रेत में खुद को दबाना और जमकर रोना! गर्मी से बचने के लिए चीन के युवा क्यों अपना रहे हैं ये अजीबो-गरीब पैंतरे?
हम गर्मी से बचने के लिए ठंडी तासीर वाली चीजें लेते हैं और चीन में लोग रोना और खुद को रेत में दबाना पसंद कर रहे हैं, आखिर क्या है यह नया ट्रेंड? ...और पढ़ें

चीन का "डैम्पनेस हटाओ" ट्रेंड (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बीजिंग, एजेंसी। भारत में पुरानी चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद है जिसे जीने का विज्ञान कहा जाता है। जड़ी-बूटियों से रोग का उपचार करना, वात-पित्त-कफ दोष को संतुलित करना, योग, प्राणायाम और ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाना इस प्राचीन पद्धति का हिस्सा रहा है।
भारत में तो लोग मौसम बदलने पर इसी पुरानी पद्धति पर भरोसा करते हैं लेकिन हमारे पड़ोसी चीन में पुरानी चिकित्सा पद्धति बेहद अलग है। इन दिनों सोशल मीडिया पर उनकी चिकित्सा पद्धति खूब ट्रेंड कर रही है जिसका नाम है पारंपरिक चीनी चिकित्सा यानी टीसीएम। अब आप सोच रहे होंगे कि इस पद्धति में ऐसी भी क्या खास बात है तो चलिए आपको बताते हैं।
चीन का "डैम्पनेस हटाओ" ट्रेंड
चीन में भीषण गर्मी के बीच युवाओं में पारंपरिक चीनी चिकित्सा (टीसीएम) का "डैम्पनेस हटाओ" ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। उनका मानना है कि शरीर में बढ़ी नमी ही थकान, सुस्ती, तैलीय त्वचा और मुंहासों की वजह बनती है। ऐसे में यह पद्धति शरीर को सिर्फ ठंडा करने पर जोर नहीं देती, बल्कि अतिरिक्त नमी को बाहर निकालने की बात कहती है।
"क्राइंग थेरेपी" का ले रहे सहारा
चीन में आलम यह है कि बढ़ती गर्मी के कारण लोग अजीबो-गरीब चीजें करते दिखाई दे रहे हैं, भले ही ये उनकी चिकित्सा शैली का ही हिस्सा हो। दरअसल, इन दिक्कतों से छुटकारा पाने के लिए वहां कभी कोई तपती रेत में खुद को दबा रहा है तो कोई "क्राइंग थेरेपी" यानी खुलकर रोने को भी इलाज मान रहा है। ताज्जुब की बात तो यह है कि इंटरनेट मीडिया पर इस ट्रेंड से जुड़ी पोस्ट 80 करोड़ से अधिक बार देखी जा चुकी हैं। यह भी बताते चलें कि सिर्फ रोने की ही थेरेपी ही नहीं, हर्बल चाय, औषधीय पेय-पदार्थ, एक्यूपंक्चर, कपिंग थेरेपी और हर्बल फुट बाथ जैसी बहुत सी सेवाएं इसमें शामिल हैं।
खबरें और भी
क्यों चीन में फिर से लोग अपना रहे हैं पुरानी पद्धति?
टीसीएम बुजुर्गों की चिकित्सा पद्धति है जिसमें चीन के युवाओं की रुचि बढ़ती जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह आधुनिक जीवनशैली बताई जा रही है। वर्किंग कल्चर में ज्यादा स्क्रीन टाइम, देर रात तक जागना, एक जगह बैठे रहना और जंक फूड खाना शरीर को ढीला कर रहा है। फिर इसपर गर्मी के प्रकोप के चलते नमी भी थकान, सुस्ती और ऑयली स्किन जैसी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। इसे देखते हुए एक बार फिर चीन में उनकी पुरानी चिकित्सा पद्धति ट्रेंड में है।