पाचन ही नहीं, बच्चों के दिमाग पर भी हमला करता है 'जंक फूड'; डॉक्टर ने बताया कैसे शिकार हो रहे मासूम
क्या आपने कभी सोचा है कि वह चटपटा बर्गर या चिप्स का पैकेट आपके बच्चे के दिमाग के अंदर क्या कर रहा है? ...और पढ़ें

क्या जंक फूड आपके बच्चे के दिमाग को कमजोर कर रहा है? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम सभी जानते हैं कि जंक फूड शरीर के लिए नुकसानदायक है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह आपके बच्चे के दिमाग पर भी गहरा असर डालता है?
किशोरावस्था में बच्चों के दिमाग का विकास तेजी से हो रहा होता है। ऐसे में, खानपान की आदतें बहुत मायने रखती हैं। पैकेटबंद स्नैक्स, रिफाइंड शुगर और अनहेल्दी फैट से भरपूर डाइट बच्चों की याददाश्त, सीखने की क्षमता, एकाग्रता और भावनाओं को नियंत्रित करने वाले दिमाग के हिस्सों पर बहुत बुरा प्रभाव डालती है।
आइए, कैलाश दीपक अस्पताल के कंसल्टेंट नियोनेटोलॉजिस्ट, डॉ. अविजीत प्रकाश यादव से समझते हैं कि जंक फूड किस तरह बच्चों की मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है और माता-पिता इसके बचाव के लिए क्या कर सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
दिमाग पर जंक फूड का असर कैसे होता है?
जंक फूड खाने से दिमाग की कोशिकाओं के बीच होने वाला आपसी संपर्क प्रभावित होता है। रिसर्च बताती है कि बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड खाना खाने से दिमाग का 'रिवॉर्ड सिस्टम' बदल सकता है। इसका सीधा असर कॉग्निटिव फ्लेक्सिबिलिटी पर पड़ता है, यानी बच्चे की नई परिस्थितियों के अनुसार ढलने, सीखने और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता कमजोर होने लगती है।
ज्यादा जंक फूड खाने वाले बच्चों में दिखने वाले लक्षण
जो बच्चे नियमित रूप से जंक फूड का सेवन करते हैं, वे समय के साथ कई तरह की मानसिक और व्यावहारिक समस्याओं का शिकार हो सकते हैं:
- ध्यान भटकना: किसी काम में लंबे समय तक ध्यान न लगा पाना।
- एकाग्रता में कमी: पढ़ाई या किसी अन्य काम में फोकस न कर पाना।
- स्वभाव में चिड़चिड़ापन: छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा या चिड़चिड़ा महसूस करना।
- मानसिक थकान: जल्दी दिमागी रूप से थक जाना।
- कमजोर याददाश्त: सीखी हुई चीजों को लंबे समय तक याद रखने में परेशानी होना।
पोषक तत्वों की कमी और 'एनर्जी स्विंग्स'
हेल्दी दिमाग के विकास के लिए विटामिन, मिनरल, प्रोटीन, आयरन, जिंक और हेल्दी फैट जैसे जरूरी पोषक तत्वों की जरूरत होती है, जो जंक फूड में बिल्कुल नहीं होते।
- सूजन: ऐसे अनहेल्दी खाने से शरीर और दिमाग में सूजन आ सकती है, जो बच्चों के मूड, व्यवहार और सीखने की क्षमता को बिगाड़ती है।
- एनर्जी स्विंग्स: ज्यादा चीनी और प्रोसेस्ड खाना खाने से बच्चे कुछ देर के लिए तो बहुत ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद वे थके हुए और सुस्त महसूस करने लगते हैं।
भविष्य से भी जुड़ा है खतरा
सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर बचपन में ही खराब खानपान की आदत पड़ जाए, तो यह बड़े होने तक बनी रह सकती है। इसके नतीजे भविष्य में लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक सेहत पर दिखाई देते हैं।
खबरें और भी
इसके अलावा, खराब डाइट के कारण बच्चों में अक्सर नींद से जुड़ी समस्याएं, आलस और व्यवहार से जुड़ी अन्य दिक्कतें देखी जाती हैं। ये सभी चीजें सीधे तौर पर उनके एकेडमिक परफॉरमेंस और इमोशनल वेलबीइंग को नुकसान पहुंचाती हैं।
माता-पिता के लिए सलाह
माता-पिता को बच्चों की डाइट से उनकी पसंद के स्नैक्स या ट्रीट को पूरी तरह से बंद करने की जरूरत नहीं है। इसके बजाय, संतुलन और निरंतरता बनाए रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। आप इन आसान तरीकों को अपना सकते हैं:
- घर के खाने को प्राथमिकता दें: बच्चों को ताजा और घर का बना खाना खिलाएं।
- हेल्दी स्नैकिंग: जंक फूड की जगह फलों और सेहतमंद स्नैक्स की आदत डालें।
- फिजिकल एक्टिविटी: बच्चों को आउटडोर गेम्स खेलने और फिजिकल एक्टिविटी के लिए प्रेरित करें।
- पर्याप्त पानी और नींद: दिनभर में सही मात्रा में पानी पीने और रात में अच्छी नींद लेने का रूटीन सेट करें।
इन छोटी-छोटी आदतों से बढ़ते बच्चों के दिमाग का सही विकास होता है, उनकी एकाग्रता बढ़ती है और वे भावनात्मक रूप से स्थिर और मजबूत बनते हैं।