Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोद में लैपटॉप रखकर काम करना कितना सुरक्षित? सेहत की है परवाह, तो जरूर पढ़ें डॉक्टर की राय

    Updated: Tue, 26 May 2026 01:09 PM (IST)

    लैपटॉप गोद में रखकर काम करना आपको भले ही बहुत आरामदायक लगता हो, लेकिन क्या कभी सोचा है कि यह 'कंफर्ट' आपके शरीर पर कितना भारी पड़ सकता है? ...और पढ़ें

    घंटों गोद में लैपटॉप रखना सेहत के लिए नुकसानदायक (Image Source: AI-Generated)

    घंटों गोद में लैपटॉप रखना सेहत के लिए नुकसानदायक (Image Source: AI-Generated) 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल 'वर्क फ्रॉम होम' या घंटों स्क्रीन पर काम करने के दौरान लैपटॉप को गोद में रखकर बैठना हमारी आम आदत बन गई है। यह तरीका हमें भले ही बहुत आरामदायक लगता हो, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह आपकी सेहत के लिए कितना नुकसानदायक हो सकता है?

    PSRI अस्पताल, दिल्ली के हेड फिजियोथेरेपी, लक्ष्य भक्तयानी का कहना है कि इसे सीधे तौर पर जानलेवा या 'घातक' कहना सही नहीं होगा, लेकिन अगर आप लगातार और गलत तरीके से ऐसा करते हैं, तो यह सेहत से जुड़ी कई तरह की समस्याओं को न्योता जरूर दे सकता है। आइए जानते हैं कि यह आदत शरीर पर क्या-क्या नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।

    bad posture from laptop use

    (Image Source: AI-Generated) 

    त्वचा को नुकसान और 'टोस्टेड स्किन सिंड्रोम'

    लैपटॉप से निकलने वाली तेज गर्मी सबसे बड़ी चिंता का विषय है। जब आप इसे घंटों तक सीधे अपने पैरों या गोद में रखते हैं, तो यह आपकी त्वचा पर बुरा असर डाल सकता है। इसकी वजह से त्वचा पर जलन और लालपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मामलों में तो 'टोस्टेड स्किन सिंड्रोम' भी देखा गया है, जिसमें लगातार गर्मी लगने के कारण त्वचा पर जालीनुमा दाग पड़ जाते हैं।

    खराब पोश्चर और मांसपेशियों में दर्द

    गोद में लैपटॉप रखकर काम करने से आपके बैठने का तरीका पूरी तरह बिगड़ जाता है। स्क्रीन को देखने के लिए लोगों को अक्सर अपनी गर्दन नीचे की ओर झुकानी पड़ती है। लंबे समय तक इसी मुद्रा में रहने से गर्दन, कंधों और पीठ में दर्द की शिकायत बढ़ जाती है। यही नहीं, इससे मांसपेशियों में तनाव पैदा होता है और आगे चलकर रीढ़ की हड्डी से जुड़ी दिक्कतें भी शुरू हो सकती हैं।

    खबरें और भी

    पुरुषों की रिप्रोडक्टिव हेल्थ पर असर

    कई बार पुरुषों में लैपटॉप की गर्मी और उनकी रिप्रोडक्टिव हेल्थ को लेकर भी चर्चाएं सामने आई हैं। कुछ शोध इस बात की ओर इशारा करते हैं कि लंबे समय तक इस तेज गर्मी के संपर्क में रहने से शुक्राणुओं की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। हालांकि, इस विषय पर अभी और ज्यादा रिसर्च की जरूरत है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इस मामले में सावधानी बरतना ही बेहतर है।

    कलाई और हाथों में खिंचाव

    जब हम लैपटॉप को गोद में रखते हैं, तो हमारे हाथों और कलाई की पोजिशन काफी असहज हो जाती है। इस गलत एंगल में लगातार काम करने से लंबे समय में कलाई के अंदर तेज दर्द या तनाव की समस्या पैदा हो सकती है।

    बचाव के आसान तरीके

    डॉक्टर के अनुसार, अगर आपको लंबे समय तक काम करना है, तो कुर्सी और टेबल का इस्तेमाल करना सबसे आरामदायक और सुरक्षित विकल्प है। इसके अलावा आप इन जरूरी बातों का ध्यान रख सकते हैं:

    • गैजेट्स का इस्तेमाल: लैपटॉप को सीधे अपनी गोद में रखने के बजाय हमेशा लैपटॉप स्टैंड, डेस्क या कुशन ट्रे का उपयोग करें। इससे गर्मी सीधे शरीर तक नहीं पहुंचेगी और आपका पोश्चर भी सही रहेगा।
    • ब्रेक लें: लगातार स्क्रीन के सामने न बैठें। हर 30 से 40 मिनट में एक छोटा ब्रेक जरूर लें।
    • पोजिशन बदलें: काम के दौरान बीच-बीच में अपने बैठने की पोजिशन बदलते रहें, इससे आपके शरीर और मांसपेशियों को आराम मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- सावधान युवा! घंटों स्क्रीन टाइम, कम नींद और जंक फूड दे रहे थायराइड को दावत, जानें डॉक्टरों की राय

    यह भी पढ़ें- लगातार बैठे रहना और कम नींद...कैसे डिजिटल लाइफस्टाइल युवाओं को बना रही है हाई बीपी का मरीज?