जस्सी हत्याकांड में 4 दिन बाद भी पति लापता, परिवार ने संस्कार से किया इंकार; बठिंडा में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
बठिंडा के जस्सी बागवाली हत्याकांड में मुख्य आरोपित पति की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर धरना दिया। परिवार ने स्पष्ट किया कि गिरफ्ता ...और पढ़ें

सड़क पर बैठ प्रदर्शन करते हुए परिजन।
HighLights
बठिंडा में विवाहिता गुरमीत कौर की गोली मारकर हत्या।
मुख्य आरोपी पति चार दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से बाहर।
परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा के थाना संगत क्षेत्र के गांव जस्सी बागवाली में विवाहिता गुरमीत कौर की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपित पति की गिरफ्तारी न होने से परिजनों का गुस्सा बढ़ गया है। घटना के चार दिन बाद भी आरोपित के पुलिस गिरफ्त से बाहर रहने पर रविवार को परिजनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भगवान वाल्मीकि चौक पर धरना देकर सड़क जाम कर दी।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले में अपेक्षित तेजी से कार्रवाई नहीं की जा रही है। धरने में जिला कांग्रेस कमेटी, शिवसेना तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मृतका के परिजनों ने साफ कहा कि जब तक मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक गुरमीत कौर का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। फिलहाल शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में सल्फास निगलने से पहले युवक ने बनाया Video, जांच में जुटी पुलिस; स्वर्णकार पर लगे आरोप
पत्नी ने दी थी पुलिस में शिकायत
मृतका की मां रानी कौर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने करीब 15 दिन पहले एसएसपी को लिखित शिकायत देकर पति से जान का खतरा होने की आशंका जताई थी। शिकायत जांच के लिए संबंधित थाना पुलिस को भेजी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन भी गुरमीत कौर को पुलिस चौकी से बयान दर्ज कराने के लिए फोन आया था। उनका आरोप है कि यदि शिकायत पर समय पर कार्रवाई होती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी।
खबरें और भी
नशे का आदी था पति
परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपित मनजीत सिंह नशे का आदी था और अक्सर गुरमीत कौर से रुपये मांगता था। रुपये नहीं मिलने पर वह कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकियां देता था। परिवार ने आशंका जताई कि आरोपित से अब भी अन्य परिजनों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजन गर्ग ने भी कहा कि मुख्य आरोपित अभी तक फरार है और उसकी गिरफ्तारी में देरी चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर पति मनजीत सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपितों में सुखदेव सिंह, सुखपाल सिंह, सुखबीर कौर, अवतार सिंह और दलजीत सिंह भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- गठबंधन की अटकलों के बीच सीएम सैनी का बड़ा बयान, पठानकोट में बोले- पंजाब में भाजपा का साथ सिर्फ जनता के साथ
पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपित फरार हैं और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार मामला लंबे समय से चले आ रहे घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक गुरमीत का करीब 14 वर्ष पहले मनजीत से विवाह हुआ था, लेकिन दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और वह कुछ समय से अलग रह रही थी।
आरोप है कि घटना वाले दिन जब गुरमीत कौर अपनी मां के साथ स्कूटी पर जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल सवार आरोपितों ने उनका रास्ता रोक लिया। शिकायत के अनुसार मनजीत सिंह ने उन पर गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।