सावन व्रत में कुछ चटपटा खाने का है मन? साबूदाना और आलू से बनाएं ये लाजवाब फलाहारी चीला
सावन का पावन महीना चल रहा है। ऐसे में, बहुत से लोग पूरे महीने या सावन सोमवार का उपवास रखते हैं।

साबूदाना-आलू से बना ये टेस्टी चीला, जीत लेगा आपका दिल (Image Source: AI-Generated)
HighLights
सावन व्रत में चटपटा खाने की तलब पूरी करें
साबूदाना और आलू से बनाएं क्रिस्पी फलाहारी चीला
कम तेल में तैयार होने वाली आसान रेसिपी
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सावन सोमवार व्रत के दौरान अक्सर फल, दूध या मीठा खाकर हम बोर हो जाते हैं। कई बार ऐसा होता है कि पेट तो भरा होता है, लेकिन जीभ को कुछ तीखा और चटपटा खाने की तलब होने लगती है।
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है और आप व्रत में स्वाद से कोई समझौता नहीं करना चाहते, तो साबूदाना और आलू का फलाहारी चीला आपके लिए एक परफेक्ट डिश साबित हो सकती है।
यह चीला बाहर से बेहद क्रिस्पी और अंदर से एकदम मुलायम होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बहुत ही आसान है और इसमें ज्यादा तेल-घी का इस्तेमाल भी नहीं होता। आइए जानते हैं इस स्वादिष्ट फलाहारी चीले को बनाने की आसान रेसिपी।
साबूदाना और आलू का चीला बनाने के लिए सामग्री
चीला बनाने के लिए आपको अपनी रसोई में मौजूद कुछ ही चीजों की जरूरत पड़ेगी:
- साबूदाना: 1 कप (4-5 घंटे तक पानी में भीगा हुआ)
- उबले हुए आलू: 2 बड़े (अच्छी तरह मैश किए हुए)
- भुनी मूंगफली का पाउडर: 3-4 चम्मच (दरदरा पिसा हुआ)
- हरी मिर्च: 2 बारीक कटी हुई (अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा करें)
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- जीरा: आधा छोटा चम्मच (अगर आप व्रत में खाते हैं)
- सेंधा नमक: स्वादानुसार
- देसी घी या मूंगफली का तेल: चीला सेंकने के लिए
साबूदाना और आलू का चीला बनाने की विधि
इस चीले को बनाने में आपको मुश्किल से 15-20 मिनट का समय लगेगा। बस इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले एक बड़ा बर्तन लें। उसमें भीगा हुआ साबूदाना और उबले हुए मैश किए आलू डालें।
- अब इस बर्तन में दरदरी पिसी हुई मूंगफली, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा, काली मिर्च पाउडर और स्वादानुसार सेंधा नमक डाल लें।
- अपने हाथों की मदद से इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इसे तब तक मिलाएं जब तक कि यह एक मुलायम आटे जैसा न बन जाए। ध्यान रहे, इसमें पानी बिल्कुल नहीं मिलाना है।
- अब गैस पर एक नॉन-स्टिक तवा रखें और उसे हल्का सा घी लगाकर चिकना कर लें।
- तैयार किए गए मिश्रण में से एक छोटी लोई लें। इसे तवे के बीच में रखें और अपनी उंगलियों पर हल्का-सा पानी लगाकर इसे गोल आकार में फैला दें। आप चाहें तो इसे पॉलीथिन या बटर पेपर पर बेलकर भी तवे पर डाल सकते हैं।
- गैस की आंच को मध्यम रखें। चीले के किनारों पर थोड़ा सा घी डालें। जब यह एक तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो इसे सावधानी से पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें।
यह भी पढ़ें- भूल जाएंगे फ्रेंच फ्राइज का स्वाद, इस रेसिपी से घर पर बनाएं सिंधी स्टाइल चटपटे और क्रिस्पी आलू टुक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।