Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संजीव अरोड़ा गिरफ्तारी पर बठिंडा में भिड़े भाजपा और आप कार्यकर्ता, BJP कार्यालय के बाहर माहौल बना तनावपूर्ण

    Updated: Sun, 10 May 2026 03:14 PM (GMT+05:30)

    बठिंडा में मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा कार्यालय बाहर प्रदर्शन के दौरान आप और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों मे ...और पढ़ें

    आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोकते हुए पुलिस।

    आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोकते हुए पुलिस।

    HighLights

    1. बठिंडा में भाजपा और आप कार्यकर्ता आपस में भिड़े।

    2. संजीव अरोड़ा की ईडी गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन।

    3. पुलिस ने हस्तक्षेप कर तनावपूर्ण स्थिति को संभाला।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को बठिंडा में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया। आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा कार्यालय के बाहर किए गए प्रदर्शन के दौरान भाजपा और आप कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी, बहस और धक्का-मुक्की के कारण मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

    हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और सुरक्षा घेरा बनाकर दोनों पक्षों को अलग किया गया। आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर थे तथा वे केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

    दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यालय के बाहर एकत्रित हो गए और उन्होंने भी जवाबी नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

    यह भी पढ़ें- ब्लिंकर लाइटें देख ASI ने मोहाली में रोकी AAP विधायक की कार, कटा चलान; लाइव हो कर डिंपी को रखना पड़ा पक्ष

    Bhatinda BJP

    आप के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यकर्ता।

    भाजपा समर्थकों ने आप के प्रदर्शन का किया विरोध

    स्थिति उस समय और अधिक गरमा गई जब कुछ आप कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। भाजपा समर्थकों ने इसका विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत दोनों गुटों के बीच मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई और कुछ देर तक अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस की सतर्कता और हस्तक्षेप के चलते किसी बड़े टकराव को टाल दिया गया।

    प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात रहा। पुलिस अधिकारी लगातार दोनों पक्षों को शांत रहने की अपील करते रहे। काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा, लेकिन बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई।

    यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में पांच दिनों से हड़ताल पर सफाई कर्मचारी, सड़कों पर में बने कूड़े के पहाड़

    आप ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

    विरोध प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने के आरोप लगाए। विधायक बलकार सिद्धू ने कहा कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव बनाकर अपनी पार्टी में शामिल करवाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सत्ता हासिल करने की राजनीति का हिस्सा है।

    खबरें और भी

    विधायक जगरूप गिल ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी के जरिए विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने “जब-जब मोदी डरता है, ईडी आगे करता है” जैसे नारे भी लगाए। नेताओं ने कहा कि पंजाब के लोग हर प्रकार के दबाव और अन्याय का सामना करना जानते हैं।

    प्रदर्शन में विधायक मास्टर जगसीर सिंह, विधायक सुखवीर सिंह माइसर खाना, शुगरफेड पंजाब के चेयरमैन एडवोकेट नवदीप सिंह जीदा, पार्टी प्रवक्ता नील गर्ग, चेयरमैन बलकार सिंह भोखड़ा और पूर्व मेयर पदमजीत मेहता सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    भाजपा ने आप के खिलाफ जताया रोष

    दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी आम आदमी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा जिला प्रधान सरूप सिंगला ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और अब अपने नेताओं पर हो रही कार्रवाई से बचने के लिए राजनीतिक ड्रामा कर रही है। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्रवाई कानून के अनुसार हो रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक रंग देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

    सरूप सिंगला ने आरोप लगाया कि जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं, उनके समर्थन में सड़क पर उतरना यह साबित करता है कि आम आदमी पार्टी सच्चाई से ध्यान हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता जांच एजेंसियों पर दबाव बनाने और सहानुभूति हासिल करने के लिए इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- रूस-यूक्रेन युद्ध का शिकार हुआ पंजाब का लाल, एजेंटों के चंगुल में फंसकर गंवाई जान; मौत के 9 महीने बाद भारत पहुंचा शव