गर्मियों में नाक से खून आना किस बात का है संकेत? डॉक्टर ने बताया कब तुरंत भागना चाहिए अस्पताल
गर्मी का मौसम हो और अचानक नाक से खून टपकने लगे... यह नजारा किसी को भी डराने के लिए काफी होता है। ...और पढ़ें

गर्मियों में नाक से खून आने के कारण, बचाव और डॉक्टर की सलाह (Image Source: AI-Generated)
HighLights
गर्मी, सूखी हवा, पानी की कमी से नाक से खून
सिर आगे झुकाकर नाक दबाएं, मुंह से सांस लें
बार-बार खून आए, चक्कर आएं, तो डॉक्टर को दिखाएं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम आते ही कई लोगों को नाक से खून आने की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे देखकर घबराना लाजमी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादातर मामलों में यह कोई गंभीर बात नहीं होती?
कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. मानसी निगम ने इस समस्या के कारण, बचाव और इसे रोकने के सही तरीके बताए हैं। आइए, इस आर्टिकल में समझते हैं कि गर्मी में नाक से खून आए तो क्या करें और क्या नहीं।

(Image Source: AI-Generated)
गर्मी में क्यों होती है नोज ब्लीडिंग?
डॉक्टर बताती हैं कि हमारी नाक के अंदर की परत और खून की नसें बहुत ही नाजुक होती हैं। तेज गर्मी, सूखी हवा, लू और शरीर में पानी की कमी के कारण नाक के अंदर की यह परत सूख कर संवेदनशील हो जाती है। ऐसे में ये छोटी नसें चटक जाती हैं और खून बहने लगता है।
इसके अलावा, गर्मियों में हम लंबे समय तक AC में रहते हैं, जिससे नाक का रास्ता और ज्यादा सूख जाता है। जब नाक पहले से ही सूखी और इरिटेटेड होती है, तो ऐसे में बार-बार नाक रगड़ने, जोर से नाक साफ करने या नाक में उंगली डालने जैसी आदतों से तुरंत ब्लीडिंग शुरू हो सकती है।
खबरें और भी
भूलकर भी न करें यह गलती
अक्सर लोग नाक से खून आते ही अपना सिर पीछे की तरफ झुका लेते हैं। डॉक्टर के अनुसार यह एक बहुत ही आम गलती है और ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। सिर पीछे करने से खून गले के रास्ते पेट में जा सकता है।
इसके साथ ही, लोगों को बार-बार यह चेक करने से भी बचना चाहिए कि खून आना बंद हुआ या नहीं। बार-बार नाक को छूने से खून का थक्का बनने की प्रक्रिया डिस्टर्ब हो सकती है और ब्लीडिंग दोबारा शुरू हो सकती है।
खून रोकने का सही और आसान तरीका
ज्यादातर नोज ब्लीडिंग खतरनाक नहीं होती और इसे घर पर ही शांति से रोका जा सकता है। अगर नाक से खून आ जाए, तो ये आसान स्टेप्स फॉलो करें:
- आगे की तरफ झुकें: सीधे बैठ जाएं और अपने सिर को थोड़ा आगे की तरफ झुका लें।
- नाक को दबाएं: नाक के आगे वाले हिस्से को अपनी उंगलियों से करीब 10 से 15 मिनट तक हल्के से पिंच करके रखें।
- मुंह से सांस लें: नाक बंद होने के कारण इस दौरान अपने मुंह से सांस लेते रहें।
- ठंडी सिकाई: खून के बहाव को धीमा करने के लिए आप नाक या गालों पर कोल्ड कंप्रेस का इस्तेमाल कर सकते हैं।
गर्मियों में कैसे करें बचाव?
गर्मी के मौसम में हाइड्रेशन सबसे अहम भूमिका निभाता है। भरपूर मात्रा में लिक्विड डाइट लें, ताकि शरीर और नाक के अंदर नमी बनी रहे। इससे सूखापन कम होगा और जलन से राहत मिलेगी। कुछ मामलों में नाक की नमी बनाए रखने के लिए सलाइन नोजल स्प्रे या ह्यूमिडिफायर हवा का इस्तेमाल भी फायदेमंद हो सकता है।
डॉक्टर के पास कब जाना जरूरी है?
यूं तो नोज ब्लीडिंग आसानी से घर पर रुक जाती है, लेकिन कुछ स्थितियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर आपको नीचे दिए गए लक्षण दिखें, तो यह किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है और ऐसे में तुरंत मेडिकल हेल्प लेनी चाहिए:
- जब बार-बार नाक से खून आ रहा हो।
- ब्लीडिंग बहुत ज्यादा हो।
- खून आने के साथ चक्कर महसूस हो रहे हों।
- सांस लेने में तकलीफ हो रही हो।
- अगर किसी चोट लगने के बाद नाक से खून बहना शुरू हुआ हो।
यह भी पढ़ें- कभी सोचा है गर्मियों में क्यों बढ़ जाता है चिड़चिड़ापन? डॉक्टर ने दिए दिमाग को 'कूल' रखने के टिप्स