पैसा और सच्चा प्यार नहीं है खुशी की गारंटी! खुद से बोले गए ये 5 झूठ छीन लेते हैं जिंदगी का सारा सुकून
एक्सपर्ट्स के अनुसार, सच्चा प्यार और पैसा खुशी की गारंटी नहीं हैं और ऐसी गलत धारणाओं से बाहर निकलना जरूरी है।

खुद से बोले गए ये 5 झूठ छीन लेते हैं सुकून (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर हम खुद को बहुत समझदार समझते हैं, लेकिन हकीकत तो ये है कि हम सभी किसी न किसी झूठ में खुद को उलझाए रखते हैं। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि दुनिया में लगभग हर व्यक्ति कम से कम 5 ऐसे झूठ में यकीन करता है, जो आगे चलकर उनके दुख का कारण बनता है।
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि ये गलत विश्वास ही अनजाने में हमारी जिंदगी को चलाते हैं। इनका प्रभाव हमारी जिंदगी के फैसलों, सपनों और यहां तक की रात की नींद पर भी पड़ता है। आज हम आपको इन्हीं भ्रमों के बारे में बताने वाले हैं, जिन पर हो सकता है आप भी यकीन करते हों।
सच्चे प्यार से मिलेगी खुशी
बहुत से लोग ये मानते हैं कि जब उन्हें कोई सच्चा प्यार करने वाला व्यक्ति मिलेगा, तभी उनकी जिंदगी में भी खुशी आएगी। जब तक सच्चा प्यार नहीं मिलेगा, तब तक वो जिंदगी में खुश नहीं हो सकते। ऐसा मानना सबसे खतरनाक झूठ है। इससे व्यक्ति अपनी खुशियों की जिम्मेदारी किसी दूसरे व्यक्ति को दे देता है। हमारी खुशियां दूसरे व्यक्ति पर निर्भर हो जाती है। इसलिए खुश होने के लिए सच्चे प्यार का इंतजार करने से अच्छा है कि आप खुद पर भरोसा करना सीखें और अपने साथ खुश रहें।
सब कुछ मेरे कंट्रोल में हो
अपनी जिंदगी के हर पहलू और फैसले को कंट्रोल करने की चाहत सबसे ज्यादा मेंटल स्ट्रेस देती है। हम चाहते हैं कि सबकुछ हमारे कंट्रोल में हो, ताकि हम अपने मुताबिक अपनी जिंदगी को चला सकें। हालांकि, जिंदगी की हर चीज को काबू करना नामुमकिन है। इसलिए हमें अपना ध्यान उन चीजों पर देना चाहिए, जिन्हें हम सचमुच कंट्रोल कर सकते हैं। जो हाथ में नहीं है या हमारे बस के बाहर है, उसे कंट्रोल करने की कोशिश करके स्ट्रेस क्यों बढ़ाना।
जो कुछ भी मुझे मिला है, वो मेरा हक है
हम अक्सर इस भ्रम में जीते हैं कि हमें जो कुछ भी मिला है, वो सबकुछ हमारा हक है और हमें मिलना ही चाहिए था। ऐसे में समझना जरूरी है कि दुनिया आपको कुछ भी देने के लिए बाध्य नहीं है। इसलिए इस भ्रम से बाहर निकलना जरूरी है। हर चीज पर अपना हक समझने के बजाय जो भी मिला है, उससे संतुष्ट रहना सीखना चाहिए। क्या-क्या मिला है, इस बारे में सोचने की जगह जिंदगी में हंसी-मजाक के पल ढूंढ़ने चाहिए।
मैं जो हूं, हमेशा वही रहूंगा
कई लोगों का एक फिक्स डायलॉग होता है कि मैं तो ऐसा ही हूं। ये व्यक्ति के अंदर का अहंकार होता है, लेकिन इगो हमेशा एक जैसा नहीं होता। इगो हमारे विचारों, यादों और अनुभवों का बंडल है। इसलिए हमें समझना चाहिए कि सबकुछ हमेशा एक जैसा नहीं रहना चाहिए। बदलाव संसार का नियम है और हमें भी वक्त के साथ बदलते रहना चाहिए।
पैसा ही खुशी की गारंटी है
कंज्यूमरिज्म के इस दौर में लोग पैसों को खुशियों की चाबी समझने लगे हैं। हमें लगता है कि अगर हमारी अच्छी नौकरी होगी, हम खूब पैसा कमाएंगे, तभी हम जीवन में खुश रह सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। एक सीमा के बाद पैसे आपको खुशी नहीं दे सकता है। इसलिए अगर आप थोड़े से संतुष्ट होना नहीं जानते, तो आप दुनिया की किसी भी चीज से कभी संतुष्ट नहीं हो पाएंगे।
