बारिश में नहीं सूख रहे कपड़े और आ रही है स्मेल? इन 5 टिप्स से बिना धूप के भी आएगी फूलों-सी महक
इस आर्टिकल में हम आपको 5 ऐसे आसान टिप्स शेयर कर रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आपके कपड़ों से बिना धूप के भी ताजगी भरी महक आएगी। ...और पढ़ें

बारिश में गीले कपड़ों की गंध से छुटकारा पाने का आसान हैक्स (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून का मौसम सुहाना जरूर लगता है, पकोड़े खाने और चाय पीने का मजा भी दोगुना हो जाता है, लेकिन यह सुहावना मौसम अपने साथ एक बड़ी परेशानी भी लेकर आता है। जी हां, गीले कपड़े।
लगातार बारिश की वजह से धूप नहीं निकलती और कपड़े कई-कई दिनों तक घर के अंदर ही रस्सियों पर टंगे रहते हैं। कपड़े सूखने में तो समय लगता ही है, साथ ही उनमें से सीलन की एक अजीब-सी बदबू आने लगती है, जो परफ्यूम लगाने के बाद भी नहीं जाती। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो फिक्र मत कीजिए।
वाशिंग मशीन में डालें सिरका या बेकिंग सोडा
कपड़ों से आने वाली सीलन की बदबू का मुख्य कारण उनमें पनपने वाले बैक्टीरिया होते हैं। इसे दूर करने के लिए कपड़े धोते समय वाशिंग मशीन या बाल्टी में एक चम्मच बेकिंग सोडा या आधा कप सफेद सिरका डाल दें।
यह कपड़ों के अंदर छुपे बैक्टीरिया को खत्म कर देता है और किसी भी तरह की बदबू को पूरी तरह से सोख लेता है। चिंता न करें, सूखने के बाद कपड़ों से सिरके की महक नहीं आएगी।
कपड़ों को निचोड़ने के लिए 'टावल ट्रिक'
बारिश के मौसम में अगर कपड़े मशीन में ड्राई करने के बाद भी ज्यादा गीले लग रहे हैं, तो एक बड़ा और सूखा तौलिया लें। गीले कपड़े को तौलिये के बीच में रखें और उसे रोल कर दें। अब इसे अच्छे से दबाएं या निचोड़ें। तौलिया कपड़े का सारा एक्स्ट्रा पानी सोख लेगा और आपका कपड़ा आधा तो ऐसे ही सूख जाएगा।
खबरें और भी
सुखाते समय रखें सही गैप और यूज करें हैंगर
अक्सर हम जगह बचाने के चक्कर में कपड़ों को एक-दूसरे से चिपका कर सुखाते हैं। बिना धूप के ऐसा करना सबसे बड़ी गलती है।
कपड़ों को सुखाने के लिए हमेशा हैंगर का इस्तेमाल करें। इससे कपड़ों को दोनों तरफ से हवा लगती है। कपड़ों के बीच थोड़ा गैप जरूर रखें और कमरे का पंखा तेज चला दें। अगर मुमकिन हो, तो कमरे की खिड़कियां खोल दें ताकि क्रॉस वेंटिलेशन हो सके।
फूलों-सी महक के लिए एसेंशियल ऑयल
अगर आप चाहते हैं कि बिना धूप के भी आपके कपड़ों से परफ्यूम जैसी महक आए, तो एसेंशियल ऑयल आपका सबसे अच्छा दोस्त बन सकता है।
कपड़े धोते समय पानी में लैवेंडर, लेमनग्रास या रोज एसेंशियल ऑयल की 5-6 बूंदें डाल दें। इसके अलावा, आप पानी में थोड़ा सा फैब्रिक कंडीशनर मिलाकर उसे एक स्प्रे बोतल में भर सकते हैं और हल्के गीले कपड़ों पर स्प्रे कर सकते हैं।
नमी दूर करने के लिए प्रेस का यूज
जब कपड़े 90% सूख जाएं लेकिन कॉलर, जेब या अंडरआर्म्स के पास हल्की-सी नमी बाकी रहे, तो उन्हें ऐसे ही अलमारी में न रखें। यही नमी बाद में बदबू का कारण बनती है।
ऐसे में, कपड़ों पर प्रेस कर लें। प्रेस की गर्माहट से बची-खुची नमी भी तुरंत उड़ जाएगी और कीटाणु भी मर जाएंगे। अगर प्रेस नहीं करना चाहते, तो आप भारी कपड़ों को सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
बारिश के मौसम में कभी भी हल्के गीले या नम कपड़ों को अलमारी में फोल्ड करके न रखें। अलमारी में कुछ नेफथलीन की गोलियां या चॉक के टुकड़े रख दें, ये हवा की नमी को सोख लेते हैं और कपड़ों को सुरक्षित रखते हैं।