने के लिए रात में ही आलू काटकर रखने हैं, तो उन्हें पानी से भरे एक एयरटाइट डिब्बे में बंद करें और फ्रिज में रख दें। ध्यान रहे, आलू को कभी भी खुला या बिना पानी के फ्रिज में न रखें, वरना वे बहुत जल्दी सूख जाएंगे और काले पड़ जाएंगे।

यह भी पढ़ें- गैस सिलिंडर की खपत कम करनी है, तो बिना देरी करें काले पड़े बर्नर की सफाई; नोट करें सबसे आसान तरीका

यह भी पढ़ें- रात में भिगोना भूल गए हैं राजमा, तो अपनाएं ये 3 ये कुकिंग ट्रिक्स; मिनटों में गलेगा और बनेगा एकदम सॉफ्ट