'मैम, बस पंचर थी...' 90s से आज तक नहीं बदले टीचर्स को सुनाए जाने वाले ये 5 बहाने, याद करेंगे तो छूट जाएगी हंसी
आइए, इस टीचर्स डे (Teachers Day 2026) याद करते हैं स्कूल के वो 5 बहाने, जो 90s से लेकर आज तक बच्चे टीचर्स के सामने बनाते आ रहे हैं।

टीचर्स डे पर ताजा करें स्कूल की पुरानी यादें (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। 5 सितंबर यानी Teachers' Day का दिन बस आने ही वाला है। यह मौका सिर्फ टीचर्स को ग्रीटिंग कार्ड या गुलाब का फूल देने का नहीं है, बल्कि स्कूल की उन खट्टी-मीठी यादों को ताजा करने का भी है।
जी हां, स्कूल में टीचर और बच्चों का रिश्ता बड़ा ही अनोखा होता है। टीचर हमें अनुशासन सिखाते हैं और हम बच्चे... हम सीखते हैं नए-नए बहाने बनाना।
चाहे 90 का दशक हो या आज का 2026, बच्चों की मासूमियत और उनके बहाने आज भी लगभग एक जैसे ही हैं। आइए आज उन 5 सदाबहार बहानों की बात करते हैं, जो स्कूल के हर बच्चे ने कभी न कभी अपने टीचर को जरूर चिपकाए होंगे।
"सर, बस पंचर हो गई थी!"
लेट-लतीफ बच्चों का यह सबसे पसंदीदा और पक्का बहाना है। 90s के दिनों में बच्चे अक्सर कहते थे, "सर, साइकिल की चेन उतर गई थी", और आज के बच्चे कहते हैं, "मैम, स्कूल वैन पंचर हो गई थी" या "ऑटो वाले भैया लेट आए थे।" सच तो यह है कि बस पंचर नहीं हुई होती, बल्कि जनाब सुबह बिस्तर से 15 मिनट लेट उठे होते हैं।
"होमवर्क किया है, लेकिन कॉपी घर भूल गया"
यह तो शायद स्कूल के इतिहास का सबसे बड़ा झूठ है। जब टीचर पूछती हैं कि होमवर्क कहां है, तो चेहरे पर दुनिया भर की मासूमियत लाकर जवाब दिया जाता है, "मैम, मैंने रात में ही पूरा होमवर्क कर लिया था, लेकिन वो वाली कॉपी टेबल पर ही छूट गई।" मजे की बात तो यह है कि टीचर भी जानती हैं कि कॉपी घर पर नहीं है, बल्कि उसमें होमवर्क हुआ ही नहीं है।
"कल रात भर लाइट नहीं थी"
टेस्ट वाले दिन अगर तैयारी न हो, तो सारा दोष बिजली विभाग पर मढ़ दिया जाता था। 90 के दशक के बच्चे कहते थे कि "सर, रात को बत्ती गुल हो गई थी, इसलिए पढ़ नहीं पाया।" आज के इस डिजिटल दौर में यह बहाना थोड़ा मॉडर्न हो गया है- "मैम, कल घर का वाई-फाई नहीं चल रहा था, इसलिए असाइनमेंट पूरा नहीं कर पाया।"
"मैम, पेट में बहुत दर्द हो रहा है"
जब क्लास में सरप्राइज टेस्ट हो या किसी ऐसे सब्जेक्ट का पीरियड हो जिसमें नींद आती हो, तो अचानक से बच्चों के पेट में भयानक दर्द शुरू हो जाता है। बच्चे अपना चेहरा ऐसा बना लेते हैं जैसे सच में बहुत तकलीफ हो। हालांकि, टीचर इस 'ऑस्कर विनिंग एक्टिंग' को तुरंत समझ जाती हैं और मुस्कुरा कर कहती हैं, "जाओ मुंह धोकर आओ, सब ठीक हो जाएगा।"
"छोटे भाई ने कॉपी पर पानी गिरा दिया"
अगर होमवर्क अधूरा है या राइटिंग बहुत खराब हो गई है, तो सारा इल्जाम घर के मासूम छोटे भाई-बहन पर लगा दिया जाता है। "मैम, मैं तो पढ़ रहा था, लेकिन छोटी बहन ने कॉपी फाड़ दी" या "उसने मेरी कॉपी में पेन चला दिया।" कुछ महान बच्चे तो यह तक कह देते हैं कि "मैम, मेरा कुत्ता मेरा होमवर्क चबा गया।"
सच तो यह है कि हमारे टीचर्स भी कभी हमारी तरह ही बच्चे थे। वो हमारी इन मासूम चालाकियों को एक सेकंड में पकड़ लेते हैं, लेकिन फिर भी अपनी हल्की-सी डांट के बाद हमें माफ कर देते हैं।
यह भी पढ़ें- स्कूल के दिनों की वो शरारतें, जिन्हें याद कर आज भी हंसने लगेंगे आप
यह भी पढ़ें- पेन फाइट से लेकर बुक क्रिकेट तक... आज भी याद आते हैं क्लासरूम की लास्ट बेंच वाले 5 गेम्स
