बठिंडा पुलिस के ऑपरेशन प्रहार से अपराधियों में मची खलबली, 12 घंटे में 90 वांछित आरोपित गिरफ्तार
बठिंडा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 12 घंटे में 90 वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। पुलिस ने अ ...और पढ़ें

बठिंडा में चलाया गया सर्च ऑपरेशन।
HighLights
बठिंडा पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' में 90 वांछितों को पकड़ा।
यह अभियान अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाया गया।
अब तक 13 चरणों में 950 से अधिक अपराधी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बठिंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे में 90 वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के महानिदेशक और बठिंडा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर चलाए गए 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत जिलेभर में एक साथ की गई।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, कानून व्यवस्था को मजबूत करना और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है। SSP डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि अभियान तड़के तीन बजे शुरू किया गया और लगातार 12 घंटे तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में फरार चल रहे और वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में चोरों ने की एक दिन में तीन वारदातें, जेवर-नकदी पर हाथ किया साफ; घर के बाहर खड़ी कार भी चुराई
ऑपरेशन प्रहार के 13 चरण हुए पूरे
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के अब तक 13 चरण पूरे किए जा चुके हैं। इन अभियानों के दौरान 950 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 174 घोषित अपराधी और 400 से अधिक संगीन मामलों में वांछित आरोपित शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से अपराधियों पर दबाव बढ़ा है और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत अब तक 1030 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 1300 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 13 किलोग्राम हेरोइन और 13 लाख रुपये से अधिक की ड्रग मनी भी बरामद की है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- भूपेश बघेल के आने से पहले बदले पंजाब कांग्रेस के सियासी तेवर, एक मंच पर दिखे चन्नी-रंधावा समेत कई दिग्गज नेता
नेटवर्क तोड़ना है पूरा लक्ष्य
उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि नशा तस्करी और संगठित अपराध के पूरे नेटवर्क को तोड़ना भी है। इसके लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या नशा तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।