ऑफिस में दिखें ये 4 संकेत तो समझ लें हो रही है 'Quiet Firing', इस्तीफा देने पर मजबूर कर देगी कंपनी
'क्वाइट फायरिंग' एक कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी है, जहां मैनेजमेंट कर्मचारी को सीधे निकाले बिना इस्तीफा देने पर मजबूर करता है। ...और पढ़ें

कहीं आप भी 'क्वाइट फायरिंग' का शिकार तो नहीं? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपको भी अपने ऑफिस में ऐसा लगने लगा है कि आपकी अहमियत अचानक कम हो गई है? बॉस आपसे कतराने लगे हैं और टीम में आपकी राय लेना बंद कर दिया गया है?
अगर हां, तो संभल जाइए। हो सकता है कि आपकी कंपनी आपको बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी कर रही हो, वो भी बिना एक शब्द कहे। आज के कॉर्पोरेट इंडस्ट्री में मैनेजमेंट की इस छिपी हुई चाल को 'क्वाइट फायरिंग' कहा जाता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह हथकंडा कैसे काम करता है।

(Image Source: AI-Generated)
खुद इस्तीफा देने पर मजबूर करने की चाल
सीधे शब्दों में कहें तो, क्वाइट फायरिंग एक ऐसी रणनीति है जिसमें मैनेजमेंट आपको सीधे तौर पर नौकरी से नहीं निकालता है, बल्कि ऐसे हालात पैदा कर देता है कि आप खुद ही परेशान होकर इस्तीफा दे दें।
इस दौरान न तो कोई मैनेजर आपको केबिन में बुलाकर बात करता है, न ही आपके काम को सुधारने के लिए कोई चेतावनी दी जाती है। बस धीरे-धीरे आपके काम के अधिकार कम कर दिए जाते हैं और आगे बढ़ने के सारे रास्ते बंद कर दिए जाते हैं। एक समय ऐसा आता है जब कर्मचारी को ऑफिस में अपना वजूद खत्म होता हुआ दिखने लगता है और वह घुटन महसूस करके खुद ही कंपनी छोड़ देता है।
कोई सबूत नहीं, कोई सफाई नहीं
किसी को सीधे नौकरी से बर्खास्त करने और इस तरीके में सबसे बड़ा अंतर यह है कि क्वाइट फायरिंग का कोई कागजी सबूत नहीं होता। यह सब इतने खामोश तरीके से होता है कि कर्मचारी समझ ही नहीं पाता कि कंपनी का इरादा क्या है। इस उलझन के कारण कर्मचारी को अपनी कमियों को सुधारने या अपनी बात रखने का मौका ही नहीं मिल पाता है।
खबरें और भी

(Image Source: AI-Generated)
कैसे पहचानें कि आपके साथ 'क्वाइट फायरिंग' हो रही है?
यह सब रातों-रात नहीं होता, बल्कि इसके कई छिपे हुए संकेत होते हैं:
- बातचीत बंद होना: बॉस या मैनेजर आपके काम पर कोई भी राय देना बंद कर देते हैं।
- मीटिंग्स से दूरी: अचानक आपको महत्वपूर्ण बैठकों से बाहर रखा जाने लगता है।
- प्रोजेक्ट्स छिनना: बिना कोई ठोस वजह बताए आपके हाथ से प्रोजेक्ट्स लेकर किसी और को सौंप दिए जाते हैं।
- करियर पर सन्नाटा: आपके प्रमोशन या सैलरी बढ़ाने की बातों को टाल दिया जाता है और आपसे क्या उम्मीदें हैं, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह अस्पष्ट कर दी जाती है।
एक तरह से कंपनी आपको वेतन तो देती रहती है, लेकिन आपको यह महसूस करा दिया जाता है कि अब आपकी कोई जरूरत नहीं है।
कंपनियां आखिर इस रास्ते को क्यों चुन रही हैं?
आजकल 'वर्क फ्रॉम होम' और 'हाइब्रिड' कार्यशैली के कारण बॉस और कर्मचारियों के बीच आमने-सामने की बातचीत वैसे भी कम हो गई है। ऐसे में डिजिटल तरीके से किसी को किनारे करना और भी आसान हो गया है।
इसके अलावा, जब कंपनियां किसी को सीधे नौकरी से निकालती हैं, तो उन्हें कानूनी झंझटों का डर रहता है और कई बार हर्जाना भी देना पड़ता है। साथ ही कागजी कार्रवाई और कर्मचारियों के सवालों का जवाब देना पड़ता है। इन सब मुश्किलों और जवाबदेही से बचने के लिए कंपनियां क्वाइट फायरिंग का शॉर्टकट अपना लेती हैं।
कर्मचारी और कंपनी, दोनों का भारी नुकसान
हालांकि कई लोग इसे एक नया 'ट्रेंड' मान रहे हैं, लेकिन यह मैनेजमेंट की एक पुरानी और कमजोर रणनीति है। इस तरीके का सबसे भयानक असर कर्मचारी की मानसिक स्थिति पर पड़ता है। उसका आत्मविश्वास पूरी तरह टूट जाता है और वह तनाव का शिकार हो जाता है।
वहीं, जब ऑफिस के बाकी लोग अपने किसी साथी के साथ ऐसा होता देखते हैं, तो उनका भी कंपनी पर से भरोसा उठने लगता है। लंबे समय में इससे कंपनी का माहौल खराब होता है। एक अच्छे और सच्चे लीडर की पहचान यह है कि वह किसी को छिपकर परेशान करने के बजाय, प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर खुलकर और ईमानदारी से बात करे।