काशी की गंगा आरती से जगन्नाथ पुरी और बैद्यनाथ धाम तक, IRCTC लाया 11 दिनों का 'डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर'
क्या आप अपने परिवार के साथ किसी धार्मिक ट्रिप पर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं? अगर हां, तो IRCTC आपके लिए एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। ...और पढ़ें

IRCTC लाया है शानदार 'डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर' पैकेज (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर, क्या आप कुछ दिन सुकून और आध्यात्म के बीच बिताना चाहते हैं? कल्पना कीजिए एक ऐसे सफर की, जहां काशी की पावन गंगा आरती हो, पुरी के भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद हो, और कोणार्क के सूर्य मंदिर की अद्भुत वास्तुकला हो। अगर आप भी अपने परिवार के साथ पूर्वी भारत के इन पवित्र और ऐतिहासिक स्थलों को देखने का सपना बुन रहे हैं, तो आपकी यह मुराद अब पूरी होने वाली है।
दरअसल, भारतीय रेलवे आपके लिए लेकर आया है 11 दिनों और 10 रातों का एक बेहद खास 'डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर'। 25 सितंबर 2026 से शुरू होने वाले इस शानदार सफर में आपको बस अपने बैग पैक करके ट्रेन में बैठना है, बाकी रहने और खाने-पीने की सारी जिम्मेदारी आईआरसीटीसी की होगी।

(Image Source: AI-Generated)
सफर का रूट और बोर्डिंग स्टेशन
इस ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन दिल्ली सफदरजंग से रवाना होगी। रास्ते में यात्री अपनी सुविधानुसार गाजियाबाद, टूंडला जंक्शन, कानपुर और प्रयागराज से भी इस ट्रेन में सवार हो सकते हैं।
वापसी के समय यात्रियों को पटना, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला जंक्शन और दिल्ली सफदरजंग स्टेशनों पर डी-बोर्डिंग की सुविधा मिलेगी।
किन-किन जगहों पर जाएंगे आप?
इस ट्रिप पर आपको इन खास जगहों पर जाने का मौका मिलेगा:
- उत्तर प्रदेश और बिहार: यात्रा की शुरुआत शिव नगरी वाराणसी से होगी, जहां आप काशी विश्वनाथ मंदिर और मनमोहक गंगा आरती में शामिल होंगे। वहीं, टूर के आखिर में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन भी कराए जाएंगे।
- ओडिशा के खास रंग: यहां आप भगवान जगन्नाथ मंदिर, पुरी बीच और रघुराजपुर के प्रसिद्ध क्राफ्ट विलेज को करीब से देख पाएंगे। भुवनेश्वर में प्राचीन लिंगराज मंदिर, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं और धौली शांति स्तूप शामिल हैं। इसके अलावा कोणार्क का सूर्य मंदिर, चंद्रभागा बीच और प्रसिद्ध चिल्का लेक भी इस ट्रिप का हिस्सा हैं। ध्यान रहे, चिल्का में बोटिंग का खर्च आपको खुद उठाना होगा।
- पश्चिम बंगाल की सैर: कोलकाता में ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल, बेलूर मठ, दक्षिणेश्वर काली मंदिर और कालीघाट के दर्शन के साथ-साथ हुगली नदी पर ईवनिंग क्रूज का भी आनंद मिलेगा। इसके बाद पवित्र गंगासागर में कपिल मुनि आश्रम और सागर संगम जाने का सौभाग्य भी हासिल होगा।
क्या-कुछ मिलेंगी सुविधाएं?
- इस पैकेज की सबसे अच्छी बात यह है कि आपको किसी भी चीज की फिक्र करने की जरूरत नहीं है।
- ट्रिप में ट्रेन का सफर, लोकल घूमने के लिए बस सुविधा, होटल का खर्च और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था शामिल है।
- आपकी सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी यात्रा में एक टूर गाइड मौजूद रहेगा और सभी का ट्रैवल इंश्योरेंस भी कराया जाएगा।
बर्थ के बंटवारे को लेकर IRCTC का नियम है कि हर दो यात्रियों की बुकिंग पर कम से कम एक 'लोअर बर्थ' जरूर दी जाएगी। बर्थ की पक्की जानकारी यात्रा से 3 दिन पहले मैसेज द्वारा मिल जाएगी।
कितना होगा पैकेज का खर्च?
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 150 सीटें हैं जिन्हें तीन अलग-अलग क्लास (सुपीरियर AC-1, डीलक्स AC-2 और कम्फर्ट AC-3) में बांटा गया है। 'भारत गौरव ट्रेन' योजना के तहत किराये में लगभग 33% की छूट पहले से ही दी जा चुकी है।
खबरें और भी
कम्फर्ट क्लास (AC III):
- सिंगल व्यक्ति के लिए ₹1,10,155
- दो लोगों के लिए (प्रति व्यक्ति) ₹91,370
- तीन लोगों के लिए (प्रति व्यक्ति) ₹88,685
डीलक्स क्लास (AC II):
- सिंगल के लिए ₹1,24,930
- दो लोगों पर ₹1,06,145
- तीन लोगों के साथ ₹1,03,460
सुपीरियर क्लास (AC I):
- सिंगल ₹1,32,320
- डबल शेयरिंग ₹1,13,530
- ट्रिपल शेयरिंग के लिए ₹1,10,850
नोट: अगर आपके साथ 5 से 11 वर्ष का कोई बच्चा है, तो उसके लिए अलग से बच्चों वाला किराया लागू होगा, जो वयस्कों के मुकाबले कम है।
किश्तों में पेमेंट की भी है सुविधा
अगर आप एक साथ पूरे पैसे नहीं देना चाहते हैं, तो IRCTC ने 50,000 रुपये से ज्यादा के इस पैकेज पर किश्तों में भुगतान की सुविधा भी दी है। आप शुरुआत में पैकेज की कुल रकम का सिर्फ 25% देकर अपनी बुकिंग पक्की कर सकते हैं और बाकी बचा 75% हिस्सा आपको सफर से कुछ समय पहले चुकाना होगा। बता दें, बुकिंग के लिए आपको IRCTC की ऑफिशियल वेबसाइट irctctourism.com पर विजिट करना होगा।