30 की उम्र पार करते ही युवाओं को घेर रही हैं गंभीर बीमारियां... कहीं आप तो नहीं लिस्ट में शामिल?
युवाओं में 30-40 की उम्र अब "रिस्क एज" बनती जा रही है, जहां गलत जीवनशैली के कारण डायबिटीज, हाई बीपी और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं।

30-40 की उम्र में कौन-सी बीमारियां बढ़ रही हैं और क्यों? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। एक समय था जब 30 से 40 साल की उम्र को जीवन का सबसे ऊर्जावान और स्वस्थ दौर माना जाता था, लेकिन आज के दौर में तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, अब यह उम्र "रिस्क एज" बनती जा रही है। गलत खानपान, घंटों एक जगह बैठकर काम करना और बढ़ता तनाव युवाओं को अंदर ही अंदर खोखला कर रहा है।
क्यों बदल रहा है सेहत का गणित?
एशियन हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन के एसोसिएट डायरेक्टर और हेड डॉ. सुनील राणा बताते हैं कि 30 की उम्र पार करते ही हमारे शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा होने लगता है। इसके बावजूद, हमारी जीवनशैली या तो पहले जैसी ही रहती है या और अधिक खराब हो जाती है। यही असंतुलन शरीर में बीमारियों का बीज बोता है।

(Image Source: AI-Generated)
30-40 की उम्र में तेजी से बढ़ रही हैं ये बीमारियां
- डायबिटीज: जो बीमारी कभी केवल बुजुर्गों तक सीमित थी, वह अब 30 के युवाओं में आम है। मीठा और प्रोसेस्ड फूड खाना और शारीरिक मेहनत न करना इसका सबसे बड़ा कारण है।
- हाई ब्लड प्रेशर: ऑफिस का दबाव और तनाव ब्लड प्रेशर को बढ़ा देता है। इसे 'साइलेंट किलर' कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण तब पता चलते हैं जब काफी देर हो चुकी होती है।
- दिल की बीमारियां: युवाओं में हार्ट अटैक के मामले बढ़ना चिंता का विषय है। धूम्रपान, शराब का सेवन और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल दिल के लिए बड़ा खतरा बन गया है।
- मोटापा और फैटी लिवर: जंक फूड और दिनभर कुर्सी पर बैठे रहने से मोटापा बढ़ रहा है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फैटी लिवर अब युवाओं में सबसे तेजी से फैलने वाली समस्या है।
- मानसिक स्वास्थ्य: काम और निजी जीवन के बीच संतुलन बिगड़ने से लोग डिप्रेशन, एंग्जायटी और बर्नआउट जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

(Image Source: AI-Generated)
क्या है बीमारियों की मुख्य जड़
इन बीमारियों के पीछे कोई एक कारण नहीं, बल्कि कई छोटी-छोटी आदतें हैं। फिजिकल एक्टिविटी की कमी सबसे बड़ी वजह है क्योंकि बैठे रहने से शरीर की ऊर्जा खर्च नहीं होती। इसके अलावा, रात में कम नींद लेना शरीर के हार्मोन्स को असंतुलित कर देता है, जिससे बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
बचाव के आसान और असरदार तरीके
डॉक्टरों का मानना है कि अगर समय रहते आदतों में सुधार किया जाए, तो इन गंभीर खतरों को टाला जा सकता है। अपनी दिनचर्या में ये बदलाव जरूर लाएं:
- एक्टिव रहें: रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज या योग जरूर करें।
- डाइट पर ध्यान दें: घर का बना संतुलित भोजन करें और मीठे व जंक फूड से दूरी बनाएं।
- नींद से समझौता न करें: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए 7 से 8 घंटे की गहरी नींद बेहद जरूरी है।
- चेकअप है जरूरी: साल में कम से कम एक बार अपना फुल बॉडी चेकअप जरूर करवाएं ताकि शरीर में पनप रही किसी भी बीमारी का समय पर पता चल सके।
30-40 की उम्र केवल करियर बनाने के लिए नहीं है, बल्कि यह वह नींव है जिस पर आपका भविष्य टिका है। आज की छोटी-सी लापरवाही कल की बड़ी मुसीबत बन सकती है। इसलिए अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
