बाजार से पुदीना क्यों खरीदना? जब एक डंठल से भर सकता है पूरा गमला, पढ़ें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
क्या हो अगर आपको पुदीने के लिए कभी बाजार जाना ही न पड़े? क्या हो अगर आपके घर में ही 24 घंटे, सातों दिन ताजा पुदीना मौजूद रहे, जिसे आप जब चाहें तोड़कर ...और पढ़ें

बिना पैसे खर्च किए घर पर उगाएं ऑर्गेनिक पुदीना (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बाजार से लाया गया पुदीना अक्सर फ्रिज में रखने के बाद भी एक या दो दिन में मुरझाकर काला पड़ने लगता है, लेकिन क्या आपको पता है कि आप घर पर ही, बिना किसी खर्च के ढेर सारा ताजा पुदीना उगा सकते हैं?
जी हां, इसके लिए आपको न तो किसी बड़े बगीचे की जरूरत है और न ही बीज खरीदने की। बाजार से लाए गए पुदीने के सिर्फ एक डंठल से आप पूरा गमला भर सकते हैं। आइए स्टेप-बाय-स्टेप समझते हैं कि यह काम आपको कैसे करना है।

(Image Source: AI-Generated)
घर पर पुदीना उगाने के लिए जरूरी चीजें
- बाजार से लाया गया पुदीने का एक ताजा डंठल
- एक गमला (जिसके नीचे फालतू पानी निकलने के लिए छेद हो)
- उपजाऊ मिट्टी (इसमें थोड़ी गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट मिला लें)
- एक कांच का गिलास और थोड़ा-सा पानी
पुदीना उगाने का स्टेप-बाय-स्टेप आसान तरीका
- जब आप बाजार से पुदीना लाएं, तो उसमें से एक ऐसा डंठल चुनें जो थोड़ा मोटा और हरा हो। अब इस डंठल के नीचे की 3-4 इंच तक की सारी पत्तियां सावधानी से तोड़ दें। बस सबसे ऊपर की 4-5 पत्तियां ही डंठल पर रहने दें। नीचे की पत्तियां हटाने से पौधे की सारी ऊर्जा जड़ें बनाने में लगती है।
- अब एक कांच के गिलास में सादा पानी भरें और तैयार किए गए डंठल को उसमें डाल दें। ध्यान रहे कि डंठल का निचला, जिसपर पत्तियां न हों उसे पानी में डूबा रखें, लेकिन ध्यान रहे ऊपर की पत्तियां पानी को न छुएं। इस गिलास को घर में ऐसी जगह रखें जहां छनकर रोशनी आती हो।
- हर दो-तीन दिन में गिलास का पानी जरूर बदलते रहें ताकि उसमें फंगस न लगे। लगभग 5 से 7 दिनों के अंदर, आपको डंठल के निचले हिस्से से सफेद रंग की छोटी-छोटी धागे जैसी जड़ें निकलती हुई दिखाई देने लगेंगी।
- जब जड़ें करीब 1 से 2 इंच लंबी हो जाएं, तो इसका मतलब है कि आपका पौधा मिट्टी में जाने के लिए तैयार है। गमले में खाद मिली हुई भुरभुरी मिट्टी भरें। बीच में उंगली से एक छोटा सा गड्ढा करें और हल्के हाथों से डंठल को उसमें रख दें। चारों तरफ से मिट्टी डालकर धीरे से दबा दें ताकि पौधा सीधा खड़ा रहे। आखिर में थोड़ा-सा पानी छिड़क दें।
- पुदीने को उगने के लिए सूरज की रोशनी पसंद है। गमले को ऐसी जगह रखें जहां उसे रोजाना सुबह की 3-4 घंटे की धूप मिले, लेकिन दोपहर की चिलचिलाती धूप से बचाएं। मिट्टी में हमेशा हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन गमले में पानी बिल्कुल न रुकने दें वरना जड़ें गल सकती हैं।
- जब आपका पौधा थोड़ा बड़ा होने लगे और उसमें नई पत्तियां आ जाएं, तो ऊपर की पत्तियों को अपनी उंगलियों से तोड़ते रहें। ऐसा करने से पौधा सीधा लंबा होने के बजाय अगल-बगल से नई शाखाएं निकालेगा। देखते ही देखते कुछ ही हफ्तों में आपका पूरा गमला ताजे, हरे और खुशबूदार पुदीने से भर जाएगा।
यह भी पढ़ें- सोचते हैं गमले में नहीं उगेगी स्ट्रॉबेरी? सही मिट्टी और खाद का ये 'सीक्रेट' देगा बंपर पैदावार