केमिकल नहीं, अब विनेगर से करें किचन की सफाई; बचेंगे पैसे और मिनटों में गायब हो जाएगी चिकनाई
विनेगर किचन में जमा गंदगी साफ करने में काफी असरदार है। इससे मसालों के दाग और तेल की चिकनाई आसानी से साफ हो जाते हैं। ...और पढ़ें

विनेगर से चमकाएं अपना किचन (AI Generated Image)
HighLights
सिरका एक प्राकृतिक, सस्ता और असरदार किचन क्लीनर है
यह चिकनाई, दाग-धब्बे और बदबू को आसानी से हटाता है
माइक्रोवेव, स्टोव, फ्रिज और सिंक की सफाई में उपयोगी
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। किचन हमारे घर के सबसे अहम हिस्से में से एक है, जहां हम खाना बनाता है। खाना बनाते समय तेल और मसालों के कारण किचन अक्सर गंदा हो जाता है और जिद्दी दाग-धब्बे लग जाते हैं। इस गंदगी को सफ करने के लिए केमिकल बेस्ड क्लीनर्स की जगह सिरके का इस्तेमाल करना काफी सस्ता, सुरक्षित और असरदार साबित हो सकता है।
विनेगर एक नेचुरल क्लीनर है। इसमें मौजूद एसिटिक एसिड की वजह से यह बैक्टीरिया को खत्म करता है और सतह को चमकदार बनाता है। आइए जानें किचन में सिरके से सफाई करने के कुछ बेहद कारगर तरीकों के बारे में।
विनेगर से साफ करें किचन में जमा गंदगी
- काउंटरटॉप की सफाई के लिए- सिरका और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर स्प्रे बोतल में भरें। इससे किचन काउंटर पर स्प्रे करें और कुछ मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें। इससे चिकनाई और दाग आसानी से हट जाएंगे।
- माइक्रोवेव की सफाई में- एक बाउल में आधा कप सिरका और आधा कप पानी डालकर माइक्रोवेव में 5 मिनट तक गर्म करें। जब भाप बन जाए, तो अंदर जमी गंदगी नरम हो जाएगी। अब एक सूखे कपड़े से अंदर की दीवारें पोंछें, माइक्रोवेव बिल्कुल नए जैसा चमक उठेगा।
- गैस स्टोव और बर्नर की गंदगी हटाने में- तेल के छींटों और जले हुए दागों को हटाने के लिए सिरके को सीधे बर्नर या स्टोव पर स्प्रे करें। 10 मिनट बाद स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़ें। इससे जमी हुई परत आसानी से निकल जाएगी और स्टोव चमक जायेगा।
- रेफ्रिजरेटर की बदबू और दाग मिटाने में- सिरका एक नेचुरल डियोडोराइजर है। इसे पानी में मिलाकर फ्रिज की अंदरूनी दीवारों को पोंछें। इससे न सिर्फ गंदगी हटेगी बल्कि बदबू भी खत्म हो जाएगी।
- सिंक और नल की सफाई में- सिंक में जमा दाग और पानी के दाग हटाने के लिए सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें। इसे कुछ मिनट तक छोड़कर ब्रश से रगड़ें, फिर पानी से धो दें। नल पर सिरका स्प्रे करने से जंग और पानी के निशान भी गायब हो जाते हैं।
- कटिंग बोर्ड को कीटाणुरहित करने में- कटिंग बोर्ड पर रोज सब्जियां और फल काटने से बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं। हर इस्तेमाल के बाद उस पर सिरका स्प्रे करें और कुछ देर बाद गर्म पानी से धो लें। यह न सिर्फ कीटाणु हटाएगा बल्कि गंध भी मिटाएगा।
- टाइल्स और फ्लोर की सफाई में- सिरका और गर्म पानी को मिलाकर टाइल्स या फर्श साफ करें। ये जमी हुई चिकनाई, पानी के धब्बे और बदबू को दूर कर देता है। सफाई के बाद टाइल्स में नई जैसी चमक आ जाती है।
सिरका एक नेचुरल, केमिकल-फ्री और किफायती क्लीनर है जो आपकी किचन को स्वच्छ और कीटाणुरहित रखने में मदद करता है।बस ध्यान रखें कि संगमरमर, ग्रेनाइट और कुछ धातु सतहों पर इसका उपयोग न करें।