क्या जेब में प्याज रखने से लू नहीं लगती? डॉक्टर ने बताया दादी-नानी के इस नुस्खे का सच
गर्मियों में जेब में प्याज रखने से लू नहीं लगती, यह एक मिथक है। डॉक्टर ने इस दावे को खारिज करते हुए लू से बचने के वैज्ञानिक और असरदार तरीके बताए हैं। ...और पढ़ें

जेब में प्याज रखने से लू नहीं लगती, जानें सच (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियां आते ही दादी-नानी के कई पुराने नुस्खे भी बाहर आ जाते हैं। इस मौसम में हेल्दी रहने के लिए लोग यूं तो कई उपाय अपनाते हैं, लेकिन इनमें सबसे ज्यादा मशहूर नुख्सा बाहर जाते समय साथ प्याज ले जाना है।
आप में से कई लोगों ने कभी न कभी घर के बड़े-बुजुर्गों से यह सुना होगा कि धूप में जाते समय अपनी जेब में या बगल में एक छोटा सा प्याज रखने से लू नहीं लगेगी। हम में से कई लोग आज भी चिलचिलाती धूप में घर से निकलने से पहले इस नुस्खे पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं। लेकिन क्या सच में एक छोटा सा प्याज जानलेवा गर्मी और लू से बचा सकता है? आइए नारायणा हेल्थ सिटी, बेंगलुरु में इंटरनल हेल्थ के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. रंजीत जे डॉक्टर से जानते हैं दादी-नानी के इस नुस्खें का सच-
क्या सच में लू से बचाती है प्याज?
डॉक्टर इस बात को पूरी तरह से खारिज करते हैं। डॉक्टर के मुताबिक बगल या जेब में प्याज रखने से लू से बचने का दावा एक मिथ है। मेडिकल साइंस में इस बात का कोई आधार नहीं है। दरअसल, लोगों को लगता है कि प्याज शरीर की सारी गर्मी सोख लेती है, लेकिन हकीकत यह है कि प्याज आपके शरीर के अंदर के तापमान को कम करने में कोई मदद नहीं करता।
इसके उलट, यह आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। प्याज का नेचर एसिडिक होता है। भीषण गर्मी में जब पसीने के साथ प्याज का रस आपकी सेंसिटिव स्किन खासकर अंडरआर्म्स पर लगता है, तो इससे भयंकर खुजली, रैशेज, जलन या गंभीर एलर्जी हो सकती है। यानी फायदे की जगह नुकसान तय है!
खबरें और भी
लू से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके
डॉक्टर ने बताता कि अगर आप लू से बचना चाहते हैं, तो प्याज साथ रखने की जगह कुछ ऐसे तरीके अपना सकते हैं, जो वैज्ञानिक तौर पर असरदार हो सकते हैं:
- प्यास लगने का इंतजार बिल्कुल न करें। हर थोड़ी देर में पानी पीते रहें। अपनी डाइट में छाछ, नींबू पानी, नारियल पानी और ताजे फलों के जूस को शामिल क,रें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
- दिन के 12 बजे से लेकर 3 बजे तक सूरज सबसे ज्यादा तपता है। कोशिश करें कि इस समय घर या ऑफिस के अंदर ही रहें और भारी शारीरिक काम करने से बचें।
- गर्मी के मौसम में हमेशा हल्के रंग के, ढीले-ढाले और सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर पर टोपी, छाता और आंखों की सुरक्षा के लिए सनग्लासेस का इस्तेमाल जरूर करें।
- तेज धूप सीधे त्वचा पर असर करती है। इसलिए बाहर निकलने से 20 मिनट पहले अच्छी क्वालिटी का सनस्क्रीन लगाएं, ताकि त्वचा झुलसने से बची रहे।
- घर के बच्चों और बुजुर्गों पर इस मौसम में खास नजर रखें। उनकी इम्युनिटी थोड़ी कमजोर होती है, इसलिए लू सबसे जल्दी उन्हीं पर वार करती है।
यह भी रखें ध्यान
डॉक्टर बताते हैं कि लू और गर्मी से बचने के लिए पारंपरिक नुस्खों के बजाय वैज्ञानिक और असरदार तरीकों पर भरोसा करें। अगर आपको या आपके परिवार में किसी को चक्कर आना, तेज सिरदर्द या बहुत तेज बुखार महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।