तरनतारन के पहुविंड गोलीकांड में नया मोड़, दोनों मृतकों को पुलिस ने किया नामजद; प्रदर्शन से पहले क्रॉस केस दर्ज
पहुविंड गोलीबारी में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज किया है। दोनों मृतकों को भी नामजद किया गया है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
तरनतारन गोलीकांड में मृतकों पर भी क्रॉस केस दर्ज।
डेढ़ किल्ला जमीन विवाद में हुई थी दो मौतें।
पुलिस ने प्रदर्शन से पहले दर्ज किया नया मामला।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। डेढ़ किल्ला जमीन को लेकर तरनतारन के गांव पहुविंड में 15 अगस्त को हुई गोलीबारी के मामले में नया मोड़ आ गया है। गोलीबारी में जान गंवाने वाले शिअद समर्थक निर्मल सिंह के बेटे रणदीप सिंह राणा के बयानों पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है। खास बात यह है कि इस मामले में गोलीबारी में मारे गए आप समर्थक सुखराज सिंह राजू को भी नामजद किया गया है।
इससे पहले दर्ज प्राथमिकी में निर्मल सिंह को भी नामजद किया गया था। मामले को लेकर सोमवार को निर्मल सिंह के शव को रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी थी। पुलिस ने इससे पहले ही रणदीप सिंह राणा के बयान दर्ज कर क्रॉस केस दर्ज कर लिया।
थाना भिखीविंड में दर्ज एफआईआर में सुखराज सिंह राजू, उनकी पत्नी राजविंदर कौर, बेटे हरनूर सिंह के अलावा जुगराज सिंह जग्गा, परनिंदर सिंह, बलजिंदर सिंह, धीरजपाल सिंह, सुखपाल सिंह और दिलबाग सिंह समेत छह अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।
यह भी पढ़ें- लव मैरिज के बाद मामूली बहस से बिगड़ी बात, पटियाला में ससुराल और मायके पक्ष में खूनी झड़प; तीन गंभीर घायल
दोनों मृतकों के नाम एफआईआर में
गोलीबारी में निर्मल सिंह और सुखराज सिंह राजू दोनों की मौत हुई थी। पुलिस द्वारा दोनों मृतकों को ही अलग-अलग पक्षों की प्राथमिकी में नामजद किए जाने के बाद मामला चर्चा में है। उप पुलिस अधीक्षक अतुल सोनी का कहना है कि दोनों की गोलीबारी में मौत हुई है। स्वजनों के बयानों के आधार पर मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि चालान पेश करते समय दोनों मृतकों के मृत्यु प्रमाणपत्र भी रिकॉर्ड में लगाए जाएंगे। प्राथमिकी में नामजद सभी लोगों की भूमिका की जांच होगी और जिनकी संलिप्तता सामने आएगी, उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कोर्ट के फैसलों पर पंजाब सरकार का सख्त रुख, वित्त विभाग ने जारी की नई गाइडलाइन; मंजूरी होगी जरूरी
सुरक्षा नहीं मिलने का दावा
रणदीप सिंह राणा ने आरोप लगाया कि डेढ़ किल्ला जमीन पर उनका कब्जा है और सुखराज सिंह राजू उस पर अपना हक जताते थे। उन्होंने दावा किया कि पहले भी फसल को नुकसान पहुंचाने की घटना हुई थी। राणा के अनुसार परिवार ने सुरक्षा के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया था और अदालत ने सुरक्षा के आदेश दिए थे, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिली। इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि दोनों पक्षों के बयानों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका सामने आने के बाद ही गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
