पार्किंसंस से जंग में ढाल बन सकती है आपकी डाइट, डॉक्टर ने बताया क्या खाएं और क्या नहीं
पार्किंसंस रोग में दवाइयों के साथ सही डाइट भी महत्वपूर्ण है। डॉ. आदित्य गुप्ता के अनुसार, संतुलित आहार दिमाग को ताकत देता है और लक्षणों को नियंत्रित करता है।

पार्किंसंस रोग: डाइट से करें लक्षणों को नियंत्रित, डॉक्टर की सलाह (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पार्किंसंस डिजीज (Parkinson's disease) शरीर में कंपन, अकड़न और धीमी गति जैसी कई चुनौतियां लेकर आता है, जिससे रोजमर्रा के काम भी मुश्किल लगने लगते हैं। इस बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करने के मकसद से हर साल वर्ल्ड पार्किंसंस डे मनाया जाता है।
इस बीमारी में दवाइयां सबसे अहम हिस्सा हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी थाली में रखा खाना भी इस बीमारी से लड़ने में एक बड़ा हथियार बन सकता है? डॉ. आदित्य गुप्ता (निदेशक, न्यूरोसर्जरी और साइबरनाइफ, आर्टेमिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम) बताते हैं कि एक सही और संतुलित डाइट न सिर्फ आपके दिमाग को ताकत देता है, बल्कि पार्किंसंस के लक्षणों को कंट्रोल करने में भी मदद करता है।
आइए बिल्कुल आसान भाषा में समझते हैं कि पार्किंसंस के मरीजों को अपनी डाइट में क्या शामिल करना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए:
डाइट में जरूर शामिल करें ये चीजें
- अपनी डाइट में रंग-बिरंगे फल और सब्जियां जरूर रखें। सेब, बेरीज, पालक और ब्रोकोली जैसी चीजों में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। ये दिमाग के ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं और नसों को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं।
- अखरोट, अलसी के बीज और मछली में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है। यह दिमाग की सूजन को कम करता है और उसके काम करने की क्षमता को सुधारता है। इसके अलावा, साबुत अनाज और ड्राई फ्रूट्स शरीर को लगातार एनर्जी देते हैं।
- पार्किंसंस के मरीजों में कब्ज एक बहुत ही आम समस्या है। इससे बचने के लिए अपनी डाइट में ओट्स, दालें और फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करें।
- शरीर को हाइड्रेटेड रखना नसों और पाचन दोनों के लिए बहुत जरूरी है, इसलिए दिन भर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
इन चीजों से बना लें दूरी
- प्रोसेस्ड (पैकेटबंद) खाना, ज्यादा चीनी और अनहेल्दी फैट वाले भोजन से बचें। ये चीजें शरीर में आलस, थकान और सूजन को बढ़ा देती हैं।
- ब्लड प्रेशर के अचानक घटने या बढ़ने से बचने के लिए अपने खाने में नमक की मात्रा कम ही रखें।
- अगर आप पार्किंसंस की मुख्य दवा जैसे 'लेवोडोपा' (Levodopa) ले रहे हैं, तो इसके साथ बहुत ज्यादा हाई-प्रोटीन (जैसे बहुत सारा मांस या पनीर) खाने से बचें। ज्यादा प्रोटीन शरीर में दवा के असर को धीमा कर सकता है। डॉक्टर की सलाह से दवा और प्रोटीन वाले खाने के बीच समय का अंतर रखें।
- शराब और बहुत ज्यादा कैफीन आपकी नींद के पैटर्न को खराब कर सकते हैं और कंपकंपी के लक्षणों को बढ़ा सकते हैं। इन्हें सीमित मात्रा में ही लें।
- एक ही बार में प्लेट भरकर खाने के बजाय, दिन भर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में कई बार खाएं। आराम से बैठकर, धीरे-धीरे चबाकर खाना आपके लक्षणों को काफी हद तक कंट्रोल में रख सकता है।
यह भी पढ़ें- पार्किंसंस की शुरुआती पहचान में क्यों हो जाती है चूक? न्यूरोलॉजिस्ट ने बताया बचाव का सही रास्ता
