आधी रात में नींद टूटने के बाद दोबारा सोने में होती है दिक्कत? ये 5 तरीके करेंगे आपकी मदद
क्या आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है कि रात के 2 या 3 बजे अचानक आंख खुल जाती है और फिर लाख करवटें बदलने के बाद भी नींद नहीं आती? ...और पढ़ें

आधी रात को टूटने वाली नींद से हैं परेशान? फिर से सोने के लिए आजमाएं ये 5 टिप्स (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आधी रात को नींद टूट जाना और फिर छत को घूरते रहना- यह हम में से कई लोगों के लिए एक बहुत ही झुंझलाहट भरा एहसास होता है। जैसे-जैसे घड़ी की सुइयां आगे बढ़ती हैं, अगले दिन की थकान का डर हमारे तनाव को और बढ़ा देता है, जिससे सोना और भी मुश्किल हो जाता है।
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो घबराइए नहीं। शारदा हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन के सीनियर कंसल्टेंट, डॉ. श्रेय श्रीवास्तव का कहना है कि जब आपकी नींद बीच में टूट जाए, तो तुरंत दोबारा गहरी नींद में जाने के लिए आप इन 5 आसान और असरदार तरीकों की मदद ले सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
बिस्तर से उठने की गलती न करें
नींद न आने पर हम अक्सर बेचैन होकर बिस्तर से उठ जाते हैं या कमरे में टहलने लगते हैं। ऐसा करने से बचें। जब आप बिस्तर से उठकर चलने-फिरने लगते हैं, तो आपके शरीर का तापमान बदलता है और आपके दिमाग को यह संकेत मिलता है कि अब जागने का समय हो गया है। इसलिए, आंख खुलने पर भी बेचैन न हों, आंखें बंद रखें और बिस्तर पर ही एक आरामदायक स्थिति में लेटे रहें ताकि आपका शरीर 'रेस्टिंग मोड' में ही रहे।
स्मार्टफोन से बिल्कुल दूरी बनाएं
रात में नींद खुलते ही टाइम देखने के लिए या बोरियत मिटाने के लिए फोन चेक करना सबसे बुरी आदत है। मोबाइल स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट आपके शरीर में 'मेलाटोनिन' को कम कर देती है। इसके अलावा, सोशल मीडिया या मैसेज पढ़ने से आपका दिमाग फिर से एक्टिव हो जाता है। इसलिए, फोन को खुद से दूर रखें और उसे बिल्कुल न छुएं।
खबरें और भी
4-7-8 ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें
यह एक सांस लेने की तकनीक है जो आपके नर्वस सिस्टम को तुरंत शांत करती है और तनाव दूर करती है। इसे करने का तरीका बहुत ही आसान है:
- पहले 4 सेकंड तक अपनी नाक से गहरी सांस लें।
- फिर 7 सेकंड तक उस सांस को अंदर रोक कर रखें।
- अंत में 8 सेकंड तक धीरे-धीरे अपने मुंह से सांस को बाहर छोड़ें।
इस चक्र को 4-5 बार दोहराएं। आप खुद महसूस करेंगे कि आपके दिल की धड़कन सामान्य हो रही है और शरीर रिलैक्स हो रहा है।

(Image Source: AI-Generated)
प्रोग्रेसिव मसल रिलैक्सेशन आजमाएं
यह तकनीक आपके शरीर में छिपे हुए शारीरिक तनाव को दूर करने में मदद करती है। बिस्तर पर लेटे-लेटे अपने पैरों की उंगलियों से शुरुआत करें। अपने पैरों की मांसपेशियों को कुछ सेकंड के लिए कसें और फिर उन्हें एकदम ढीला छोड़ दें। इसी तरह धीरे-धीरे ऊपर की तरफ बढ़ें- अपने पैरों, पेट, हाथों, कंधों और चेहरे की मांसपेशियों को कसें और फिर एकदम रिलैक्स कर दें। इससे शरीर की सारी अकड़न दूर हो जाती है और नींद आने में आसानी होती है।
कॉग्निटिव शफलिंग ट्राई करें
जब दिमाग में कल की चिंता या कोई पुरानी बातें चल रही हों, तो नींद आना नामुमकिन हो जाता है। ऐसे में, 'कॉग्निटिव शफलिंग' बहुत काम आती है। इसमें आपको अपने दिमाग को रैंडम चीजों की कल्पना करने में लगाना होता है। जैसे- मन में सोचें 'लाल कुर्सी', फिर सोचें 'उड़ता हुआ हाथी', फिर 'बारिश की बूंदें' या 'एक नीला पेड़'। इस तरह की बेतरतीब और अजीब चीजों के बारे में सोचने से दिमाग की ओवरथिंकिंग रुक जाती है, आपका दिमाग बोर हो जाता है और आप आसानी से नींद की वादियों में चले जाते हैं।
रात में अच्छी नींद लेना हमारी शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए बहुत जरूरी है। अगली बार जब आधी रात को आपकी नींद खुले, तो घड़ी देखकर तनाव लेने के बजाय इन तरीकों को अपनाकर देखें, आपको जरूर फायदा मिलेगा।