बठिंडा में चोरों ने की एक दिन में तीन वारदातें, जेवर-नकदी पर हाथ किया साफ; घर के बाहर खड़ी कार भी चुराई
बठिंडा में एक ही दिन तीन चोरी की घटनाओं से दहशत फैल गई। परिवार के घर से जेवर-नकदी चोरी, कार गायब और दिनदहाड़े गीजर चोरी होने के मामलों में पुलिस जांच ...और पढ़ें

घर में चोरी की नीयत से घुसा चोर सीसीटीवी में कैद हुआ।
HighLights
बठिंडा में एक ही दिन में तीन चोरी की घटनाएं।
रामबाग रोड पर परिवार को बेहोश कर लाखों की चोरी।
बसंत विहार से कार और अजीत रोड से गीजर चोरी।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की तीन अलग-अलग वारदातें सामने आईं। सबसे सनसनीखेज घटना रामबाग रोड पर हुई, जहां एक परिवार ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उन्हें कथित रूप से बेहोश कर घर से लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
इसके अलावा बसंत विहार क्षेत्र से एक कार चोरी हो गई, जबकि अजीत रोड पर दिनदहाड़े एक युवक मकान में घुसकर गीजर उखाड़कर ले गया। लगातार हुई इन घटनाओं ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
रामबाग रोड स्थित एक मकान में रहने वाले परिवार के अनुसार शनिवार रात सभी सदस्य कूलर चलाकर सोए थे। रविवार सुबह करीब छह बजे जब उनकी आंख खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखा सामान गायब था। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर करीब डेढ़ तोला सोना, आधा किलो चांदी, 12 से 13 हजार रुपये की नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' पर सियासत तेज, OTT से हटाने पर केंद्र सरकार से बात करेंगे केवल सिंह ढिल्लो

घर से सामान चुरा गेट फांदता चोर।
संदिग्ध पदार्थ से बेहोश किया परिवार
परिवार ने यह भी दावा किया कि चोरों ने कूलर में कोई बेहोशी वाला पदार्थ डाल दिया था, जिससे सभी सदस्य गहरी नींद में चले गए। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसकी जांच की जा रही है। पीड़ितों के अनुसार बदमाशों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली। यहां तक कि उन्होंने फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर भी पिया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे काफी देर तक घर के अंदर मौजूद रहे।
घर के बाहर खड़ी कार चोरी
दूसरी घटना बसंत विहार इलाके की है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी कार रोज की तरह घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठने पर कार वहां से गायब मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि वाहन चोरों तक पहुंचा जा सके।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- OTT से हटी फिल्म 'सतलुज', समर्थन-विरोध के बीच पंजाब में छिड़ी बहस; दिलजीत बोले- इंटरनेट से अब कोई हटा नहीं सकता
कुछ न मिला तो गीजर उठा ले गया चोर
तीसरी वारदात अजीत रोड की गली नंबर 20 में रविवार शाम करीब चार बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक मकान का गेट फांदकर अंदर घुसा और छत पर जाकर चोरी की नीयत से सामान तलाशने लगा। जब उसे कोई कीमती सामान नहीं मिला तो उसने बाथरूम में लगा गीजर उखाड़ लिया और मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोग हैरान रह गए।
एक ही दिन में चोरी की तीन घटनाएं सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में दिन और रात दोनों समय पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जानी चाहिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और संवेदनशील इलाकों में निगरानी भी मजबूत की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।