विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर के सैन्य ठिकानों पर खतरा! पाकिस्तान से आतंकी शहजाद भट्‌टी नेटवर्क की साजिश का इनपुट, बढ़ी सुरक्षा

Updated: Mon, 24 Aug 2026 11:36 AM (IST)

अमृतसर के सैन्य ठिकानों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को पाकिस्तान स्थित आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क की साजिश का इनपुट मिला है। खासा छावनी और बुड्ढा थेह में सुरक्षा बढ़ाई गई है।

पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्‌टी।

पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्‌टी।

HighLights

  1. अमृतसर सैन्य ठिकानों पर आतंकी शहजाद भट्टी नेटवर्क से खतरा।

  2. खुफिया इनपुट के बाद खासा छावनी, बुड्ढा थेह की सुरक्षा बढ़ी।

  3. पाकिस्तान से राणा भाई, मलिक द्वारा रेकी की आशंका।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खुफिया इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान में मौजूद आतंकी-गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क की ओर से अमृतसर के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की संभावित साजिश की जानकारी मिली है। इनपुट सामने आने के बाद संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

खुफिया जानकारी में पाकिस्तान में मौजूद दो कथित ऑपरेटिव राणा भाई और मलिक के नाम सामने आए हैं। इनके माध्यम से सैन्य ठिकानों की कथित रेकी किए जाने की बात कही गई है। खास तौर पर खासा छावनी और ब्यास के पास स्थित बुड्ढा थेह सैन्य ठिकाने को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ाई है। हालांकि, एजेंसियां इन सूचनाओं की जांच कर रही हैं और इनपुट की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें- वर्दी पहनाकर भेजा था, तिरंगे में लौटा बेटा; लोहरदगा के सेना जवान का ड्यूटी के दौरान पंजाब में निधन

खासा छावनी के पास पहले भी हुआ था धमाका

अमृतसर के सैन्य ठिकानों को लेकर सामने आया ताजा इनपुट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी वर्ष 5 मई को खासा छावनी की बाहरी दीवार के पास कम तीव्रता का धमाका हुआ था। पंजाब पुलिस के अनुसार, इस घटना में आइईडी का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, अभी तक मई में हुए धमाके और शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े ताजा इनपुट के बीच कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में बेजुबानों के साथ क्रूरता, बंद मकान से बदहाल हालत में बचाए गए 3 कुत्ते और 1 बंदर

सीमा पार नेटवर्क पर एजेंसियों की नजर

सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान से संचालित आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। आशंका है कि ऐसे नेटवर्क पंजाब में स्थानीय मदद के जरिये हथियारों की आपूर्ति, नए लोगों की भर्ती और लक्षित हिंसा की कोशिश कर सकते हैं।

शहजाद भट्टी का नाम सीमा पार आतंकी गतिविधियों और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में सामने आता रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क से जुड़े मामलों की जांच कर रही हैं। फिलहाल खासा छावनी, बुड्ढा थेह और अन्य संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- पूर्व सीएम चन्नी का पेपर देते फोटो हुआ वायरल, कटघरे में पीयू प्रशासन; परीक्षा रद्द करने की मांग