'थोड़ी-सी पी है'... पुलिसकर्मी का जवाब सुन भड़के लोग, अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर चढ़ी PCR गाड़ी
अमृतसर में एक पुलिसकर्मी की सरकारी गाड़ी रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू हुई। अधिकारी ने दोषी मिलने पर सख्त कार्रवाई की बा ...और पढ़ें
HighLights
अमृतसर में पुलिसकर्मी ने नशे में पीसीआर वाहन रेलवे ट्रैक पर चढ़ाया।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी ने शराब पीने की बात स्वीकारी।
पुलिस प्रशासन ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। शहर के भगतांवाला फाटक के पास एक पुलिस प्रतिक्रिया वाहन अचानक रेलवे ट्रैक पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि वाहन चला रहा पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और इसी कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और सामाजिक माध्यमों पर भी वायरल हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय पुलिस का वाहन भगतांवाला रेलवे फाटक पार करते हुए सीधे रेलवे पटरियों पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने जब यह देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने वाहन के अंदर बैठे पुलिसकर्मी से पूछा कि वह गाड़ी रेलवे ट्रैक पर कैसे ले आया। वीडियो में पुलिसकर्मी खुद यह कहते हुए सुनाई देता है कि
थोड़ी-सी ही पी है, इधर की तरफ जाना है। (सामने की तरफ इशारा करते हुए)
यह भी पढ़ें- अमृतसर में चन्नी के खिलाफ लगे पोस्टरों से मचा सियासी बवाल, कांग्रेस की अंदरूनी कलह फिर आई खुलकर सामने
पुलिसकर्मी ने वीडियो में मानी गलती
वायरल वीडियो में रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच पुलिस का वाहन खड़ा दिखाई देता है। वाहन के अंदर बैठा पुलिसकर्मी अपना नाम बलविंदर सिंह बताता है और मानता भी है कि उसने ड्यूटी पर पी रखी है। आसपास मौजूद लोग उससे सवाल-जवाब करते हैं और उसकी हालत देखकर नाराजगी भी जताते हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उनका कहना था कि यदि उसी समय रेलवे ट्रैक से कोई ट्रेन गुजर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेलवे और सड़क यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी वाहन को रेलवे ट्रैक से हटवाया और स्थिति को सामान्य कराया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- LIVE: पंजाब विधानसभा सत्र का तीसरा दिन, संशोधन विधेयक पर हंगामा, गनीव मजीठिया की टिप्पणियां हटीं
विभागीय जांच शुरू
सूचना मिलते ही अन्नगढ़ चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को शांत कराया और वाहन चला रहे पुलिसकर्मी को अपने साथ ले गए। इसके बाद पूरे मामले की विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई।
उधर, एडीसीपी-एक विशालजीत सिंह ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में संबंधित सहायक उप निरीक्षक दोषी पाया जाता है तो विभागीय नियमों के अनुसार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या नशे की स्थिति में वाहन चलाने जैसी हरकत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।