सावन में हरी-पत्तेदार सब्जियों से क्यों करना चाहिए परहेज? समझें बड़े-बुजुर्गों की इस सलाह के पीछे का लॉजिक
सावन में बड़े-बुजुर्ग अक्सर अपने खानपान को लेकर सतर्क हो जाते हैं। खासकर पालक, मेथी, सरसों और दूसरी हरी पत्तेदार ...और पढ़ें

क्या सावन में पत्तेदार सब्जियां खाना सच में नुकसानदायक होता है? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बड़े-बुजुर्गों की ओर से अक्सर सलाह दी जाती है कि बारिश में पालक, मेथी और सरसों जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन कम कर देना चाहिए या इनसे पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए।
हालांकि, क्या वाकई मानसून में इन सब्जियों का पोषण खत्म हो जाता है? दरअसल, असल समस्या इन सब्जियों के घटते पोषण में नहीं, बल्कि बारिश और नमी की वजह से इनमें पनपने वाली गंदगी और बैक्टीरिया में है। आइए, इस आर्टिकल में समझते हैं कि क्या सच में आपको इन सब्जियों को छोड़ने की जरूरत है या फिर सावन में इन्हें खाने का कोई सुरक्षित तरीका भी है।

(Image Source: AI-Generated)
सावन में क्यों बढ़ जाता है बीमारियों का खतरा?
सावन के दौरान हवा में नमी काफी ज्यादा होती है। खेतों और आसपास जमा पानी की वजह से पत्तेदार सब्जियों पर मिट्टी, गंदगी और बैक्टीरिया आसानी से चिपक जाते हैं। इन सब्जियों की बनावट और कई परतें ऐसी होती हैं, जिनके बीच छोटे कीड़े और मिट्टी छिप जाते हैं।
अगर इन्हें बिना ठीक से धोए या कच्चा खा लिया जाए, तो पेट के संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसके कारण फूड पॉइजनिंग, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, दस्त, उल्टी और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
क्या सावन में पत्तेदार सब्जियां खाना बिल्कुल छोड़ दें?
हरी पत्तेदार सब्जियां पोषण का खजाना होती हैं। इनमें प्रचुर मात्रा में फाइबर, फोलेट, विटामिन और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, इसलिए इन्हें पूरी तरह से बंद करने की जरूरत नहीं है। जी हां, आप इन्हें अपने संतुलित आहार का हिस्सा बना सकते हैं, बस आपको इन्हें खरीदते और पकाते समय साफ-सफाई का खास ध्यान रखना है:
- बाजार से ऐसी सब्जियां बिल्कुल न खरीदें जो बहुत ज्यादा गीली, चिपचिपी, मुरझाई हुई या खराब दिख रही हों।
- घर लाते ही सबसे पहले सड़े-गले और खराब पत्तों को छांटकर तुरंत अलग कर दें।
हरी सब्जियों को धोने का सही तरीका क्या है?
पत्तेदार सब्जियों को केवल ऊपर से पानी डालकर धो लेना काफी नहीं है। इसे साफ करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले पत्तों को अलग-अलग करें और उन पर दिखाई देने वाली मिट्टी व गंदगी को हटाएं।
- इसके बाद सब्जियों को साफ बहते पानी के नीचे अच्छी तरह से धोएं।
- धोने के बाद एक्स्ट्रा पानी को निकाल दें और सब्जियों को जल्द से जल्द पका लें।
- इन्हें लंबे समय तक गीला छोड़ने से बचें, क्योंकि नमी में कीटाणु बहुत तेजी से पनपते हैं।
कच्ची या अधपकी सब्जियों से करें तौबा
सावन में पत्तेदार सब्जियों को हमेशा अच्छी तरह पकाकर ही खाना चाहिए। बाहर मिलने वाले खुले सलाद या पहले से कटी हुई पत्तेदार सब्जियों को खाने से बचें। खाने को अच्छी तरह से पकाने से कई खतरनाक कीटाणुओं का जोखिम कम हो जाता है।
ध्यान रखें, अगर कोई सब्जी खराब हो गई है या उस पर फंगस लग गई है, तो उसे पकाकर खाने की गलती बिल्कुल न करें।
किन्हें बरतनी चाहिए सबसे ज्यादा सावधानी?
बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को इस मौसम में भोजन की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अगर पत्तेदार सब्जी खाने के बाद किसी को भी लगातार उल्टी, दस्त, तेज पेट दर्द या बुखार जैसी समस्या महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
सावन के महीने में असली जरूरत पालक या मेथी से दूरी बनाने की नहीं है, बल्कि फूड हाइजीन को लेकर खास सावधानी बरतने की है। सही तरीके से साफ की गई, ताजी और अच्छी तरह पकी हुई पत्तेदार सब्जियां इस मौसम में भी आपके बैलेंस डाइट का बेहतरीन हिस्सा हो सकती हैं।
(गिन्नी कालरा आकाश हेल्थकेयर की डाइटेटिक्स हेड हैं।)
यह भी पढ़ें- सिर्फ दूध-दही या बैंगन ही नहीं, सावन में इन फूड्स को भी खाने से मना करते हैं बड़े-बुजुर्ग; नोट कर लें लिस्ट
यह भी पढ़ें- सावन में कढ़ी खाने की क्यों होती है मनाही? सिर्फ परंपरा नहीं, पीछे छिपा है ये गहरा रहस्य
