क्या आपके भी नर्सरी से लाए पौधे घर आते ही मुरझा जाते हैं? जानें गमला बदलने का बिल्कुल सही तरीका
नर्सरी का पौधा घर आते ही अगर सूखने लग जाता है, तो हो सकता है गमले में पौधा लगाते समय आप कुछ गलतियां कर रहे हैं। ...और पढ़ें

क्या है रिपॉटिंग का सही तरीका? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अपने बालकनी गार्डन या बगीचे को खूबसूरत बनाने के लिए हम नर्सरी से सुंदर और खिले हुए पौधे खरीदकर लाते हैं। हालांकि, नर्सरी में जो पौधा हरा-भरा और स्वस्थ्य दिख रहा होता है, वह घर लाते ही या गमले में बदलते ही कुछ ही दिनों में मुरझाने या सूखने लगता है।
यह समस्या कई लोगों के साथ होती है, लेकिन नर्सरी से लाए गए पौधे सूखने के पीछे कुछ मामूली गलतियां जिम्मेदार होती हैं, जिनपर लोग अक्सर ध्यान नहीं देते। आइए जानें रिपॉटिंग का सही तरीका, ताकि आपके पौधे हमेशा हरे-भरे रहें।
रिपॉटिंग शॉक
जब हम किसी पौधे को नर्सरी से घर लाते हैं, तो सबसे पहली गलती यह करते हैं कि उसे तुरंत ही दूसरे गमले में लगा देते हैं। पौधे अपने आसपास के वातावरण के प्रति बेहद संवेदनशील होते हैं। नर्सरी का माहौल आपके घर के माहौल से बिल्कुल अलग होता है।
इसलिए नई जगह पर आते ही पौधे तनाव में आ जाते हैं। साथ ही, तुरंत रिपॉट करने से पौधे की जड़ें नए वातावरण में ढलने से पहले ही हिल जाती हैं। इसे रिपॉटिंग शॉक कहा जाता है। इस शॉक के कारण भी पौधा धीरे-धीरे सूख जाता है।
खबरें और भी
रिपॉटिंग का सही तरीका क्या है?
- पौधे को घर के माहौल में ढलने दें- नर्सरी से पौधा लाने के तुरंत बाद उसे नए गमले में न लगाएं। पौधे को उसके पुराने प्लास्टिक बैग या गमले सहित कम से कम 4 से 7 दिनों के लिए अपने घर के अन्य पौधों के बीच या किसी हल्की छाया वाली जगह पर रख दें। इससे पौधा आपके घर के तापमान और हवा के हिसाब से खुद को ढाल लेगा।
- सही गमले और मिट्टी चुनें- रिपॉटिंग के लिए हमेशा वेल्ड्रेंड मिट्टी तैयार करें, जिसमें सामान्य मिट्टी, वर्मीकंपोस्ट या गोबर का खाद और कोकोपीट मिली हो। साथ ही, इस बात का भी ध्यान रखें कि नया गमला हमेशा पौधे के मौजूदा आकार से केवल 2 इंच बड़ा होना चाहिए। बहुत बड़े गमले में ज्यादा पानी रुकने से जड़ें सड़ जाती हैं। गमले के नीचे एक अच्छा ड्रेनेज होल होना भी जरूरी है।
- रिपॉट करने का समय- रिपॉटिंग हमेशा शाम के समय या किसी ठंडे दिन करें। तेज धूप में रिपॉट करने से पौधा तुरंत मुरझाने लगता है। पौधे को पुराने प्लास्टिक बैग से निकालते समय ध्यान रखें कि उसकी जड़ों को कोई नुकसान न पहुंचे। अगर नर्सरी की मिट्टी बहुत ज्यादा चिकनी और सख्त है, तो उसे धीरे से पानी में डुबोकर थोड़ा ढीला कर लें, लेकिन जड़ों को नुकसान न पहुंचाएं। इसके अलावा, नए गमले में नीचे थोड़ी मिट्टी भरें, फिर पौधे को बीच में सीधा रखें और आसपास से नई तैयार मिट्टी डालकर हल्के हाथों से दबा दें।
रिपॉटिंग के बाद की देखभाल
पौधे को नए गमले में लगाने के तुरंत बाद उसमें अच्छी तरह पानी दें, ताकि पानी नीचे के छेद से बाहर आ जाए। इसके बाद पौधे को कम से कम 3 से 5 दिनों के लिए सीधे धूप से दूर किसी छायादार लेकिन हवादार जगह पर रखें। जब पौधे में नई पत्तियां आने लगें या वह स्वस्थ दिखने लगे, तब उसे उसकी जरूरत के अनुसार धूप में रखें।