क्या आप भी सीरियस रहने वालों को दुखी समझते हैं? साइकोलॉजिस्ट की बात जानकर बदल जाएगी आपकी सोच
अक्सर लोग गंभीर दिखने वाले व्यक्तियों को दुखी समझते हैं, लेकिन मनोवैज्ञानिक अर्पिता कोहली के अनुसार यह धारणा गलत है। ...और पढ़ें

क्यों एक 'सीरियस' चेहरे के पीछे भी छिपी हो सकती है गहरी खुशी? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम अक्सर सोचते हैं कि जो इंसान हमेशा मुस्कुराता रहता है, वही दुनिया का सबसे खुश व्यक्ति है। वहीं, अगर कोई शांत या गंभीर है, तो हम तुरंत मान लेते हैं कि वह जरूर किसी बात से परेशान या तनाव में होगा।
हालांकि, दिल्ली के पीएसआरआई अस्पताल की कंसल्टेंट साइकोलॉजिस्ट अर्पिता कोहली के अनुसार, यह धारणा पूरी तरह गलत है। आइए समझते हैं कि क्यों एक 'सीरियस' चेहरे के पीछे भी गहरी खुशी छिपी हो सकती है।

(Image Source: AI-Generated)
मुस्कान नहीं, संतुष्टि है असली पैमाना
खुशी को सिर्फ चेहरे की मुस्कान से नहीं नापा जा सकता। सच्ची खुशी एक अंदरूनी अहसास है, जो मन की शांति, स्थिरता और खुद को स्वीकार करने से पैदा होती है। दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जो बिना ज्यादा मुस्कुराए या हंसे भी अपनी जिंदगी में पूरी तरह से संतुष्ट और संतुलित रहते हैं। वे जीवन की छोटी-छोटी बातों का आनंद लेते हैं, बस उनके जताने का तरीका दूसरों से थोड़ा अलग होता है।
स्वभाव का होता है बड़ा असर
हम खुशी को कैसे व्यक्त करते हैं, इसमें हमारी पर्सनैलिटी की बहुत बड़ी भूमिका होती है। जो लोग 'एक्सट्रोवर्ट' होते हैं, वे अपनी भावनाओं को दुनिया के सामने खुलकर जाहिर करते हैं। दूसरी तरफ, 'इंट्रोवर्ट' या शांत स्वभाव वाले लोग अपनी खुशी को अपने भीतर ही महसूस करना ज्यादा पसंद करते हैं। यही कारण है कि बाहर से उनका चेहरा भले ही बहुत गंभीर या शांत लगे, लेकिन अंदर से वे पूरी तरह खुश हो सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
दिखावे की बजाय महसूस करने पर जोर
कुछ लोग अपनी भावनाओं पर बेहतरीन नियंत्रण रखना सीख जाते हैं। हालात चाहे जैसे भी हों, वे बहुत ज्यादा 'एक्सप्रेशन' दिखाने के बजाय एक संतुलित प्रतिक्रिया देते हैं। ऐसे गंभीर दिखने वाले लोग अक्सर मानसिक रूप से बहुत मजबूत होते हैं। उनका पूरा ध्यान अपनी खुशी का दिखावा करने पर नहीं, बल्कि उसे गहराई से महसूस करने पर होता है।
खबरें और भी
हर वक्त मुस्कुराना जरूरी नहीं
यह समझना बहुत जरूरी है कि हर समय मुस्कुराते रहना कोई नियम नहीं है। कई बार लोग सिर्फ समाज के दबाव में या दिखावे के लिए भी झूठी मुस्कान ओढ़ लेते हैं। इसलिए, केवल किसी व्यक्ति के चेहरे के हाव-भाव देखकर उसके दुखी या परेशान होने का अंदाजा लगाना एक बड़ी भूल है। एक शांत और गंभीर चेहरा दुख का नहीं, बल्कि मन की स्थिरता का प्रतीक भी हो सकता है।