न्यू चंडीगढ़ जमीन सौदों पर ईडी सख्त, गमाडा मुख्य प्रशासक को भेजा समन; पीएसपीसीएल के सीएमडी सोमवार होंगे पेश
न्यू चंडीगढ़ की जमीन खरीद और मास्टर प्लान बदलाव से जुड़े मामलों में ईडी ने जांच तेज कर दी है। गमाडा के मुख्य प्रशासक और पीएसपीसीएल प्रमुख को समन जारी ...और पढ़ें

सोमवार को पीएसपीसीएल के सीएमडी ईडी के समक्ष होंगे पेश।
HighLights
ईडी ने न्यू चंडीगढ़ जमीन सौदों की जांच तेज की।
गमाडा मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को समन जारी।
मास्टर प्लान बदलाव से बिल्डरों को फायदा पहुंचाने का आरोप।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। न्यू चंडीगढ़ में बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और जमीन अधिग्रहण से जुड़े सौदों की जांच अब तेज हो गई है। इको सिटी-3 समेत मुल्लांपुर क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं के लिए खरीदी गई जमीनों के रिकार्ड खंगालते हुए एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) ने ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को समन जारी किया है।
एजेंसी जमीन खरीद, मास्टर प्लान में बदलाव और बिल्डरों को कथित लाभ पहुंचाने के आरोपों की जांच कर रही है। यह समन बीती 8 और 9 मई को मोहाली, खरड़, न्यू चंडीगढ़ और चंडीगढ़ में रियल एस्टेट कंपनियों के 12 ठिकानों पर हुई छापेमारी के बाद जारी किया गया।
ईडी की जांच सनटेक इंडियन कोआपरेटिव हाउसिंग बिल्डिंग सोसायटी, अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड समेत कई कंपनियों तक पहुंची है। एजेंसी को संदेह है कि न्यू चंडीगढ़ मास्टर प्लान के तहत कुछ जमीनों के उपयोग में बदलाव कर निजी बिल्डरों को फायदा पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- NRI पंजाबियों के वोट बचाने की मांग, सांसद मलविंदर कंग ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र
मोहाली तहसील से जमीनों के रिकॉर्ड खंगाले
जांच के दौरान एजेंसी की टीमें माजरी तहसील कार्यालय पहुंचीं और मोहाली जिले के कई तहसील कार्यालयों से जमीन से जुड़े रिकाॅर्ड मांगे। जमाबंदी, इंतकाल, बिक्री विलेख और रजिस्ट्री दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। खास तौर पर इको सिटी-3, लो-डेंसिटी हाउसिंग प्रोजेक्ट और कमर्शियल कॉरिडोर से जुड़ी जमीन खरीद को लेकर फाइलें जांच के दायरे में हैं।
खबरें और भी
बताया जा रहा है कि कुछ भूखंड पहले मिक्स्ड लैंड यूज (एमएलयू) श्रेणी में थे, जिन्हें बाद में मास्टर प्लान में बदलाव कर रिहायशी उपयोग के लिए नीलाम किया गया। आरोप है कि इस प्रक्रिया से बड़े बिल्डरों को हाईराइज प्रोजेक्ट विकसित करने का लाभ मिला और सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ। मार्च में भी गमाडा के मास्टर प्लान में कथित बदलाव को लेकर सवाल उठे थे।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर में हिरासत से भागे हवालाती व पुलिसकर्मी की हाथापाई का CCTV आया सामने, चाकू से हमला करता दिखा
प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ी
इसी बीच, पंजाब के एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और पीएसपीसीएल के सीएमडी बसंत गर्ग को भी ईडी ने समन जारी किया है। उन्हें सोमवार को एजेंसी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच रही जांच ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
पंजाब में जमीन और शहरी विकास परियोजनाओं से जुड़े मामलों में केंद्रीय एजेंसी की बढ़ती सक्रियता को बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। संदीप कुमार से पूछताछ के बाद यह साफ हो सकेगा कि न्यू चंडीगढ़ की जमीन खरीद और मास्टर प्लान बदलाव में किन स्तरों पर फैसले लिए गए।