बठिंडा में नशा तस्करी के आरोपी की अवैध इमारत पर चला बुलडोजर; अभियान में अब तक 14 निर्माण ढहाए
बठिंडा में नशे के आरोपी की अवैध इमारत को प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया। युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत अब तक 14 अवैध निर्माण ढहाए जा चुके हैं और ...और पढ़ें

नशा तस्करी के आरोपित की अवैध बिल्डिंग के खिलाफ की गई कार्रवाई।
HighLights
बठिंडा में नशा तस्कर जिशन अली की अवैध इमारत ध्वस्त।
'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान में अब तक 14 निर्माण गिराए।
3087 आरोपी गिरफ्तार, 14 करोड़ की संपत्ति जब्त।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब सरकार के अभियान “युद्ध नशे के विरुद्ध” के तहत जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में वीरवार को बठिंडा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में नशा तस्करी के एक आरोपी की अवैध रूप से बनाई गई इमारत को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह इमारत जिशन अली उर्फ कैप्सूल पुत्र मोहम्मद शाह निवासी गली नंबर 16/1 धोबियाना बस्ती बठिंडा द्वारा गैरकानूनी ढंग से बनाई गई थी। इस मामले में सक्षम प्राधिकरण की ओर से पहले ही इमारत को गिराने के आदेश जारी किए गए थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस सुरक्षा भी उपलब्ध करवाई गई।
डिप्टी कमिश्नर कम मजिस्ट्रेट के निर्देशों के अनुसार सिविल प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के समय क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
यह भी पढ़ें- क्या अब Train में घर से ले जाना होगा खाना? गैस संकट से Railways की पैंट्री सेवा प्रभावित
नोटिस को बार-बार किया गया नजरअंदाज
सिविल प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि आरोपित को कई बार नोटिस जारी कर इस अवैध कब्जे को हटाने और स्थान खाली करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद कब्जाधारक ने प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज किया। बार बार नोटिस देने के बाद भी जब जगह खाली नहीं की गई तो प्रशासन को मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।
खबरें और भी
अधिकारियों ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले में बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत सिविल प्रशासन और बठिंडा पुलिस के सहयोग से अब तक जिले में 14 अवैध रूप से बनाई गई इमारतों को गिराया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- जज किराये के मकानों में क्यों रहे? DC-SSP के आवास खाली क्यों न करवा लिए जाए; हाईकोर्ट का पंजाब सरकार से सवाल
3 हजार से अधिक आरोपित गिरफ्तार
इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक नरिंदर सिंह ने बताया कि बठिंडा पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक नशे के खिलाफ अभियान के तहत 2116 मामले दर्ज किए हैं और 3087 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तार लोगों में 84 बड़े तस्कर भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक नशा तस्करी से जुड़े 85 आरोपितों की लगभग 14 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त करवाई जा चुकी है।
बठिंडा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार हो रहा है तो इसकी सूचना सरकार की नशा विरोधी सहायता संख्या 97791 00200 या बठिंडा पुलिस की सहायता संख्या 91155 02252 पर दी जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब के कपूरथला में बड़ी वारदात, NRI के घर से 45 तोले सोना और लाखों की नकदी साफ