Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भट्टल के बयान पर पूर्व धालीवाल का पलटवार; बोले- कुर्सी के लिए कांग्रेस ने पंजाब को आग में झोंका

    Updated: Thu, 29 Jan 2026 02:55 PM (IST)

    आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्टल के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। भट्टल ने स्वीकार किया था कि मुख्यमंत्री रहत ...और पढ़ें

    पूर्व मंत्री व विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल।

    पूर्व मंत्री व विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल।

    HighLights

    1. धालीवाल ने भट्टल के बम धमाके वाले बयान पर आपत्ति जताई।

    2. भट्टल ने स्वीकार किया था कि सत्ता के लिए बम धमाकों का सुझाव मिला।

    3. धालीवाल ने उच्च स्तरीय जांच और अधिकारियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।

    जागरण संवाददाता, अमृतसर। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिंदर कौर भट्टल के हालिया बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भट्टल का बयान न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि पंजाब के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक भी है, जिसे देश-विदेश में बसे हर पंजाबी को गंभीरता से लेना चाहिए।

    कुलदीप धालीवाल ने कहा कि भट्टल ने अपने बयान में यह स्वीकार किया है कि जब वह मुख्यमंत्री थीं, उस दौरान कुछ अफसरों और सलाहकारों ने सुझाव दिया था कि यदि पंजाब की बसों, रेलों और सार्वजनिक स्थानों पर बम धमाके करवाए जाएं, तो कांग्रेस की सरकार दोबारा बन सकती है। धालीवाल ने कहा कि यह बयान इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि कांग्रेस ने सत्ता की लालसा में पंजाब के अमन-चैन को दांव पर लगाया।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में दलित वोट बैंक को साधने की बीजेपी की नई रणनीति, एक फरवरी को डेरा बल्लां का दौरा करेंगे PM मोदी

    1980 से 90 तक काले दौर से गुजरा पंजाब

    उन्होंने कहा कि 1980 और 1990 के दशक में पंजाब ने जो काला दौर देखा, उसकी जड़ें इसी तरह की साजिशों में छिपी हैं। उस दौर में हजारों नौजवान मारे गए, असंख्य परिवार उजड़ गए और आज भी कई बेगुनाह जेलों में बंद हैं। धालीवाल ने कहा कि वह खुद भी उस काले दौर के पीड़ित रहे हैं और उनके गांव में भी कई लोगों की जान गई थी।

    आम आदमी पार्टी नेता ने भट्टल से सीधा सवाल किया कि यदि उस समय इस तरह की खतरनाक सलाह देने वाले अफसर और सलाहकार मौजूद थे, तो आज तक उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि यदि भट्टल वास्तव में पंजाब से प्रेम करती हैं और खुद को देशभक्त परिवार की वारिस मानती हैं, तो उन्हें उन अफसरों के नाम जनता के सामने लाने चाहिए।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- आतंकवाद का मुकाबला करने वाले वामपंथी नेता जसपाल सिंह का देहांत; पैतृक गांव कोट धर्मचंद में हुआ अंतिम संस्कार

    धालीवाल ने उठाई जांच की मांग

    धालीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के हालिया बयानों से भी यह साफ होता है कि उस दौर में किस तरह नौजवानों को पेश करवा कर मारा गया और सच्चाई को वर्षों तक दबाया गया। उन्होंने कहा कि 30–35 साल बाद कांग्रेस नेताओं को सच्चाई याद आना, पंजाबियों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

    2017 की विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए धालीवाल ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने की चर्चा थी, उसी दौरान मौर बम धमाका हुआ और बाद में कांग्रेस की सरकार बन गई। उन्होंने इसे महज इत्तफाक नहीं, बल्कि एक कड़ी बताते हुए इसकी गहन जांच की मांग की।

    अंत में धालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मांग की कि भट्टल के बयान की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि पंजाब के काले दौर की सच्चाई जनता के सामने आ सके। साथ ही उन्होंने पंजाबियों से अपील की कि वे कांग्रेस के असली चेहरे को पहचानें और अमन-चैन से खिलवाड़ करने वाली ताकतों से सतर्क रहें।

    यह भी पढ़ें- आतंकवाद का मुकाबला करने वाले वामपंथी नेता जसपाल सिंह का देहांत; पैतृक गांव कोट धर्मचंद में हुआ अंतिम संस्कार