बरसात में भी नए जैसे रहेंगे आपके महंगे जूते, देखभाल के लिए बस अपनाएं ये 6 स्मार्ट हैक्स
बारिश में महंगे जूतों को खराब होने से कैसे बचाएं? अगर आप भी इस सवाल का जवाब जानना चाहते हैं, तो यह आर्टिकल खास आपके लिए ही है। ...और पढ़ें

महंगे जूतों की लाइफ बढ़ाएंगे ये 6 ट्रिक्स (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रिमझिम बारिश भला किसे पसंद नहीं होती है, लेकिन यही मौसम हमारे महंगे जूतों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं होता। जी हां, सड़क की कीचड़ और गंदा पानी अच्छे-भले जूतों की चमक छीन लेते हैं।
अगर आप भी इस बात से परेशान हैं कि बारिश में अपने फेवरिट जूतों को कैसे बचाया जाए, तो अब फिक्र करना छोड़ दीजिए। आज हम आपको ऐसे 6 बहुत ही आसान हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनसे आपके जूते बरसात में भी एकदम नए जैसे रहेंगे।

(Image Source: AI-Generated)
वाटरप्रूफ स्प्रे का जादू
बारिश शुरू होने से पहले ही अपने जूतों की ढाल तैयार कर लें। बाजार में अच्छी क्वालिटी के वाटरप्रूफ या वॉटर-रेपेलेंट स्प्रे आसानी से मिल जाते हैं। घर से निकलने से पहले इसे अपने जूतों पर छिड़कें। यह जूतों के ऊपर एक प्रोटैक्टिव लेयर बना देता है, जिससे पानी आसानी से जूतों के अंदर नहीं जा पाता और ये सेफ रहते हैं।
अखबार आएगा बड़े काम
अगर किसी कारण से आपके जूते बारिश में बुरी तरह भीग गए हैं, तो उन्हें सुखाने के लिए कभी भी हीटर या हेयर ड्रायर का इस्तेमाल न करें। तेज गर्मी से जूतों का मटेरियल खराब हो सकता है और वे सिकुड़ सकते हैं। इसके बजाय, पुराने अखबार के पन्नों को गोल मोड़कर जूतों के अंदर अच्छी तरह ठूंस कर भर दें। अखबार जूतों की सारी नमी सोख लेगा और सूखने के बाद शूज का असली शेप भी नहीं बिगड़ेगा।
खबरें और भी
कीचड़ को सूखने का मौका न दें
बरसात में बाहर चलने पर जूतों पर कीचड़ लगना एकदम आम बात है, लेकिन सबसे बड़ी गलती हम यह करते हैं कि उसे जूतों पर ही सूखने देते हैं। जी हां, आप ऐसा बिल्कुल न करें। घर आते ही एक पुराने टूथब्रश या हल्के गीले सूती कपड़े की मदद से जूतों को तुरंत साफ कर लें। दाग एक बार सूख जाएं, तो उन्हें बिना जूते को नुकसान पहुंचाए हटाना बहुत मुश्किल हो जाता है।
सिलिका जेल से दूर भगाएं फंगस
बारिश के दिनों में हवा में बहुत नमी होती है, जिसके कारण बंद अलमारी में रखे जूतों पर सफेद फंगस या फफूंदी लग जाती है और उनमें से बदबू आने लगती है। इससे बचने के लिए अपने जूतों के डिब्बे या शू-रैक में सिलिका जेल के छोटे-छोटे पैकेट जरूर रखें। यह हवा की नमी को सोख लेता है और आपके जूतों को स्मेल-फ्री रखता है।
जूतों को बदल-बदल कर पहनें
बारिश के मौसम में यह नियम जरूर अपनाना चाहिए। लगातार रोज एक ही जोड़ी जूता पहनने से उन्हें सूखने और ताजी हवा लगने का पूरा समय नहीं मिल पाता है। इसलिए हमेशा जूतों को बदल-बदल कर पहनें। इससे आपके जूतों को सांस लेने का मौका मिलेगा और उनकी लाइफ भी दोगुनी हो जाएगी।
वैक्स या पॉलिश से करें प्रोटैक्ट
अगर आपके पास महंगे लेदर के जूते हैं, तो बारिश में उन्हें पानी से बचाना सबसे ज्यादा जरूरी है। बाहर निकलने से पहले उन पर लेदर वैक्स या एक अच्छी लेदर कंडीशनिंग पॉलिश की लेयर जरूर लगाएं। यह वैक्स जूतों को पानी से बचाता है, चमड़े को फटने से रोकता है और उनकी नेचुरल शाइन को लंबे समय तक बरकरार रखता है।
अगर मुमकिन हो, तो तेज बारिश के दिनों में अपने महंगे जूतों को घर पर ही रहने दें और रबर या वाशेबल जूतों का इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें- बाथरूम के कोनों में बार-बार बन रहे हैं मकड़ी के जाले? रोकने के लिए आजमाएं 5 आसान ट्रिक्स
यह भी पढ़ें- नींबू निचोड़ने के बाद कहीं आप भी तो नहीं फेंक देते छिलके? इसके फायदे जानकर आज से ही कर लेंगे स्टोर