अमृतसर में कारोबारी को धमकाने वाले दो अरेस्ट, पुलिस की कार्बाइन छीनने के प्रयास में चली गोली; एक बदमाश घायल
अमृतसर में कारोबारी से रंगदारी मांगने और फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस के अनुसार, रास्ते में एक आरोपी ने कार्बाइन छीनने की कोशिश क ...और पढ़ें

घटनास्थल का जायजा लेते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर।
HighLights
कारोबारी से रंगदारी मांगने और फायरिंग के दो आरोपी गिरफ्तार।
आरोपी जशनप्रीत ने पुलिस की कार्बाइन छीनने का प्रयास किया।
भागने की कोशिश में जशनप्रीत के पैर में गोली लगी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में एक कारोबारी से रंगदारी मांगने और उसकी दुकान पर फायरिंग करने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन और साजनप्रीत सिंह उर्फ साजन के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार को मजीठा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए जाने के बाद अमृतसर लाए जा रहे जशनप्रीत सिंह ने रास्ते में भागने और पुलिस की सरकारी कार्बाइन छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुए संघर्ष में चली गोली उसके बाएं पैर में लग गई। घायल आरोपित को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक जुलाई को शहर के एक कारोबारी की दुकान के शटर पर कुछ राउंड फायर किए गए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फायरिंग से पहले कारोबारी को रंगदारी की मांग को लेकर धमकी भरे फोन किए गए थे। शुरुआत में कारोबारी शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रहा था, लेकिन मामला कमिश्नरेट पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने स्वतः जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- OTT से फिल्म सतलुज हटाए जाने का SGPC ने किया विरोध, धामी बोले- इतिहास की सच्चाई नहीं दबेगी, तुरंत हटे रोक

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने जशनप्रीत सिंह और साजनप्रीत सिंह की पहचान कर उन्हें नामजद किया। दोनों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और विश्वसनीय सूचना मिलने पर मजीठा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
खबरें और भी
पुलिस के अनुसार, साजनप्रीत सिंह ने गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश की, जिसमें वह घायल हो गया। वहीं जशनप्रीत सिंह को पुलिस वाहन से अमृतसर लाया जा रहा था। मदन मोहन मालवीय मार्ग के पास अचानक एक पशु वाहन के सामने आ गया, जिससे वाहन की रफ्तार धीमी करनी पड़ी। इसी दौरान जशनप्रीत ने पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी और सरकारी कार्बाइन छीन ली।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में डैमेज कंट्रोल तेज, चंडीगढ़ पहुंचे भूपेश बघेल; 5 दिनों तक नेताओं से करेंगे अलग-अलग बैठक
एएसआई की सूझबूझ से टला हादसा
पुलिस का दावा है कि आरोपित ने कार्बाइन पुलिस टीम की ओर तानकर फायर करने का प्रयास किया। तभी एएसआई सतनाम सिंह ने तुरंत कार्बाइन की नाल नीचे कर दी। इसी दौरान संघर्ष में ट्रिगर दब गया और गोली जशनप्रीत के बाएं पैर में लग गई। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से पुलिस टीम पर संभावित बड़ा हमला टल गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि जशनप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत 260 ग्राम हेरोइन बरामदगी का मामला दर्ज है। इस घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 221, 132 और 304(2) के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एक और मामला दर्ज किया है।