विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में 140 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, विदेश से जुड़े तार; सीमा पार नेटवर्क का खुला राज

Published: Sat, 01 Aug 2026 03:40 PM (IST)

पंजाब पुलिस की CIA ने अमृतसर में तस्कर को गिरफ्तार कर 20 किलो हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच में ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. अमृतसर में 20 किलोग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार।

  2. बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 140 करोड़ रुपये।

  3. आरोपी के तार सीमा पार के विदेशी हैंडलर से जुड़े।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इंटरनेशनल मार्केट में पकड़ी गई खेप की वल्यू तकरीबन 140 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

शुरुआती जांच में आरोपी के तार सीमा पार सक्रिय विदेशी हैंडलर और अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से पूरे नेटवर्क के कई अहम राज सामने आ सकते हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था।

जांच में पता चला है कि उसकी जिम्मेदारी भारत-पाकिस्तान सीमा के रास्ते आने वाली हेरोइन की खेप को प्राप्त करना और फिर उसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में तस्करों तक पहुंचाना था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था और कई खेपों की सप्लाई में उसकी भूमिका रही हो सकती है।

यह भी पढ़ें- ट्रक से टकराते ही आग का गोला बनी स्कूटी, फतेहगढ़ साहिब में जिंदा जल गए दो लोग; जांच शुरू

इंटरनेशनल नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ, अमृतसर थाने में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके विदेशी हैंडलरों, स्थानीय संपर्कों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध पहले पकड़े गए किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह से तो नहीं है। पुलिस इस पूरे मॉड्यूल की वित्तीय गतिविधियों, संपर्क सूत्रों और तस्करी के तरीकों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार, जालंधर पुलिस ने मारा छापा; तीन युवतियों सहित चार गिरफ्तार

आने वाले दिनों के गिरफ्तारियां संभव

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार से संचालित नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों, उनके सहयोगियों और विदेशी हैंडलरों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना प्राथमिकता है। इसके लिए आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और आने वाले दिनों में इस मामले में अन्य लोगों की गिरफ्तारी से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस का कहना है कि राज्य को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। 

यह भी पढ़ें- हादसे का कारण नशा या टूटी सड़क! जालंधर में सड़क किनारे बैठे मजदूरों को बेकाबू कार ने कुचला, 3 घायल