परफेक्ट नहीं, अब 'अजीब और बेमेल' जूते बन रहे युवाओं की पहली पसंद; बदल रहा है फैशन का गेम
फैशन की दुनिया में अब अजीब और बेमेल जूते युवाओं की पहली पसंद बन रहे हैं, जिसे 'फ्रेंकनशू' कहा जा रहा है। ...और पढ़ें

युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है Frankenshoe का क्रेज (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। फैशन की दुनिया में हमेशा कुछ नया देखने को मिलता रहता है। आजकल जूतों के मामले में लोगों की पसंद पूरी तरह बदल गई है। अब लोग परफेक्ट और सुंदर जूतों के बजाय ऐसे फुटवियर को तरजीह दे रहे हैं, जो दिखने में थोड़े अजीब और बेमेल हों। फैशन के जानकार इस नए और अटपटे चलन को 'फ्रेंकनशू' का नाम दे रहे हैं।
यह दिलचस्प नाम मशहूर डरावनी कहानी के किरदार 'फ्रेंकेंस्टीन' से लिया गया है। जिस तरह फ्रेंकेंस्टीन को कई अलग-अलग शरीर के अंगों को जोड़कर बनाया गया था, ठीक उसी तरह हाइब्रिड 'फ्रेंकनशू' को भी कई तरह के जूतों के डिजाइनों को मिलाकर तैयार किया जाता है।
इसमें कभी सैंडल को स्नीकर के साथ जोड़ दिया जाता है, तो कभी रनिंग शूज में बूट्स का भारी सोल लगा दिया जाता है। आज के डिजाइनर्स का भी यही मानना है कि जूते का डिजाइन जितना अजीबोगरीब होगा, उसका स्टाइल उतना ही शानदार माना जाएगा। आइए, जानते हैं बाजार में छाए हुए कुछ मशहूर 'फ्रेंकनशू' डिजाइन।
स्नीकरिना

(Image Source: AI-Generated)
यह अनोखा डिजाइन बैले डांसर्स की फ्लैट चप्पल और स्पोर्टी स्नीकर्स को मिलाकर बनाया गया है। इसे बड़े लग्जरी ब्रांड्स ने खास तौर पर उन युवाओं के लिए बाजार में उतारा है, जिन्हें स्टाइल के साथ-साथ पैरों के लिए आराम भी चाहिए। के-पॉप सितारों और इन्फ्लुएंसर्स के पहनने के बाद यह युवाओं का पसंदीदा ट्रेंड बन गया है।
खबरें और भी
स्नोफर

(Image Source: AI-Generated)
अगर आप लोफर और स्नीकर को एक साथ मिला दें, तो वह स्नोफर बन जाता है। इसका कुशन वाला मुलायम सोल और स्लिप-ऑन डिजाइन इसे इतना आरामदायक बनाता है कि युवा इसे ऑफिस से लेकर दोस्तों के साथ घूमने तक, हर जगह पहनना पसंद कर रहे हैं।
नाइकी शॉक्स

(Image Source: AI-Generated)
ब्रिटेन के डिजाइनर मार्टिन रोज द्वारा डिजाइन किए गए 'नाइकी शॉक्स एमआर 4 म्यूल' इन दिनों काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। आगे से यह जूते बिल्कुल किसी फॉर्मल लोफर की तरह दिखते हैं, लेकिन पीछे की तरफ इनमें स्प्रिंग वाली हील दी गई है। यह म्यूल, स्नीकर और हील का एक बेहतरीन कॉम्बो है।
क्लॉग्स

(Image Source: AI-Generated)
यह क्रॉक्स और जूतों का मिला-जुला और बेहद आरामदायक रूप है। अपने हल्के वजन और फोम मटेरियल की वजह से कॉलेज जाने वाले, सफर करने वाले और रोजमर्रा का काम करने वाले युवा इन्हें खूब पहन रहे हैं। कई बड़ी हस्तियों के पहनने से इनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई है।
फाइव-फिंगर शूज

(Image Source: AI-Generated)
इटली की 'वाइब्रम' कंपनी द्वारा बनाए गए ये जूते अपनी बनावट के कारण काफी अजीब दिखते हैं। हालांकि, फिटनेस के दीवानों और रनिंग करने वालों के बीच ये सुपरहिट हैं। इन्हें खास तौर पर इसलिए डिजाइन किया गया है ताकि पहनने वाले को बिल्कुल नंगे पैर चलने जैसा प्राकृतिक अहसास मिल सके।
आज की युवा पीढ़ी की सोच बदल रही है। वे अब ऐसी चीजें पहनना चाहते हैं जो भीड़ से बिल्कुल अलग दिखें और तुरंत लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लें।
यह भी पढ़ें- फिर लौट आया 'कैपरी पैंट्स' का दौर! इन टिप्स से आलिया भट्ट की तरह आप भी दिखें इस सीजन स्टाइलिश
यह भी पढ़ें- ब्रांडेड कपड़ों के शौकीन हैं तो पढ़ लें ये खबर: हुडी से लेकर कैप और जूतों तक, हर तीसरा आइटम है 'फर्जी'