गर्मियों में बेझिझक पहनें शॉर्ट्स और स्कर्ट्स! पैरों को टोन्ड बनाने के लिए आज ही शुरू करें 7 एक्सरसाइज
पैरों की मांसपेशियों को टोन्ड बनाने के लिए रोजाना कुछ खास तरह की एक्सरसाइज करना जरूरी है।

पैरों को टोन्ड और स्लिम बनाएंगी ये एक्सरसाइज (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हर कोई चाहता है कि उसके पैरों के मसल्स टोन्ड हो, जिससे वे देखने में खूबसूरत लगें, खासकर गर्मियों के मौसम में, जब शॉर्ट्स, स्कर्ट या ड्रेसेज पहनना हो।
पैरों को टोन्ड करने के लिए सही एक्सरसाइज करना जरूरी है, ताकि मांसपेशियां मजबूत हों और मसल्स फर्म बनें। आइए जानें पैरों की मांसपेशियों को टोन्ड बनाने में कौन-कौन सी एक्सरसाइज फायदेमंद साबित हो सकती हैं।
पैरों को टोन्ड बनाने के लिए एक्सरसाइज
- स्क्वॉट्स- स्क्वॉट्स पैरों, जांघों और बट की मसल्स को मजबूत बनाते हैं। इसे करने के लिए पैरों को कंधे की चौड़ाई जितना फैलाएं, धीरे-धीरे घुटनों को मोड़कर बैठें और फिर वापस खड़े हो जाएं। ध्यान रखें कि घुटने पैरों की दिशा में हों और पीठ सीधी रहे। रोजाना 3 सेट में 15-20 रेप्स करने से पैरों की मसल्स फर्म और टोन होती हैं।
- लंजेस- लंजेस जांघों और बट को शेप में लाने के लिए बेस्ट हैं। एक पैर आगे रखें और धीरे-धीरे घुटने को मोड़ते हुए नीचे बैठें, फिर वापस खड़े हों। इसे दोनों पैरों से रिपीट करें। रोजाना 3 सेट में 12-15 रेप्स से जांघों और ग्लूट्स की चर्बी कम होती है।
- लेग रेज- लेग रेज हिप्स, पेट और पैरों की मसल्स को टोन करते हैं। फ्लैट लेट जाएं, पैरों को सीधे रखें और धीरे-धीरे ऊपर उठाकर नीचे लाएं।यह एक्सरसाइज पैरों की स्लिमिंग और स्ट्रेंथ दोनों के लिए असरदार है।
- साइड लेग लिफ्ट्स- साइड लेग लिफ्ट्स बाहरी जांघ की मसल्स को टोन करने के लिए परफेक्ट हैं। एक तरफ लेटकर ऊपर वाला पैर धीरे-धीरे उठाएं और नीचे लाएं। इसे दोनों तरफ 15-20 बार करें। इससे जांघें सुडौल और लंबी नजर आती हैं।
- काफ रेज- काफ मसल्स को मजबूत और स्लिम बनाने के लिए काफ रेज करें। सीधे खड़े हों, एड़ियों को ऊपर उठाएं और फिर धीरे-धीरे नीचे लाएं। रोजाना 3 सेट में 20-25 रेप्स करने से पैरों का शेप बेहतर होता है और पैरों की चर्बी कम होती है।
- जंपिंग जैक्स- जंपिंग जैक्स एक बेस्ट कार्डियो एक्सरसाइज है, जो पैरों की चर्बी घटाने में मदद करती है। इसे 1-2 मिनट तक लगातार करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं। यह पूरे शरीर को फिट और एनर्जेटिक बनाता है।
- साइक्लिंग- साइक्लिंग पैरों को टोन करने और फैट बर्न करने का एक बेस्ट तरीका है। रोजाना 20-30 मिनट साइकिल चलाने से जांघों की चर्बी कम होती है और पैर लंबे, स्लिम और सुडौल नजर आते हैं।
इन एक्सरसाइज के साथ सही डाइट, भरपूर मात्रा में पानी पीना और पूरी नींद लेना भी जरूरी है।