पंजाब भाजपा में असंतोष सुलझाने पहुंचे बीएल संतोष, नेताओं से लेंगे फीडबैक; अकाली दल गठबंधन पर भी होगी रायशुमारी
पंजाब भाजपा में नई टीम के बाद सामने आए असंतोष को लेकर बीएल संतोष दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। ...और पढ़ें

पंजाब दौरे पर पहुंचे बीएल संतोष सीनियर नेताओं के साथ।
HighLights
बीएल संतोष पंजाब भाजपा में असंतोष थामने के लिए दौरे पर।
विभिन्न जोन के नेताओं से संगठन की जमीनी स्थिति पर फीडबैक।
अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन पर भी नेताओं से चर्चा।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब भाजपा की नई टीम के गठन के बाद सामने आए असंतोष को थामने और संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष दो दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंच गए। मोहाली पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पंजाब के सह प्रभारी सरदार नरेंद्र सिंह रैना ने उनका स्वागत किया।
संतोष दो दिनों में अलग-अलग जोन के नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगे। बीएल संतोष सोमवार को पटियाला और बठिंडा जोन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मंगलवार को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जोन के नेताओं से संवाद करेंगे।
बैठकों में संबंधित क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं और संगठन पदाधिकारियों से पार्टी की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। साथ ही नेताओं की शिकायतों और सुझावों को भी सुना जाएगा।
यह भी पढ़ें- अमृतसर के सैन्य ठिकानों पर खतरा! पाकिस्तान से आतंकी शहजाद भट्टी नेटवर्क की साजिश का इनपुट, बढ़ी सुरक्षा
नई टीम के बाद बढ़ी अंदरूनी खींचतान
पंजाब भाजपा की नई संगठनात्मक टीम घोषित होने के बाद कुछ नेताओं में नाराजगी की चर्चा सामने आई है। कई नेता अपेक्षित जिम्मेदारी नहीं मिलने और नए चेहरों को संगठन में अधिक महत्व दिए जाने से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। ऐसे में संतोष का दौरा पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को कम करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह नेताओं से सीधे संवाद कर असंतोष के कारणों को समझने का प्रयास करेंगे।
विधानसभा चुनाव की तैयारी पर नजर
बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा होगी। संतोष विधानसभा क्षेत्रवार संगठन की स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की जानकारी ले सकते हैं। भाजपा का प्रयास है कि चुनाव से पहले संगठन को एकजुट कर कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय किया जाए।
यह भी पढ़ें- वर्दी पहनाकर भेजा था, तिरंगे में लौटा बेटा; लोहरदगा के सेना जवान का ड्यूटी के दौरान पंजाब में निधन
शिअद से गठबंधन पर भी फीडबैक
पंजाब भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन का मुद्दा भी संतोष की बैठकों में अहम रह सकता है। शिअद की ओर से भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन को लेकर संकेत दिए जाते रहे हैं, जबकि भाजपा पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। ऐसे में संतोष अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं से गठबंधन को लेकर जमीनी राय भी जानेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।